- Hindi News
- National
- Sirsa News Haryana News Women Formed A Human Chain To Protect The Unity And Integrity Of The Country
देश की एकता व अखंडता सुरक्षा के लिए महिलाओं ने बनाई मानव शृंखला
संविधान बचाना होगा, देश बचाना होगा, नफरत को हराना होगा, हर औरत को आगे आना होगा। इन नारों के साथ अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति सिरसा द्वारा अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर देश की एकता अखंडता, भाईचारे व सुरक्षा के लिए टाउन पार्क सिरसा में रमेश कुमारी जिला प्रधान जनवादी महिला समिति सिरसा की अध्यक्षता में एक प्रोग्राम आयोजित किया गया। इस प्रोग्राम में महिलाओं के मुद्दों पर चर्चा हुई। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के बारे में बताते हुए बलबीर कौर गांधी एडवोकेट एवं राज्य कमेटी सदस्य जनवादी महिला समिति ने बताया कि यह दिन महिलाओं की समानता और मुक्ति के लिए हुए संघर्षों और उपलब्धियों का प्रतीक है। 8 मार्च 1908 को न्यूयॉर्क की महिला मजदूरों ने काम के घंटे निश्चित करने पूरी मजदूरी देने और वोट का अधिकार देने की मांग उठाई थी। इसके बाद 8 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस घोषित किया गया। यह परंपरा 1910 के बाद आगे भी चलती गई। जसमेल कौर ने कहा कि आज के समय में भी जनविरोधी नीतियों की वजह से आम जनता विशेषकर गरीब तबकों में महिलाओं के जीवन पर मुसीबत के पहाड़ टूट पड़े हैं। जरूरत की सभी चीजों के दाम आसमान छू रहे हैं। रोजगार घट रहा है।