पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करें
आगरा. बेंगलुरु से लौटी एक नवविवाहिता में कोरोनावायरस के संक्रमण की पुष्टि हुई है। अब आगरा में रोगियों की संख्या 7 से बढ़कर 8 हो गई है। महिला की शादी एक माह पहले हुई थी। वह हाल ही में इटली से हनीमून मनाकर लौटी थी। उसका पति बेंगलुरु में रहता है। उसमें संक्रमण की पुष्टि पहले हो चुकी है। यहां स्वास्थ्य विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है। जांच में पॉजिटिव पाई गई महिला रेलवे अस्पताल के आईसोलेशन वार्ड से गायब हो गई। परिजन भी डॉक्टरों से झूठ बोलते रहे कि, बेटी दिल्ली जा चुकी है।
शुक्रवार को सीएम मुकेश वत्स ने पुलिस बुला ली। साथ ही डीएम प्रभु नारायण को पूरे मामले से अवगत कराया। डीएम ने डीआरएम को फोन किया तो युवती के पिता ने सच्चाई स्वीकार कर ली। बताया कि, बेटी घर में ही मौजूद है। डर के कारण उन्होंने स्वास्थ्य विभाग से झूठ बोला था। स्वास्थ्य विभाग ने संक्रमित महिला को एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया है। साथ ही रेलवे विभाग ने युवती के पिता व भाई को 14 दिन की छुट्टी दे दी है। परिवार को 14 दिनों तक के लिए जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में रखा जाएगा।
आगरा कैंट रेलवे कॉलोनी निवासी रेलवे कर्मचारी की बेटी का विवाह एक माह पहले बेंगलुरु में नौकरी करने वाले युवक के साथ हुआ था। शादी के बाद दोनों हनीमून मनाने के लिए इटली गए थे। इटली से लौटने के बाद पति में कोरोनावायरस की पुष्टि हुई। महिला गुरुवार को आगरा कैंट पहुंची थी। यहां पहुंचने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उसे रेलवे अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां से उसे जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड भेजा गया। जहां से सैंपल लेकर जांच के लिए अलीगढ़ भेजा गया।
शुक्रवार की दोपहर रिपोर्ट आई, जिसमें कोरोनावायरस की पुष्टि हुई है। जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम पीड़ित के घर पहुंची तो पता चला कि, महिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड से निकलकर दिल्ली जा चुकी है। महिला को क्यों अस्पताल से जाने दिया गया, इस पर कोई अधिकारी बोलने को तैयार नहीं हुए। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने रेलवे कर्मी के घर जाकर उन्हें ऐहतियात बरतने व लक्षण दिखने पर तत्काल इलाज कराने की जानकारी दी है। साथ ही पूरे घर को विसंक्रमित किया गया है। घर के सात सदस्यों के सैंपल लेकर लैब भेजे गए हैं। नीरज कुमार असिस्टेंड एंटी कोरोना टीम ने बताया कि, परिवार को सावधानी बरतने के लिए जागरुक किया गया है। डरने, अफवाह फैलाने की जरुरत नहीं है।











Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.