- Hindi News
- National
- Faridabad News To Avoid Contempt Of Court The Corporation Owed The Contractors Rs35 Crore
कोर्ट की अवमानना से बचने के लिए निगम ने ठेकेदारों का बकाया 35 करोड़ दिया
कोर्ट की अवमानना से बचने के लिए नगर निगम प्रशासन ने निगम ठेकेदारों का बकाया करीब 35 करोड़ रुपए का भुगतान कर दिया है। अब इस मामले में सुनवाई 13 मार्च को होनी है। निगम प्रशासन अब उन ठेकेदारों की भी सूची तैयार कर रहा है जो बच गए थे। यानी जो कोर्ट नहीं गए थे। माना जा रहा है बाकी बचे ठेकेदारों के बकाए का भी भुगतान जल्द निगम कर देगा। निगम ठेकेदार वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान गिरिराज सिंह के अनुसार वर्ष 2016 में करीब 60 ठेकेदारों का 68 करोड़ रुपया निगम पर बकाया था। निगम ने ठेकेदारों से काम करवा लिया था लेकिन बकाया भुगतान नहीं कर रहा था। जब निगम प्रशासन ने ठेकेदारों की बात नहीं सुनी तो उन्हें कोर्ट का सहारा लेना पड़ा। पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट ने पिछले साल मार्च में ठेकेदारों के पक्ष में फैसला सुनाते हुए नगर निगम को ठेकेदारों की बकाया रकम का तीन माह में भुगतान करने का आदेश दिया था। लेकिन एक साल बाद भी निगम अधिकारियों के कान में जूं नहीं रेगी। हालांकि इस दौरान निगम ने ठेकेदारों का कुछ बकाया भुगतान कर दिया था। इसके बाद ठेकेदारों ने कोर्ट में अवमानना याचिका दायर कर दी। इस पर सुनवाई 13 मार्च को होनी है। अवमानना से बचने के लिए निगम ने ठेकेदारों का करीब 35 करोड़ रुपए का भुगतान कर दिया है। निगम के वित्त अधिकारी सतीश कौशिक ने बताया कि ठेकेदारों का भुगतान कर दिया गया है।