अलीगढ़. पुलवामा हमले के बाद कश्मीर में धारा 370 हटाने की पैरवी हर तरफ हो रही है। इस पैरवी में अब राजस्थान के गवर्नर कल्याण सिंह का नाम भी जुड़ गया है। बुधवार को अलीगढ़ में उन्होंने कहा कि, धारा 370 को हटाने का वक्त आ गया है। सरकार इस पर विचार करे।
कल्याण सिंह ने कहा कि, धारा 370 कश्मीर को हमसे अलग करती है। भारतीय संसद जो कानून बनाती है वो तब तक लागू नहीं होता जब तक वहां की विधान सभा उसे पास नहीं करती। जम्मू कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है और अभिन्न अंग रहेगा। धारा 370 से अलगाववाद की बू आती है। पूरा देश धारा 370 को समाप्त करने का स्वागत करेगा। ये सारे कदम नरेंद्र मोदी जैसा प्रधानमंत्री उठा सकते हैं, बाकी किसी में दम नहीं है।
उन्होंने कहा कि, देश की जनता आतंकवादियों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई देखना चाहती है, जिसके लिए आतंकवादियों और उनके आकाओं को ऐसा सबक मिले कि वो भारत पर हमला करना भूल जाएं। मोदी ने बनारस में कहा है कि, जो आग देश की जनता के दिल में है वही आग उनके दिल में है। उन्होंने कार्रवाई करने के लिए सेना को खुली छूट दे दी है। अलगाववादियों के सुरक्षा हटाना सही है। देश के करोड़ो रुपए उनकी सुरक्षा पर खर्च हो गए थे। उनके खिलाफ भी कठोर कार्रवाई करने का वक्त आ गया है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.