पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करें
इटावा. आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर चौबिया थाना क्षेत्र में बुधवार रात एक तेज रफ्तार लग्जरी कार ट्रॉला में पीछे से जा घुसी। दुर्घटना में कार सवार चार लोगों की मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। मरने वालों में पश्चिम बंगाल के एक अधिकारी और तीन परिजन शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, श्रीकांत मेथी अपनी पत्नी कविता मेथी, बेटी अनन्या मेथी और दामाद अरिजीत विश्वास के साथ लखनऊ से गुरुग्राम जा रहे थे। ये लोग पश्चिम मिदनापुर के रहने वाले थे। कार को दीपक कुमार चला रहे थे जो जिला उन्नाव का रहने वाला है। बुधवार देर रात एक्सप्रेस-वे पर तेज रफ्तार कार जैसे ही चैनल नंबर 118 पर पहुंची, तभी आगे चल रहे ट्राला में पीछे से घुस गई, जिससे सभी लोग गंभीर घायल होकर कार में फंस गए।
ट्राला छोड़कर भाग निकले चालक व क्लीनर
पीछे से आए वाहन सवार लोगों ने दुर्घटना की जानकारी पुलिस को दी। इस पर थानाध्यक्ष जीवाराम यादव मौके पर पहुंचे और पांचों घायलों को यूपीडा की एंबुलेंस से मेडिकल विश्वविद्यालय सैफई में भर्ती कराया। वहां डॉक्टरों ने श्रीकांत मेथी और उनके तीन परिजन को मृत घोषित कर दिया, जबकि दीपक का उपचार चल रहा है।
श्रीकांत मेथी पश्चिम बंगाल के पुरवा मेहंदीपुर में डीएलआरओ (जिला भूमि एवं भूमि संदर्भ अधिकारी) के पद पर कार्यरत थे। दुर्घटना की जानकारी मृतकों के स्वजनों को दे दी गई है। हादसे के बाद ट्राला के चालक और क्लीनर मौके से भाग निकलने में सफल रहे। ट्राला को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। कार को एक्सप्रेस-वे से हटाकर चौपला कट प्वाइंट पर खड़ा कर यातायात सुचारु कराया गया।












Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.