इलेक्ट्रिक व्हीकल का क्रेज लगातार बढ़ रहा है। अब तक इस साल 1.22 लाख इलेक्ट्रिक व्हीकल्स की बिक्री हो चुकी है। इसी को देखते हुए कई लग्जरी ब्रांड भी भारत में अपनी इलेक्ट्रिक कारें लॉन्च कर रहे हैं। 26 जुलाई को वोल्वो इंडिया ने भारत में असेंबल की गई XC40 रिचार्ज इलेक्ट्रिक SUV लॉन्च की और 27 जुलाई सुबह 11 बजे इसकी बुकिंग अपनी ऑफिशियल वेबसाइट पर शुरू कर दी।
बुकिंग शुरू होने के 2 घंटे के भीतर ही इसकी सभी यूनिट बिक गईं। कंपनी के मुताबिक, भारतीय बाजार में वोल्वो XC40 रिचार्ज की सभी 150 यूनिट्स दो घंटे के भीतर बिक गईं। इनकी डिलीवरी इस साल अक्टूबर में शुरू होगी।
स्वीडिश कंपनी के साथ काम करने वाली कंपनी वोल्वो इंडिया, दिसंबर 2022 तक वोल्वो XC40 रिचार्ज की सभी 150 यूनिट्स को डिलीवर करने का प्लान बना रही है। इसके अलावा, इस लक्जरी इलेक्ट्रिक SUV के लिए बुकिंग अभी भी जारी है, लेकिन उनकी डिलीवरी इस साल नहीं हो पाएगी। इस साल के लिए जितनी डिलीवरी होने थीं, उनके लिए बुकिंग हो चुकी है।
वोल्वो XC40 रिचार्ज की कीमत 55.90 लाख रुपए से शुरू
XC40 रिचार्ज भारत में असेंबल होने वाला पहला लग्जरी इलेक्ट्रिक व्हीकल है। इसे कर्नाटक में बेंगलुरु के पास कंपनी के होसाकोटे प्लांट में असेंबल किया गया है। गौरतलब है कि नई वोल्वो XC40 रिचार्ज को 55.90 लाख रुपए, एक्स-शोरूम की शुरुआती कीमत पर लॉन्च किया गया है। यह देश की सबसे सस्ती लग्जरी इलेक्ट्रिक SUV बन गई है।
टॉप स्पीड 180 किमी प्रति घंटे की
इसमें दो इलेक्ट्रिक मोटर्स दिए गए हैं, जो 402Bhp पावर (संयुक्त) और 660 एनएम पीक टॉर्क जनरेट करते हैं। यह इलेक्ट्रिक SUV 4.9 सेकंड में 0-100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकती है, जबकि इसकी टॉप स्पीड 180 किमी प्रति घंटा है।
40 मिनट में 80% चार्ज होगी
XC40 रिचार्ज में 78kWh लिथियम-आयन बैटरी पैक है। वोल्वो का दावा है कि यह सिंगल चार्ज (WLTP साइकिल) पर 418 किमी की रेंज दे सकती है। इसे 150kW DC फास्ट चार्जर की मदद से सिर्फ 40 मिनट में 0-80% चार्ज किया जा सकता है। वहीं, स्टैंडर्ड 11kW AC चार्जर को यह आठ घंटे में चार्ज होगी।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.