बहराइच. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जाति को लेकर सियासत तेज हो गई है। बसपा सुप्रीमो मायावती ने शुक्रवार को पीएम पर वोट के लिए जाति की राजनीति करने का आरोप लगाया था। वहीं शनिवार को कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि मैं उनकी (पीएम मोदी) जाति को नहीं जानती हूं। कांग्रेस नेता सिर्फ जनता से जुड़े मुद्दे ही उठा रहे हैं। हमने कभी उनके खिलाफ कोई व्यक्तिगत टिप्पणी नहीं की है।
इससे पहले उन्होंने शनिवार को यहां एक चुनावी जनसभा को सम्बोधित करते हुए पीएम मोदी पर जमकर निशाना साधा। प्रियंका ने कहा कि कुछ नेता हैं जो केवल बड़ी बातें करते हैं और बड़े लोगों से ही मिलते हैं। उनके पास गरीबों से मिलने का समय नहीं है।
बहराइच में एक चुनावी सभा को सम्बोधित करते हुए प्रियंका ने यह बातें कही। प्रियंका ने कहा कि कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में सभी वर्ग के लोगों को जगह दी है। कांग्रेस सरकार बनी तो जीएसटी को और सरल बनाया जाएगा। कुछ नेता हैं जो केवल बड़ी बातें ही करते हैं। जनता की आवाज सुनना ही मेरे ही राष्ट्रवाद है।
उन्होंने कहा कि आप अपने वोट से देश की सरकार बदल सकते हैं। बहराइच की कुछ खास समस्याएं हैं जो मैने सुनी है। यहां घाघरा सबसे बड़ी समस्या है जिसके लिए हमारी सरकार काम करेगी।
इससे पहले कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने रविवार को अमेठी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को राष्ट्रवाद के मुद्दे पर घेरा। प्रियंका ने कहा कि जब जनता अपनी आवाज उठाती है तो आप (नरेंद्र मोदी) सुनने को तैयार नहीं हैं। ये किस तरह का राष्ट्रवाद? जब हजारों किसान नंगे पैर पूरे देश भर से आपके दरवाजे तक आए और आपने उनकी बात नहीं सुनी। गरीबों की सुनवाई नहीं, नौजवानों को झूठे वचन दिए जाते हैं, यही देशभक्ति है?
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.