महिलाओं के लिए शरीर और चेहरे के बाल छुपाना एक बड़ी समस्या है। चेहरे के अनचाहे बालों से छुटकारा पाने के लिए महिलाएं थ्रेडिंग, वैक्सिंग, शेविंग, ब्लीच आदि का सहारा लेती हैं। ब्यूटी एक्सपर्ट शहनाज हुसैन बता रही हैं अनचाहे बालों से छुटकारा पाने के घरेलू उपाय।
यदि आप भी अनचाहे बालों से परेशान हैं, तो इन्हें छुपाने के लिए आप घरेलू नुस्खे आजमा सकती हैं। आपके किचन में ऐसी कई चीजें मौजूद हैं, जिनके उपयोग से आप अनचाहे बालों की आसानी से छुपा सकती हैं।
घरेलू नुस्खों से हटाएं अनचाहे बाल
घरेलू उपचार बालों को हटाते नहीं हैं, लेकिन कहा जाता है कि इनके नियमित उपयोग से समय के साथ धीरे-धीरे अनचाहे बालों का विकास कम होने लगता है। घरेलू नुस्खों से बाल हटाने में समय लगता है और इनका नियमित उपयोग भी बेहद जरूरी है।
बहुत पतले बालों के लिए स्क्रब और एक्सफोलिएशन मदद कर सकते हैं। इनके नियमित उपयोग से बालों का विकास कम हो जाता है। इसके लिए स्क्रब से चेहरे को हल्के हाथों से रगड़ना होता है और फिर पानी से चेहरा धो दिया जाता है। इसके लिए सबसे आसान उपाय है कि चीनी, नींबू के रस और पानी का गाढ़ा पेस्ट बनाकर बालों के बढ़ने की दिशा में लगाएं। सूख जाने पर धो लें। इसे हफ्ते में एक या दो बार लगाएं।
चेहरे पर अनचाहे बाल हैं, तो हल्दी पाउडर और दूध का पेस्ट लगाएं। इसे चेहरे पर गोलाई में हल्के हाथों से रगड़ें। ऐसा कहा जाता है कि यह चेहरे के बालों की ग्रोथ कम करता है और चेहरे पर गोल्डन यलो निखार लाता है।
3 चम्मच जौ का पाउडर, एक चम्मच ठंडे दूध और 2 से 3 चम्मच नींबू के रस में मिलाएं। इस पेस्ट को चेहरे पर लगाएं और 20 मिनट के लिए छोड़ दें। फिर पानी से चेहरा धो लें। ऐसा हफ्ते में दो से तीन बार करें। इस पेस्ट के नियमित उपयोग से धीरे-धीरे बालों की ग्रोथ रुक जाती है।
मूंग दाल को रातभर पानी में भिगोकर रखें। सुबह इसे पीसकर पेस्ट बना लें। कच्चा आलू लें और उसे कद्दूकस कर लें, ताकि आप उसका रस निकाल सकें। दाल के साथ आलू का रस मिलाएं। एक चम्मच शहद और नींबू का रस मिलाएं। आप इसे अपने चेहरे और शरीर पर लगा सकते हैं। इसे लगाकर 20 मिनट के लिए छोड़ दें। जब यह सूख जाए, तो उंगलियों से हल्के हाथों से गोलाई में घुमाते धीरे से रगड़ें। फिर सादे पानी से धो लें।
अंडे के सफेद भाग में ओट्स मिलाएं और चेहरे पर लगाएं। जब यह सूख जाए, तो हाथों में थोड़ा सा पानी लेकर हल्के हाथों से गोलाई में घुमाते हुए रगड़ें। फिर पानी से धो लें।
एक अंडे की सफेदी को 1 टेबलस्पून चीनी और 1/2 टेबलस्पून कॉर्न फ्लोर के साथ मिलाएं, जब तक कि यह एक चिपचिपा पेस्ट न बन जाए। मिश्रण को चेहरे पर लगाएं। जब यह सूख जाए, तो इसे हल्के हाथों से पील कर लें। अनचाहे बालों से छुटकारा पाने के लिए यह फेस मास्क हफ्ते में 3-4 बार लगाएं।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.