यमुनानगर के विष्णु नगर निवासी मधु गौतम की कुरुक्षेत्र में रादौर रोड पर ट्राले की टक्कर से मौत हो गई। वहीं उसका मंगेतर गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों स्कूटी पर सवार थे। ट्राला चालक मौके से ट्राले सहित फरार हो गया।
सूचना पर लाडवा पुलिस मौके पर पहुंची। राहगीरों की मदद से मंगेतर व मधु को लाडवा के प्राइवेट अस्पताल में पहुंचाया। जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने मधु को मृत घोषित कर दिया। जबकि उसके मंगेतर जबलपुर वासी राहुल को सिविल अस्पताल रेफर किया गया। वहीं ट्रक चालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की है।
केयू के आईआईएचएस में थी सहायक प्रोफेसर| मधु गौतम मूलरूप से यमुनानगर के विष्णु नगर की रहने वाली थी। विगत पांच साल से अधिक समय से वह कांट्रैक्ट पर केयू के इंस्टीट्यूट ऑफ इंटीग्रेटिड एंड ऑनर्स स्टडिज में इलेक्ट्रानिक साइंस की एसिस्टेंट प्रोफेसर के तौर पर कार्यरत थी।
होनी थी लव-कम अरेंज मैरिज| मधु के पिता रेलवे से स्टेशन अधीक्षक के पद से रिटायर हुए श्रीनाथ गौतम ने बताया मधु राहुल से लव मैरिज करना चाहती थी। दोनों के बीच प्यार देखकर उन्होंने भी रिश्ते पर सहमति जताई थी। उधर राहुल का परिवार भी बिहार से यमुनानगर पहुंच चुका था।
हादसे के बाद-मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल| हादसे के बाद मधु के पिता श्रीनाथ व मां पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंचे। दोनों हादसे से पूरी तरह टूटे हुए थे। मां व पिता दोनों बेसुध हो रहे थे। परिजन उन्हें संभालने में जुटे थे। मंगलवार दोपहर सिविल अस्पताल से पोस्टमार्टम करवा पुलिस ने शव परिजनों को सौंपा। साथ ही मधु के मंगेतर राहुल भी सिविल अस्पताल से छुट्टी लेकर घर के रवाना हुआ।
मधु गौतम का फाइल फोटो।
शादी से एक दिन पहले उठी अर्थी
मधु की 4 दिसंबर को यमुनानगर के शिवम पैलेस में शादी तय थी। परिजनों के अनुसार उसे कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी में हाजिरी से संबंधित काम था। साथ ही उसे वहां कुछ शॉपिंग करनी थी। पूरा परिवार शादी की तैयारियों में जुटा था। रिश्तेदार भी घर आने शुरू हो चुके थे। जिस घर में खुशियों का माहौल था, उसमें चीख-पुकार मच गई। बता दें कि हादसे में मधु की छाती व सिर में चोट लगी। उसके कान से खून बह रहा था। जबकि राहुल भी घायल हो गया। दोनों को लाडवा स्थित प्राइवेट अस्पताल में पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने मधु को मृत घोषित कर दिया। जबकि राहुल को गंभीर हालत में सिविल अस्पताल कुरुक्षेत्र रेफर कर दिया।