- Hindi News
- National
- Faridabad News Students Will Be Given Information About Poxo Act And Good Bad Touch
छात्रों को पॉक्सो एक्ट व गुड-बैड टच की दी जाएगी जानकारी
महिला एवं बाल विकास की ओर से बनाई गई है खास तरह की पजल बुक, विभाग खेल-खेल में बच्चों को करेगा जागरुक।
स्कूली बच्चों को अब पजल बुक से पॉक्सो एक्ट की जानकारी दी जाएगी। उन्हें इसके प्रति जागरुक किया जाएगा। साथ ही गुड टच और बैड टच के बारे में भी बताया जाएगा। इसकी तैयारी महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से की जा रही है। इसके लिए खास तरह की पजल बुक तैयार की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि वह नए शिक्षा सत्र से स्कूलों में पहुंचकर बच्चों को हेल्पलाइन नंबर के साथ यह बताएंगे कि अगर कोई घटना होती है तो वे क्या करें। हेल्प लाइन की जरूरत है तो चाइल्ड लाइन पर कैसे कॉल करें। गुम हो गए तो याद क्या रखना है। विभाग की ओर से बच्चों को यह फ्रेंडली माहौल में बताया जाएगा। इसके लिए प्राथमिक और मिडिल स्कूलों में अलग से कक्षाएं लगाई जाएंगी। अभी तक बच्चे सांप-सीढ़ी का खेल केवल मनोरंजन के लिए खेलते थे। लेकिन अब इसके माध्यम से पॉक्सो एक्ट के कानून की भी जानकारी दी जाएगी। अधिकारियों के अनुसार विभाग की ओर से तैयार की गई पजल बुक में सांप-सीढ़ी के खेल में इस तरह की व्यवस्था की गई है। खेल के दौरान डायर गिरने पर जैसे ही 6 आएगा, बच्चों को पॉक्सो की जानकारी मिलेगी। इस खेल के बारे में महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी सभी स्कूलों में बच्चों और शिक्षकों को बताएंगे।
पजल बुक में इस तरह के होंगे सवाल | पजल बुक में पूछा जाएगा कि यू शुड नो योर नेम एंड मदर-फादर नेम। मोबाइल नंबर क्या है। अगर आप कहीं खो गए हैं, इफ यू आर लॉस्ट इन मार्केट..फोर इमिडिएट हेल्प। जैसे सवाल शामिल किए गए हैं। इन सब बातों को हर तरह से तैयार किया गया है। इसे सीखने के बाद बच्चे पता और मोबाइल नंबर, माता-पिता का नंबर नहीं भूल पाएंगे।
सरल शब्दों में मिलेगी एक्ट की जानकारी| सरल शब्दों में पॉक्सो एक्ट की संपूर्ण जानकारी मिलेगी। इसमें गुड और बैड टच की भी जानकारी मुहैया कराई जाएगी। 1098 का भी जिक्र किया जाएगा। हर पृष्ठ में एक से 20 बिंदु तक पॉक्सो एक्ट से संबंधित प्रश्न और उत्तर दिए जाएंगे।
बच्चों को नए शिक्षा सत्र से पजल बुक से पॉक्सो एक्ट की जानकारी दी जाएगी। इसमें गुड एंड बैड टच के बारे में बताया जाएगा। बच्चे खेल-खेल में आसानी से पॉक्सो एक्ट की जानकारी ले सकेंगे। इसकी तैयारी की जा रही है। अधिकारी सभी स्कूलों में पहुंचकर छात्रों को यह जानकारी देंगे।
-मंजू वर्मा, पीओ, महिला एवं बाल विकास अधिकारी