कोविड-19 महामारी की दूसरी लहर के ऑटो सेल्स में एक बार फिर गिरावट आई है। अप्रैल 2021 में कुल 2,86,450 कारों की बिक्री हुई। जबकि मार्च 2021 में 3,20,547 कारों की बिक्री हुई थी। यानी महीने के आधार पर अप्रैल में 10.64% की गिरावट के साथ 34,097 कारें कम बिकी। हालांकि, कार बेचने के मामले टॉप-10 में मारुति और हुंडई का ही दबदबा रहा है।
मारुति वैगनआर मोस्ट सेलिंग कार बनी
मारुति की ऑल न्यू वैगनआर लॉन्चिंग के बाद से ही हिट रही है। इसकी मांग में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। यही वजह है कि इसने बिक्री के मामले में ऑल्टो, स्विफ्ट और डिजायर जैसी गाड़ियों को भी पीछे छोड़ दिया है। बीते महीने 18,656 वैगनआर बिकीं। हालांकि, मार्च में 18,757 वैगनआर बिकी थीं। यानी अप्रैल में इसकी सेलिंग 0.5% कम रही। इसके बाद भी इसने टॉप पोजिशन हासिल की।
टॉप-10 में मारुति की दबदबा
अप्रैल में जिन टॉप-10 कारों की सबसे ज्यादा डिमांड रही उसमें मारुति के 7 मॉडल शामिल हैं। इनमें वैगनआर के साथ स्विफ्ट, ऑल्टो, बलेनो, डिजायर, ईको और ब्रेजा शामिल हैं। खास बात है कि टॉप-5 पोजीशन में सिर्फ मारुति का ही दबदबा रहा। मारुति के 7 मॉडल के अलावा टॉप-10 में हुंडई के 3 मॉडल शामिल रहे। हुंडई क्रेटा सबसे ज्यादा बिकने वाली SUV रही। अप्रैल में इसकी 12,463 यूनिट बिकी।
मारुति को मंथली आधार पर 7% का नुकसान
अप्रैल 2021 के दौरान देश की सबसे बड़ी कंपनी मारुति ने 1,35,879 कारों की बिक्री की। मंथली आधार पर उसे 7.06% का नुकसान हुआ है। मार्च 2021 में उसने 146,203 कारें बेची थीं। कंपनी का मार्केट शेयर 47.44% रहा।
हुंडई को मंथली आधार पर 6% का नुकसान
अप्रैल 2021 के दौरान हुंडई ने 49,002 कारों की बिक्री की। मंथली आधार पर उसे 6.84% का नुकसान हुआ है। मार्च 2021 में उसने 52,600 कारें बेची थीं। कंपनी का मार्केट शेयर 17.11% रहा।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.