पैसेंजर व्हीकल और टू-व्हीलर्स की मजबूत बिक्री के चलते फरवरी 2023 में वाहनों की कुल रिटेल बिक्री में पिछले साल के मुकाबले 16% का उछाल आया है। वहीं कोविड से पहले फरवरी 2020 की तुलना में वाहनों की बिक्री में 11% बढ़ोतरी देखी गई है।
वाहन डीलरों की संस्था फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन (फाडा) ने सोमवार को जारी रिपोर्ट में यह जानकारी दी। रिपोर्ट के अनुसार अलग-अलग कैटेगरी में देश में 17,75,424 गाड़िया बेची गईं, जबकि पिछले साल इसी महीने में 15,31,196 गाड़ियां बेची गई थीं।
मारुति और हुंडई टॉप पर
FADA के अनुसार फरवरी 2023 में कार बेचने के मामले में सबसे ऊपर मारुति सुजुकी इंडिया और हुंडई मोटर इंडिया रहे। मारुति ने इस महीने 1.18 लाख गाड़ियां बेचीं और उसका मार्केट शेयर 41.40% रहा। कंपनी ने 2022 में फरवरी के महीने में 1.09 गाड़ियां बेची थीं। वहीं हुंडई मोटर्स ने फरवरी 2023 में 39,106 यूनिट्स बेचीं हैं, जबकि पिछले साल फरवरी में 38,688 कारें बेची थीं। हुंडई का मार्केट शेयर 13.62% रहा, जो पिछले साल इसी समय 14.95% था।
टू-व्हीलर्स में हीरो मोटरकॉर्प टॉप पर बरकरार
टू-व्हीलर्स की बिक्री में पिछले साल के मुकाबले 15% बढ़ोतरी हुई है। देश में फरवरी 2023 में 12,67,233 यूनिट्स की बिक्री हुई, जबकि फरवरी 2022 में 11,04,309 यूनिट्स की बिक्री हुई थी। टू-व्हीलर कंपनियों में 3,90,673 यूनिट्स की बिक्री के साथ टॉप पर बनी हुई है।
वहीं कमर्शियल व्हीकल की रिटेल बिक्री 17% की बढ़कर 79,027 यूनिट्स रही, जबकि पिछले साल इसी महीने में यह 67,391 इकाई थी। हालांकि, फरवरी 2020 के पूर्व-कोविड महीने की तुलना में यह 10 प्रतिशत कम रहा। फरवरी 2022 में 40,224 इकाइयों की तुलना में थ्री व्हीलर्स की रिटेल बिक्री में 72,994 यूनिट्स के साथ 81% की भारी वृद्धि देखी गई। इसी तरह फरवरी में ट्रैक्टर की बिक्री सालाना आधार पर 14% बढ़कर 68,988 इकाई रही।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.