- Hindi News
- National
- Sirsa News Haryana News Women Police Engaged In Downloading App To Promote Durga Shakti App
दुर्गा शक्ति एप को बढ़ावा देने को एप डाउनलोड करवाने में जुटी महिला पुलिस
पुलिस विभाग ने महिलाओं की सुरक्षा के लिए दुर्गा शक्ति एप को बढ़ावा देने के लिए अभियान शुरू कर रखा है इसलिए जिला स्तरीय और ग्राम स्तरीय कार्यक्रम के दौरान भी दुर्गा शक्ति एप को डाउनलोड करवाने पर जोर दिया जा रहा। इसके लिए महिला थाना की टीमें स्कूल और काॅलेज में जाकर एप डाउनलाेड करवा रही है।
अभी तक सिरसा जिला में केवल 3500 के करीब छात्राएं और महिला एप प्रयाेग करती है। ऐसे में संख्या को कम देखते हुए एसपी ने भी इसके लिए स्पेशल अभियान चलाने के निर्देश दे रखे हैं। यहां बता दें कि प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए 12 जुलाई 2018 को दुर्गा शक्ति रेपिड एक्शन फोर्स गठित की गई थी। इसके साथ ही दुर्गा शक्ति एप भी लांच किया गया था।
इस एप को प्ले स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है। एक बार डाउनलोड करने के बाद इसका कभी भी इस्तेमाल किया जा सकता है। आपात स्थिति में इस एप का इस्तेमाल करने पर घटना की लोकेशन पुलिस मुख्यालय के कंट्रोल रूम पंचकूला पर पहुंच जाती है। जहां से उसे संबंधित एरिया को फारवर्ड कर दिया जाता है। जिस महिला द्वारा मदद के लिए पुकार लगाई जाती है, चंद मिनटों में ही पुलिस पार्टी वहां पहुंच जाती है।
शहर में पहले भी एक्टिव रही है दुर्गा शक्ति टीम
सिरसा में दुर्गा शक्ति बात करें तो यह केवल मोबाइल एप तक ही सीमित नहीं है। बल्कि दुर्गा शक्ति पुलिस फोर्स अपनी दमदार उपस्थिति भी दर्ज करवा चुकी है। पहले हर घटना स्थल पर दुर्गा शक्ति रेपिड एक्शन फोर्स नजर आती रही। जिला में महिला विरुद्ध अपराध ही नहीं बल्कि अनैतिक कार्यों का भंडाफोड़ करने में भी दुर्गा शक्ति ने बेहतरीन कार्य किया है। दुर्गा शक्ति की ओर से महिलाओं और छात्राओं से सीधा संवाद कायम किया गया है और उनमें पुलिस के प्रति विश्वास पैदा किया जा रहा है।
एप का प्रयोग करने से मिलती है सुरक्षा की गारंटी
पुलिस द्वारा बनाए गए दुर्गा शक्ति एप के तहत जिला में 3500 से अधिक महिलाएं और छात्राएं इस एप का प्रयोग कर रही है। महिला थाना प्रभारी सुनीता रानी ने बताया कि इस एप ने महिलाओं के हौंसले को बढ़ावा देने का काम किया है। इस एप के माध्यम से वे स्वयं को अधिक सुरक्षित महसूस करती है। उन्हें मानसिक रूप से मजबूती भी हासिल हुई है कि उनके द्वारा अलर्ट बटन दबाए जाने पर मदद के लिए पुलिस पहुंच पाएगी।
वे किसी भी असामाजिक तत्व से अब बखूबी टक्कर ले सकती है। कोई भी उनके साथ अनाचार, दुराचार, दुव्र्यवहार नहीं कर सकता। इसलिए उनका प्रयास है कि अधिक से अधिक महिलाएं यह एप प्रयोग करें।