प्रधानमंत्री मोदी 20 अरब की योजनाओं का करेंगे शिलान्यास, रैली रद्द

4 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
  • पुलवामा में हुए आतंकी हमले के बाद पीएम की रैली स्थगित
  • सरकारी कार्यक्रम में कई योजनाओं का करेंगे शिलान्यास
  • कार्यक्रम स्थल और शहर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम 

झांसी. पुलवामा में गुरुवार को हुए आतंकवादी हमले को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि आज देश बहुत ही उद्वेलित और दुखी है। सभी लोगों की भावनाओं को भली भांति समझ पा रहा हूं। वीर जवानों ने देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहूति दी है। उनका बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। हमारे सुरक्षा बलों का शौर्य और उनका पराक्रम देश ने देखा है। जवानों के शौर्य और सामर्थ्य पर रत्ती भर भी किसी को शक नहीं है। इस हमले में शामिल गुनहगारों और साजिशकर्ताओं को उनके किए की सजा जरूर मिलेगी।

मोदी ने शुक्रवार को झांसी में 20 हजार करोड़ रुपए की विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इस मौके पर उन्होंने आतंकी हमले को लेकर पाकिस्तान को जमकर खरी खोटी सुनाई। पीएम ने कहा कि देश की एजेंसियों को सारे फैसले करने की इजाजत दी गई है। पुलवामा के गुनहगार और साजिशकर्ताओं को उनके किए की सजा जरूर मिलेगी। हमारा पड़ोसी देश यह भूल रहा है कि यह नई नीति और नई रीति वाला भारत है। आतंकी संगठनों और उनके आकाओं ने जो हैवानियत दिखायी है उसका पूरा हिसाब किया जाएगा। 

प्रधारमंत्री ने कहा कि पड़ोसी देश इस समय आर्थिक बदहाली से गुजर रहा है। वह विश्व में इतना अलग थलग पड़ गया है कि बड़े बड़े देश उससे दूरी बनाने लगे हैं। उसके लिए अपना रोजमर्रा का खर्च चलाना महंगा पड रहा है। कटोरा लेकर मदद के लिए घूम रहा है लेकिन दुनिया में उसे मदद नहीं मिल रही है। पुलवामा जैसी तबाही मचाकर वह सोचता है कि भारत भी बदहाल हो जाएगा तो पाकिस्तान में बैठे लोग यह भली भांति समझ लें कि आपने जो रास्ता अपनाया है उसमे अपनी बर्बादी देखी है। हमने जो रास्ता अपनाया है उससे हमारी उन्नति दुनिया देख रही है। 

मोदी ने कहा कि देशवासी इसका मुंहतौड़ जवाब देंगे। आज विश्व के बडे बडे देश हमारे साथ खडे हैं। वह भारत की भावनाओं का समर्थन कर रहे हैं। हमारे पास जो संदेश आ रहे हैं उससे लगता है कि वे भी उतने ही गुस्से में हैं। पूरी विष्व की बिरादरी आतंकवाद को खत्म करने के पक्ष में है। वीरों की यह धरती जानती है कि दुष्मन चाहे कितनी भी साजिश करे लेकिन अपनी रक्षा करना जानती है। 

इन परियोजनाओं का पीएम ने किया शिलान्यास : 

रेल कोच कारखाना : इस योजना पर 454 करोड़ रुपए खर्च होंगे। यह कारखाना रेलवे परिसर में 135 एकड़ जमीन पर स्थापित होगा। यह परियोजना झांसी और आसपास के लोगों को रोजगार का बड़ा माध्यम बनेगी, क्योंकि रेल डिब्बों के स्क्रैप से कई लोगों को रोजगार मिलेगा।

झांसी- खैरार- मानिकपुर व भीमसेन- खैरार रेल लाइन दोहरीकरण: इस योजना पर 4329.54 करोड़ रुपए खर्च होंगे। परियोजना के अंतर्गत 42 बड़े पुल और 456 छोटे पुल शामिल हैं। दोहरी रेल लाइन बन जाने से झांसी-खजुराहो के बीच महोबा और झांसी-कानपुर के बीच खैरार पर इंजन रिर्वस नहीं करना पड़ेगा।

झांसी महानगर पेयजल पुनर्गठन योजना: इस योजना पर 600.43 करोड़ रुपए खर्च होंगे। अमृत योजना के अंतर्गत 60 वार्डों की पेयजल व्यवस्था को 29 जोन में विभिक्त किया गया है। माताटीला बांध से कच्चे पानी को बबीना में शुद्ध कर करीब छह लाख की आबादी को शुद्ध पेयजल मिलेगा।

बुंदेलखंड पाइप पेयजल योजना: इस योजना पर 9021.89 करोड़ रुपए खर्च होंगे। योजना के अंतर्गत यमुना, बेतवा, केन, मंदाकिनी, जामनी और धसान नदी के पानी को गांवों में पाइप लाइन के माध्यम से पहुंचाया जाएगा। इससे बुंदेलखंड के सातों जिलों के 2429 गांवों के 44 लाख आबादी को फायदा मिलेगा। 

बुंदेलख्डंड डिफेंस कॉरिडोर: इस योजना कीअनुमानित लागत अभी तय नहीं है। 3025.348 हेक्टेयर जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा। दस गांवों की जमीन अधिग्रहण करने के लिए 430.31 करोड़ रुपए स्वीकृत हो गए हैं। इसमें झांसी जिला के लिए 328 करोड़ रुपए शामिल हैं।