पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

26 उपद्रवियों व उनके अपनों ने 4 लाख की भरपाई की; प्रशासन ने 45 लाख की संपत्ति के नुकसान का दिया था रिकवरी नोटिस

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
20 दिसंबर को हुई थी हिंसा। - Dainik Bhaskar
20 दिसंबर को हुई थी हिंसा।
  • 20 दिसंबर को सीएए के विरोध में शहर में हुआ था उपद्रव, फूंक दी थी पुलिस चौकी
  • चार मार्च को उपद्रवियों के घरों पर चस्पा किए गए थे नोटिस

फिरोजाबाद. उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में 20 दिसंबर 2019 को नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के विरोध में हुई हिंसा के दौरान नुकसान की भरपाई शुरु हो गई है। यहां हिंसा में 26 नामजद लोगों के खिलाफ 45 लाख रुपए की रिकवरी नोटिस जारी की गई थी। चार मार्च को आरोपियों के घर पर वसूली के नोटिस चस्पा किए गए थे। रविवार को प्रशासन ने आरोपियों पर दबाव बनाया तो लोगों ने चंदा जुटाकर 4 लाख रुपए जमा किए हैं।
 

ये भी पढ़े
हर्ष फायरिंग के 3 मामले: मेरठ में सपा नेता व दूल्हे ने किया फायर, फिरोजाबाद में फोटाग्राफर की गोली लगने से मौत

यहां सात लोगों की गई थी जान
सीएए के विरोध में उत्तर प्रदेश के 22 से अधिक जिलों में दिसंबर माह में हिंसा हुई थी। फिरोजाबाद में 20 दिसंबर को जुमे की नमाज के बाद सीएए के विरोध में शहर में काफी उपद्रव हुआ था। हिंसक भीड़ ने थाना दक्षिण की नालबंद पुलिस चौकी को फूंक दिया। कई वाहनों में आग लगा दी थी। उपद्रव की आग शहर के कई इलाकों में फैल गई थी। नैनी ग्लास, जाटवपुरी, नगला बरी और मिश्रित आबादी क्षेत्र उर्वशी चौराहा में जमकर पथराव और फायरिंग हुई। हिंसा में सात लोगों की मौत हुई है। 


सीएम योगी ने कहा था- हिंसा में जिन लोगों ने सार्वजनिक निजी संपत्तियों को नुकसान पहुंचाया गया, उसकी भरपाई उन्हीं से की जाएगी। डीएम चंद्र विजय सिंह ने उपद्रव से हुए नुकसान की भरपाई के लिए एडीएम आदित्य प्रकाश श्रीवास्तव को सक्षम प्राधिकारी नामित किया था। एडीएम ने उपद्रव के मुकदमों में नामजद 26 के खिलाफ 45 लाख रूपए की रिकवरी जारी की थी। 

बाकी धनराशि जल्द जमा करने का भरोसा दिया
चार मार्च को एसडीएम सदर राजेश वर्मा ने पुलिस फोर्स के साथ नालबंद क्षेत्र में आरोपितों के घर वसूली के नोटिस चस्पा किए थे। इसके बाद से आरोपितों में खलबली मच गई। एसडीएम अमीनों की टीम के साथ रविवार को फिर से क्षेत्र में पहुंचे। उन्होंने वसूली के लिए दबाव बनाया तो आरोपितों के स्वजनों और समाज के लोगों ने उन्हें चार लाख रूपए दे दिए। बाकी धनराशि भी जल्द देने का आश्वासन दिया है। एडीएम ने बताया कि वसूली की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

सबसे अधिक नुकसान नालबंद में
एडीएम आदित्य प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि, हिंसा के दौरान सबसे अधिक 28.41 लाख रुपए का नुकसान नालबंद क्षेत्र में हुआ था। वहीं, उर्वशी चौराहा पर 1.14 लाख, नैनी ग्लास क्षेत्र में 15.12 लाख और रसूलपुर थाने के आगाशाही मस्जिद क्षेत्र में 51.44 हजार रूपए के नुकसान का आकलन किया गया है। इसकी वसूली के लिए भी आरोपितों के खिलाफ आरसी जारी की गई है।