- Hindi News
- National
- Sohna News Yellow Paw On Eight Illegal Farm Houses Built In Raisina Hill Region Of Sohna
सोहना की रायसीना पहाड़ी क्षेत्र में बनाए गए आठ अवैध फार्म हाउसों पर चला पीला पंजा
इस कार्रवाई में जिला नगर योजनाकार व वन विभाग के अफसर शामिल हुए
सोहना नगर परिषद विभाग ने गांव रायसीना पहाड़ी क्षेत्र में बनाए गए आठ अवैध फार्म हाउसों पर पीला पंजा चलाकर ध्वस्त कर दिया। ये फार्म हाउस पहाड़ी पर बने हुए थे तथा एनजीटी के आदेशों की अवहेलना की जा रही थी। शुक्रवार को परिषद द्वारा यह कार्रवाई डीसी के आदेशों पर की गई। जिसमें जिला नगर योजनाकार विभाग, वन विभाग के अधिकारी भी मौजूद थे। पूरे अभियान की देख-रेख के लिए सोहना नायब तहसीलदार दलबीर दुग्गल को बतौर ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया था। संभावित विरोध से निपटने के लिए भारी पुलिस बल भी मौके पर मौजूद रहा।
विभाग ने लिखित नोटिस भी जारी किए थे लेकिन कोई जवाब विभाग को नहीं मिला
भूमि राजस्व रिकॉर्ड में यह जगह गैर मुमकिन पहाड़ में दर्ज है
सोहना नगरपरिषद क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले वार्ड नंबर-एक गांव रायसीना में भारी संख्या में नामचीन फर्मों ने एनजीटी के आदेशों को धता बताकर पहाड़ी एरिया में अवैध फार्म हाउसों का निर्माण कर लिया है। जबकि यह भूमि राजस्व रिकॉर्ड के अनुसार गैर मुमकिन पहाड़ दर्ज है। विभाग ने धारा 208 के तहत लिखित नोटिस भी जारी किए थे लेकिन मियाद गुजर जाने के बाद भी कोई जवाब विभाग को नहीं मिला।
नप ने यह कार्रवाई डीसी के आदेशों पर की है
नगरपरिषद विभाग ने शुक्रवार को मौके पर पहुंचकर आठ अवैध रूप से बनाए हुए फार्म हाउसों की चार दीवारी, सड़क आदि को तोड़ दिया। जिसमें नगरपरिषद विभाग, वन विभाग व डीटीपी विभाग के अधिकारी मौजूद थे। परिषद कार्यकारी अभियंता अजय पंगाल ने बताया कि यह कार्रवाई डीसी के आदेशों पर की गई है। इस मौके पर परिषद एमई नरेश यादव, जेई ओमप्रकाश, जेई धीरज, सफाई दरोगा राजेश आदि के अलावा पुलिस के जवान मौजूद थे। अजय पंगाल ने बताया कि अगर फार्म हाउसों को दोबारा विकसित किया तो आपराधिक मामला दर्ज कराया जाएगा।
सोहना. रायसीना पहाड़ी क्षेत्र में बनाए गए अवैध फार्म हाउसों को गिराता जिला प्रशासन का दस्ता।