आपने लोगों को अक्सर कहते सुना होगा कि क्यों रात में उल्लू की तरह जाग रहे हो? उल्लुओं के रात में जागने और दिन में सोने से जुड़ी कई कहावतें और किस्से भी प्रचलित हैं।
क्या आपने कभी सोचा है कि आखिर उल्लू रात में क्यों जागते हैं और दिन में क्यों आराम करते हैं?
इस सवाल का जवाब उल्लू की बड़ी–बड़ी आंखों में छुपा है। हम इंसान भले ही अंधेरे में नहीं देख सकते, लेकिन उल्लुओं को रात में भी साफ-साफ दिखाई देता है।
दरअसल, उल्लुओं की इन बड़ी–बड़ी आंखों में 'रॉड' नाम के खास सेल्स होते हैं, जो उन्हें रात में देखने के लिए मदद करते हैं।
दिन की रोशनी इन सेल्स के लिए बहुत तेज होती है, जिससे उन्हें दिन में देखने में मुश्किल होती है और उनकी आंखें चौंधिया जाती हैं। इसीलिए वे दिन में ज्यादा आराम करते हैं।
दिन के समय कई बड़े शिकारी पक्षी, जैसे बाज और चील, शिकार की तलाश में होते हैं। उल्लू दिन में कमजोर होते हैं, क्योंकि उनकी आंखें तेज रोशनी में सही से काम नहीं करती हैं।
इसीलिए, वे दिन में छिपकर सोते हैं, ताकि शिकारियों से बच सकें। वहीं, रात में दूसरे शिकारी जीव आराम करते हैं, इससे उल्लू के लिए शिकार करना और सुरक्षित रहना आसान हो जाता है।
इतना ही नहीं, उल्लू जिन छोटे–छोटे जीवों जैसे चूहों, गिलहरी और छोटे पक्षियों का शिकार करते हैं, वे भी अक्सर रात में आसानी से मिल जाते हैं।
उल्लू अपनी तेज नजर और धीमी उड़ान की मदद से रात के अंधेरे में भी आसानी से अपने शिकार को दबोच लेते हैं।
लाइफ & स्टाइल की और स्टोरीज के लिए क्लिक करें