होली में करें कुदरती रंगों का इस्तेमाल: एसडीएम
होली परस्पर प्रेम व सांप्रदायिक सद्भाव का पर्व है। अपने पुराने वैरभाव व मतभेद भुलाकर एक-दूसरे से गले मिलें, तिलक करें, मिठाई खिलाएं और होली की खुशियों को ऐसे मिश्रित कर दें, जैसे रंग एक-दूसरे में मिल जाते हैं। कुदरती रंगों का इस्तेमाल करें और पानी व्यर्थ न बहाएं।
यह बात एसडीएम संदीप कुमार ने कही। वे सोमवार को उपमंडल कार्यालय परिसर में कार्यरत कर्मचारियों को होली अवसर पर संबोधित कर रहे थे। उन्होंने होली के पावन पर्व पर कर्मचारियों एवं अधिकारियों को पारदर्शिता व ईमानदारी के साथ लोगों के कार्य किए जाने का संकल्प लिए जाने का आह्वान भी किया। एसडीएम संदीप कुमार ने सोमवार को उपमंडल कार्यालय परिसर में स्थित विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ होली का पर्व मनाया। उन्होंने कहा कि हम सब परिवार का हिस्सा हैं। उन्होंने कहा कि धुलंडी फाग के दिन पानी को व्यर्थ न बहाएं। आने वाले जीवन के लिए जल का संरक्षण बेहद जरूरी है। एसडीएम ने कर्मचारियों एवं अधिकारियों का आह्वान किया कि वे होली के इस पावन पर्व पर संकल्प लें कि आमजन की समस्याओं को तत्परता से निपटाएंगे और पूरी ईमानदारी एवं निष्ठा से कार्य करेंगे। इस अवसर पर उपमंडल रोजगार अधिकारी पंकज, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के निरीक्षक रूपेश धायल, धर्मबीर सिंह, अश्वनी शर्मा, नवीन पंघाल, दीपक कुमार, शुभम आदि उपस्थित थे।