अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। राम मंदिर से जुड़े ढेरों फोटो-वीडियो वायरल हो रहे हैं।
एक वायरल वीडियो में ढेर सारे भालू भागते हुए दिख रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि भालुओं का ये झुंड रामलला के दर्शन के लिए अयोध्या पहुंच रहा है।
इससे पहले सोशल मीडिया पर कुछ दिन पहले गिद्धों के झुंड का एक वीडियो वायरल हुआ था, तब कहा गया था कि जटायु का झुंड अयोध्या पहुंचने लगा है।
ये वीडियोज सोशल मीडिया साइट एक्स पर खूब शेयर किए जा रहे हैं, लेकिन जब दैनिक भास्कर ने इनके सोर्स की जानकारी जुटाई तो पता चला ये वीडियो काफी पुराने हैं।
अलग-अलग जगहों के इन पुराने वीडियोज को फर्जी कैप्शन के साथ सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा है।
भालुओं वाले वीडियो से जुड़ी एक खबर दैनिक भास्कर की वेबसाइट पर दिखी, जिससे पता चला कि यह वीडियो अमझोर, शहडोल स्थित वनपरिक्षेत्र के वनसुकली गांव का है।
उस वक्त गांव के आसपास भालुओं का झुंड देखा गया था। वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार भालुओं का कुनबा गांव में घुस आया था, जिसे गांव वालों ने हल्ला करके भगा दिया था।
भालुओं के उसी वीडियो को अब गलत और भ्रामक दावे के साथ वायरल किया जा रहा है। भालुओं का यह झुंड अयोध्या में नहीं, बल्कि मध्यप्रदेश के शहडोल में दिखाई दिया था।