- Hindi News
- National
- Ratiya News Haryana News Water Logging Accidents On Brahmanwala Ladhuvas Road
ब्राह्मणवाला-लधुवास मार्ग पर जलभराव से हो रही दुर्घटनाएं
ब्राह्मणवाला-लधुवास पर पिछले एक माह से भरा बरसाती पानी के कारण वाहन चालक फिसलकर दुर्घटना ग्रस्त हो रहे हैं। शनिवार को भी एक स्कूटी चालक पानी में गिरकर घायल हो गया। जिसे रतिया के नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया। रघुवीर सिंह, नाजम सिंह, भूपेंद्र सिंह, करनैल सिंह आदि
लोगों ने बताया कि ब्राह्मणवाला-लधुवास रोड पर गांव लुठेरा के पास सड़क का लेबल काफी नीचा है और लगातार पानी जमा रहने के कारण वहां पर गहरा गड्ढा बन चुका है। रोड पर पिछले करीब एक माह से बरसाती पानी जमा है। इस मार्ग से नंगल, सरदारेवाला, लधुवास, लुठेरा, ब्राह्मणवाला सहित आसपास के कई गांवों के लोगों का आवागमन रहता है लेकिन सड़क पर जमा पानी के कारण वाहन चालकों विशेषकर दोपहिया वाहन चालकों व राहगीरों को सड़क से गुजरने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पानी में गुजरते समय दोपहिया वाहन इसमें फिसलकर गिर जाते हैं जिससे लोग आए दिन चोटिल हो रहे हैं। शनिवार को भी गांव प्लाट निवासी करनैल सिंह जब स्कूटी पर सवार होकर पानी से गुजरने लगा तो वह स्कूटी सहित पानी में जा गिरा जिससे उसकी टांग में फैक्चर हो गया।
बाद में ग्रामीणों ने उसे रतिया के अस्पताल में भर्ती करवाया। वहीं शनिवार को गांव लुठेरा की पंचायत द्वारा भी लोक निर्माण विभाग को समस्या के समाधान के लिए अवगत करवाया है। इस बारे में पीडब्ल्यूडी के एसडीआे आरके मेहता का कहना है कि वार्षिक रिपेयर के तहत उपमंडल की खस्ता सड़कों की मरम्मत के लिए रिपोर्ट भेजी हुई है। इसके अलावा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत भी सड़कें बनाने का प्रपोजल डाला गया है। संभवत: अप्रैल में मंजूरी मिल जाएगी। उससे पहले टेम्परेरी तौर पर भी सड़कों के गड्ढों को दुरुस्त करवाया जाएगा।