गौतमबुद्ध नगर (उत्तर प्रदेश)। लोकसभा चुनाव 2019 दो महीने से भी ज्यादा समय तक चलेंगे। सभी पार्टियां उम्मीदवारों की घोषणा कर रही हैं। गौतमबुद्ध नगर सीट से कांग्रेस ने अरविंद सिंह चौहान को उम्मीदवार घोषित किया है।इनका परिवार तीन राजनीतिक दलों से जुड़ा है। मां पूर्व बसपा सांसद रही हैं तो पिता भाजपा नेता और पूर्व मंत्री।
कौन हैं अरविंद सिंह चौहान
- अरविंद सिंह चौहान फिलहाल नोएडा के सेक्टर 61 में रहते हैं। गौतमबुद्ध नगर लोकसभा सीट के लिए वे नया चेहरा हैं।
- अरविंद साल 2014 में अलीगढ़ से बसपा के टिकट पर चुनाव लड़ चुके हैं, पर तब हार गए थे। इसके बाद कांग्रेस नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया के संपर्क में आने पर उन्होंने कांग्रेस का हाथ थाम लिया।
परिवार में तीन पार्टियों के सदस्य
- अरविंद के पिता ठाकुर जयवीर सिंह बसपा में अलीगढ़ जिलाध्यक्ष से लेकर कैबिनेट मंत्री रहे हैं। वह साल 2002 और 2007 में बरौली विधानसभा से बसपा विधायक रहे और पहली बार में ही कैबिनेट मंत्री बने।
- जयवीर सिंह 2004 में लोकसभा चुनाव लड़े और हार गए। इसके बाद वर्ष 2009 में बसपा से ही उनकी पत्नी राजकुमारी चौहान ने अलीगढ़ से चुनाव जीता था।
- साल 2014 में बसपा ने अलीगढ़ से अरविंद सिंह को चुनाव में उतारा। वे चुनाव में दूसरे नंबर पर रहे। जबकि इसी समय जयवीर सिंह बसपा में एमएलसी रहे, जुलाई 2017 में उन्होंने इस्तीफा दे दिया।
- इसके कुछ दिन बाद जयवीर सिंह भाजपा में चले गए। वर्तमान में जयवीर सिंह के अलीगढ़ सीट से उतरने की चर्चा थी लेकिन बीजेपी ने यहां सतीश कुमार गौतम को उम्मीदवार बनाया है।
चुनाव में विरोध में प्रचार करेंगे पिता
- ठाकुर जयवीर सिंह ने इस लोकसभा चुनाव में बेटे अरविंद के खिलाफ प्रचार करने का ऐलान किया है। उनका कहना है अरविंद की शादी के बाद पिछले दो साल से उनका कोई संबंध नहीं है। वे बेटे-बहू से अलग रहते हैं। उनकी विचारधारा भी अलग है।
- अरविंद की ऑफिशियल वेबसाइट पर अपलोड जानकारी के अनुसार उन्होंने इंग्लैंड की लीड्स यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन और इंटरनेशनल अफेयर्स में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है।
- उन्होंने पीएचडी करने के बाद नोएडा इंटरनेशन यूनिवर्सिटी में साल 2010 में विश्व के सबसे युवा चांसलर के तौर पर काम किया है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.