आम आदमी पार्टी और कांग्रेस केंद्रीय बजट पर एक जैसी बात कर रहे हैं। दोनों ने बजट को निराशाजनक बताया है। वहीं दिल्ली भाजपा ने बजट को संतुलित बताया है।
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय माकन ने कहा कि बजट निराशापूर्ण है और मोदी द्वारा देश को किए गए वायदों पर खरा नहीं उतरता। बजट में केन्द्र सरकार ने दिल्ली के इन्फ्रास्ट्रक्चर के विकास के लिए कोई विशेष पैकेज तक नहीं दिया। आम आदमी पार्टी के प्रदेश संयोजक गोपाल राय ने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि देश की राजधानी के विकास के लिए कोई नई योजना या नया पैसा दिल्ली को नहीं दिया गया। दिल्ली भाजपा ने बजट को संतुलित बताया है। प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा है कि केन्द्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली का बजट 2018 एक संतुलित एवं विकासशील बजट है।
इग्नू को 100 करोड़, रिसर्च के लिए फेलोशिप
इंदिरा गांधी नेशनल ओपन यूनिवर्सिटी को पिछले साल की तरह इस बार भी 100 करोड़ आवंटित किए गए हैं। एआइसीटीई के बजट में भी कोई परिवर्तन नहीं किया गया है। वहीं, जामिया के वाइस चांसलर तलत अहमद ने कहा कि छात्रों के लिए शुरू होने वाली रिसर्च फेलोशिप अच्छी पहल है।