- Hindi News
- National
- Rewari News Haryana News Union Minister Said Now Work Will Be Started In Two Days To Build Underpass At Dhamlawas On Nh 11
केंद्रीय मंत्री बोले- अब दो दिन में शुरू होगा एनएच-11 पर धामलावास में अंडरपास बनाने का काम
रेवाडी-नारनौल मार्ग पर धामलावास गांव के नजदीक जल्द ही अंडरपास के निर्माण का कार्य शुरू हो जाएगा। शुक्रवार को केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत के निर्देश पर एनएचएआई के अधिकारियों ने धामलावास अंडरपास के निर्माण को मंजूरी देते हुए दो दिन में इसके निर्माण को शुरू करने का आश्वासन ग्रामीणों को दिया। रेवाड़ी स्थित केंद्रीय मंत्री के आवास पर शुक्रवार को एनएचएआई के अधिकारियों के निर्देश पर पहुंचे ठेकेदार ने केंद्रीय मंत्री के राजनैतिक सचिव रवि यादव व धामलावास के ग्रामीणों के साथ हुई बैठक में बताया कि दो दिन के अंदर अंडरपास के निर्माण का काम शुरू करने के निर्देश उन्हें एनएचएआई अधिकारियों की ओर से मिले हैं।
केंद्रीय मंत्री राव ने बताया कि उन्होंने ग्रामीणों की समस्या को केंद्रीय सडक परिवहन मंत्री नितिन गडकरी के समक्ष रखा था। जिसके बाद उन्होंने अधिकारियों को मौके का सर्वे करने के निर्देश दिए थे। सर्वे व तकनीकी रिपोर्ट एनएचएआई के अधिकारियों ने मंत्रालय को भेजी थी।
रिपोर्ट में गांव से कुछ ही दूरी पर एक और अंडरपास के निर्माण की बात अधिकारियों की ओर से दी गई थी। रेवाड़ी-नारनौल मार्ग के राष्ट्रीय राजमार्ग बनने की घोषणा के बाद से ही इस पर वाहनों की गति को बढाने व उचित स्थान पर अंडरपास व फ्लाईओवर बनाने को सर्वे का काम किया गया था। वाहनों की गति को नियंत्रित रखने व लोगों की सुरक्षित यात्रा को देखते हुए तकनीकी आधार पर जगह-जगह अंडरपास व फ्लाईओवर के निर्माण को अनुमति नहीं दी जाती है।
22 फरवरी से चल रहा धरना : निर्माणाधीन राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 11 पर गांव धामलावास में अंडरपास बनवाने की मांग पर ग्रामीण अड़े रहे। 22 फरवरी से इसके लिए धरना शुरू किया गया था। शुक्रवार को भी ग्रामीण धरने पर बैठे तथा अंडरपास की मांग की। अब एनएचएआई के अधिकारियों द्वारा पुख्ता आश्वासन दिए जाने के बाद राहत की सांस ली है।
केंद्रीय मंत्री गडकरी आएंगे रेवाड़ी
राव ने कहा है कि लोगों को यातायात की बेहतर सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए केंद्र व प्रदेश सरकार प्रयासरत है कि लेकिन लोगों को भी तकनीकी कारणों को समझना पडेगा। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास है कि यहां के लोगों को बेहतर सड़कों की सुविधाएं मिलें। इस दिशा में जल्द ही केंद्रीय सडक परिवहन मंत्री नितिन गडकरी रेवाड़ी आकर विभिन्न सड़क परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे। उन्होंने कहा कि बजट सत्र के बाद गडकरी के रेवाड़ी आने की संभावना है।