- पिता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी युवक को किया गिरफ्तार
- मृतका का बिसरा जांच के लिए भेजा गया, रिपोर्ट का इंतजार
बुलंदशहर. 13 साल की एक किशोरी के साथ दुष्कर्म के बाद जहर खिलाकर उसकी हत्या करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने बताया कि घटना 16 सितंबर की है। इलाज के दौरान उसी दिन किशोरी की मौत हो गई। आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है। घटना जिले के एक गांव की है।
पुलिस ने बताया कि मृतका के पिता की शिकायत पर दुष्यंत नाम के एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि युवक रविवार रात को जबरदस्ती किशोरी को खेत ले गया। वहां उसके साथ दुष्कर्म किया। बाद में उसे कोई जहरीला पदार्थ खिलाया। इससे किशोरी की तबियत बिगड़ गई। बाद में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
सीओ राघवेंद्र मिश्र ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। मृतका का बिसरा जांच के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद जहर को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी। फिलहाल, घटनास्थल की जांच की गई। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।