- Hindi News
- National
- Jind News Haryana News Vehicle Drivers Will Not Have To Cover 7 Km Additional Distance 2 Robs Will Be Ready On The Old Bypass In April
वाहन चालकों को नहीं तय करनी पड़ेगी 7 किमी. अतिरिक्त दूरी, अप्रैल में पुराने बाईपास पर तैयार हो जाएंगे 2 आरओबी
रोहतक-भिवानी की अाेर से शहर में आवागमन करने वाले वाहन चालकों के लिए अच्छी खबर है। अप्रैल के बाद उन्हें शहर में आवागमन के दौरान 7 किलोमीटर की अतिरिक्त दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी। क्योंकि शहर के पुराने बाईपास पर जेल के पास जींद-पानीपत रेलवे लाइन फाटक पर बन रहे आरओबी (रेलवे ओवर ब्रिज) का निर्माण कार्य अब अंतिम चरण में पहुंच गया है। इसी तरह से रोहतक-भिवानी रोड बाईपास पर दिल्ली-बठिंडा रेलवे लाइन पर बन रहा आरओबी का काम भी जल्द ही पूरा होने वाला है। उम्मीद है कि अप्रैल के अंत तक दोनों आरओबी निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा। इसके बाद रोहतक, भिवानी की अाेर से आवागमन करने वाले वाहन चालकों की परेशानी खत्म हो जाएगी।
पिछले करीब डेढ़ साल से पुराने बाईपास के चौड़ा होने और आरओबी के निर्माण कार्य के चलते यह मार्ग बंद है। इसके बाद रोहतक, भिवानी की अाेर आने-जाने वाले वाहन मिनी बाईपास अंडरपास से शहर में पहुंचते थे लेकिन मिनी बाईपास पर अमरूत योजना के तहत पाइप लाइन दबाने के काम के चलते करीब 3 माह से इस मार्ग से भी आवागमन बंद हो गया। इसके बाद वाहन चालकों की परेशानी काफी बढ़ी हुई है।
निर्माण कार्य अब अंतिम चरण में : शर्मा
जींद-भिवानी रोड पर चल रहा निर्माण कार्य अब अंतिम चरण में है। इसी तरह से जींद बन रहे दो आरओबी का निर्माण कार्य भी जल्द ही पूरा हो जाएगा। अब सिर्फ रेलवे की जमीन पर ही निर्माण कार्य बाकी है।
केएम शर्मा, प्रोजेक्ट डायरेक्टर, जींद-भिवानी नेशनल हाईवे।
नवंबर 2018 में शुरू हुआ था काम, मार्च 2020 है डेडलाइन
जींद से भिवानी रोड के नेशनल हाइवे नंबर 709ए का दर्जा मिलने के बाद इस सड़क को चौड़ा करने और आरओबी बनाने का काम एनएचएआई द्वारा सितंबर 2018 में 180 करोड़ का टेंडर छोड़ा गया था। इसके बाद कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा नवंबर 2018 में इस पर काम शुरू कर दिया गया था। इस कार्य को पूरा करने की डेडलाइन मार्च 2020 तक निर्धारित की गई थी।
शहर में जाम से मिलेगी राहत : पुराने बाईपास के चालू होने के बाद वाहन चालकों विशेषकर रोहतक व भिवानी की अाेर से शहर में आवागमन करने वालों को काफी राहत मिलेगी। रोहतक की अाेर से आने वाले वाहन चालकों को फिलहाल बड़े बाईपास से 7 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय कर शहर में आना पड़ रहा है। इसी तरह से भिवानी की अाेर आने-जाने वाले वाहनों को शहर के बीचोंबीच होकर आवागमन करना पड़ता है। इस दौरान उन्हें शहर में जाम की समस्या से जूझना पड़ता है।
जल्द काम होगा पूरा : दोनों आरओबी का अब रेलवे के हिस्से का काम बाकी
पुराने बाईपास पर जेल के पास अाैर भिवानी रोड बाईपास दिल्ली-बठिंडा रेलवे लाइन पर बन रहे आरओबी का दोनों साइड से निर्माण कार्य लगभग पूरा हो गया है। जेल के पास बन रहे आरओबी की दोनों साइड में सड़क भी तैयार कर दी गई। जबकि भिवानी रोड बाईपास आरओबी पर मिट्टी डाल दी गई है और अगले कुछ ही दिनों में इस पर सड़क बना दी जाएगी। दोनों आरओबी पर अब सिर्फ रेलवे की जमीन के हिस्से में आरओबी का निर्माण कार्य बाकी है। अगले एक से डेढ़ माह के अंदर यह काम पूरा हो जाएगा और इसके बाद इन आरओबी से वाहन चालक आवागमन कर सकेंगे।
}इधर आरओबी का रेलवे का हिस्सा जो अभी अधूरा है
}शहर के पुराने रोहतक रोड बाईपास पर तैयार हो रहा आरओबी
जेल के पास जींद-पानीपत रेलवे लाइन अाैर पुराने बाईपास पर दिल्ली-बठिंडा रेलवे लाइन पर आरओबी के चालू होने के बाद रोहतक, भिवानी की अाेर से आने-जाने वाले वाहन चालकों को होगा फायदा
शहर में आना-जाना होगा आसान
फिलहाल रोहतक की अाेर आने वाले वाहन चालकों को बड़े बाईपास से सफीदों रोड होकर आना पड़ रहा शहर