• Hindi News
  • Women
  • Always Wear Mother's Brooch And Father's Pearls, Never Wear Any Dress Above The Knees

शाही रंग रेड, महारानी ने ज्यादा पहनी ब्लू ड्रेस:कभी ड्रेस रिपीट नहीं की, हमेशा पहने ग्लव्स; ब्राइट कलर हैट्स में अलग दिखीं

नई दिल्ली7 महीने पहलेलेखक: ऐश्वर्या शर्मा
  • कॉपी लिंक

ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय ने गुरुवार रात दुनिया को अलविदा कह दिया। 96 साल की महारानी ने 70 साल तक ब्रिटेन की गद्दी संभाली। वह हमेशा एक स्टाइल आइकन रहीं। उन्होंने जो ड्रेसिंग स्टाइल अपनाया, वह ट्रेंड बन गया। उनके हैट से लेकर फुटवेयर तक हर चीज नायाब और खास दिखती।

सबसे पहले आपको ले चलते हैं उस दौर में जब महारानी एलिजाबेथ द्वितीय, एलिजाबेथ एलेक्जेंडर मैरी हुआ करती थीं।

एलिजाबेथ का जन्म लंदन में ही हुआ था। वह किंग जॉर्ज VI की पहली संतान थीं। जब वह 21 साल की थीं तभी उनकी शादी प्रिंस फिलिप से हो गई थी। उन्हें 13 साल की उम्र से ही प्रिंस फिलिप से प्यार था।

महारानी की वैडिंग गाउन पर जड़े थे 10 हजार मोती

20 नवंबर, 1947 को जब उनकी शादी हुई, तब तक भारत ब्रिटेन की गुलामी से आजादी पा चुका था। उनके वैडिंग गाउन ने उस समय खूब सुर्खियां बटोरीं और भारत में चर्चा में रहा। इस फ्लोरल पैटर्न के गाउन को इंग्लैंड के डिजाइन नॉर्मन हार्टनेल ने 3 महीनों से भी कम वक्त में तैयार किया गया था।

यह ‘डचेस स्टिन’ का बना हुआ था। उनका गाउन इटैलियन ‘बॉटचेली पेंटिंग’ से इंस्पायर था। इस गाउन के लिए 10 हजार छोटे मोती अमेरिका से मंगवाए गए थे।

द टेलीग्राफ के मुताबिक, एलिजाबेथ को यह गाउन उनकी शादी के दिन ही मिला था। इसलिए वह इसे पहले पहनकर ट्राई नहीं कर पाई थीं। य़ह भी बता दें कि उन्होंने अपनी किसी भी ड्रेस पर कभी सेफ्टी पिन का इस्तेमाल नहीं किया।

क्वीन की शादी लंदन के शाही चर्च वेस्टमिंस्टर ऐबे में हुई थी।
क्वीन की शादी लंदन के शाही चर्च वेस्टमिंस्टर ऐबे में हुई थी।

हमेशा ब्राइट कलर्स की ड्रेस में दिखीं

महारानी जब भी पब्लिक के बीच दिखतीं हमेशा ब्राइट कलर की ड्रेस में नजर आतीं। राजघराने से जुड़ी एक्सपर्ट डेजी मैकएंड्रयू के अनुसार उनकी हाइट 5 फुट 4 इंच थी। ऐसे में उन्हें भीड़ में देखना और पहचानना मुश्किल हो जाता। इसलिए उनके ड्रेस मेकर्स ने फैसला किया कि वह उनके लिए ब्राइट कलर की ड्रेसेज ही डिजाइन करेंगे, ताकि जब वह लोगों के बीच पहुंचें तो अलग दिखें।

शाही रंग लाल था, लेकिन क्वीन ने ज्यादा पहनी ब्लू ड्रेसेज

2012 में वोग मैगजीन ने कहा कि रानी अधिकतर नीले रंग की ड्रेसेज में दिखती हैं। हालांकि, महारानी मानती थीं कि शाही रंग लाल है। रानी की सीनियर ड्रेस डिजाइनर रहीं एंजेला केली ने अपनी किताब ‘The Other Side of the Coin: The Queen, the Dresser and the Wardrobe’ में लिखा कि वह जहां भी घूमने जातीं, वहां का लोकल फैब्रिक शाही परिवार की महारानी के लिए खरीद लिया करती थीं। केली का मानना था कि दिन के समय ब्राइट कलर अच्छे दिखते हैं और महारानी अपने ब्राइट ड्रेसिंग सेंस से शुभचिंतकों के बीच अलग चार्म बिखेरती थीं।

महारानी ने कभी ड्रेस रिपीट नहीं की, अपने डिजाइनर्स को गिफ्ट कर दे देतीं

2011 में ब्रैन होए ने महारानी की जिंदगी पर ‘Not in Front of the Corgis’ नाम की किताब लिखी। जिसमें उन्होंने खुलासा किया कि महारानी एलिजाबेथ एक बार ड्रेस पहनने के बाद उसे दोबारा नहीं पहनती हैं। वह ड्रेस पहनकर अपनी ड्रेस मेकर्स को लौटा देतीं और उन्होंने अपनी डिजाइनर्स को यह हक दिया था कि वे ड्रेस को खुद पहन सकती हैं या आगे बेच सकती हैं, लेकिन इसके पीछे उनकी एक शर्त थी कि ड्रेस पर से रॉयल फैमिली का लेबल हट जाना चाहिए और इस बात का कहीं जिक्र भी नहीं होना चाहिए कि महारानी यह ड्रेस पहन चुकी हैं। दरअसल, इसके पीछे की वजह मीडिया लाइम लाइट से बचना था। चूंकि उनकी ड्रेस हमेशा मीडिया में चर्चा का विषय रहती थी।

ज्यादातर गाउन में ही दिखीं, फिर स्टाइल किया चेंज

शाही राजघराने में सबको मालूम था कि महारानी को गाउन पसंद है। 1954 में ऑस्ट्रेलिया टूर के दौरान उन्होंने वाइट लेस गाउन पहना, यहीं पर दूसरे दिन उन्होंने ग्रीन गाउन पहना। 1958 में वह नीदरलैंड के टूर पर नीले गाउन में नजर आईं। प्रेसिडेंट से मिलना हो या पब्लिक से रूबरू होना हो, वह अधिकतर गाउन में ही दिखाई देती थीं।

जब वह युवा थीं तब वह फ्लोरल और पोल्का डॉट प्रिंट की ड्रेसेज खूब पहनतीं, लेकिन बाद में उन्होंने प्लेन ड्रेसेज को अपना स्टाइल बनाया। इसके बाद उन्होंने स्टॉकिंग्स को भी अपनाया। हालांकि, उन्होंने कभी घुटनों से ऊपर स्कर्ट नहीं पहनी।

क्वीन एलिजाबेथ ने पहली बार ग्लव्स अपने हनीमून पर पहने थे। महारानी पूरे दिन में 5 से 7 ड्रेसेज बदलती थीं।
क्वीन एलिजाबेथ ने पहली बार ग्लव्स अपने हनीमून पर पहने थे। महारानी पूरे दिन में 5 से 7 ड्रेसेज बदलती थीं।

इंफेक्शन से बचने के लिए हमेशा पहने ग्लव्स

महारानी के हाथों में हमेशा ग्लव्स दिखते थे। इसके पीछे भी एक वजह थी। उनकी स्टाइल ड्रेसर एंजेला केली ने बताया है कि महारानी को दिनभर कई लोगों से मिलना होता था। कई लोगों से हाथ भी मिलाना पड़ता है। ऐसे में उन्हें कोई इंफेक्शन न हो जाए, इसलिए उन्होंने ग्लव्स हमेशा पहने।

ब्राइट कलर हैट्स क्वीन एलिजाबेथ की स्टाइल में शामिल थी

महारानी हैट भी ब्राइट कलर के ही पहनती थीं। ड्रेस की तरह इसके पीछे भी यही तर्क था कि वह भीड़ में अलग दिखें। उनकी हर हैट ड्रेस के कलर से मैच करती। उनकी हैट कभी फ्लोरल प्रिंट होती, तो कभी प्लेन कलर की। वह Gossamer Tudor Hats, Buckle-Front Bulbous Hat, Polka Dot Turban, Fox-Fur Cossack Hat, Balmoral Hat, Western Cowboy Style हैट में अक्सर देखी गईं।

बॉक्स बैंग के बिना अधूरा था स्टाइल

आपने महारानी के हाथों में हमेशा हैंड बैंग देखा होगा। जिसे बॉक्स हैंडबैग कहते हैं। वह 1950 से हमेशा ब्रिटेन की कंपनी Launer के बॉक्स बैग इस्तेमाल करती थीं।

‘Elizabeth the Queen: The Woman Behind the Throne’ की लेखक सैली बेडेल स्मिथ के अनुसार महारानी अपने बैग में लिपस्टिक, छोटा शीशा, रूमाल और अपना चश्मा हमेशा रखती थीं।

हीरों से जड़ा ब्रोच था महारानी के दिल के करीब

अगर आपने गौर किया हो, उनकी ड्रेस पर हमेशा ब्रोच दिखता था। उनके पास करीब 100 ब्रोच थे। उनका सबसे खास ब्रोच हैंडमेड था, जिस पर गुलाब का फूल बना है और चारों तरफ 100 से ज्यादा हीरे जड़े हैं। यह ब्रोच उनकी मां का दिया हुआ था।

तीन लड़ियों वाला मोती का नेकलेस था खास

शायद ही ऐसा कभी हुआ हो कि वह पब्लिक के बीच 3 लड़ियों की मोतियों की माला के बिना आई हों। दरअसल, यह पर्ल्स का नेकलेस उनके दिल के काफी करीब था। आपको महारानी की हर तस्वीर उस नेकलेस के साथ मिलेगी।

यह नेकलेस उनको अपने पिता किंग जॉर्ज VI से मिला था। महारानी ने अपने पिता को 25 साल की उम्र में ही खो दिया था। तब से उन्होंने उस नेकलेस को हमेशा संभालकर रखा। इससे उनके पिता के साथ मजबूत रिश्ते का भी पता चलता है।

महारानी की ज्वैलरी के कलेक्शन में 300 से ज्यादा आइटम्स थे। इसमें करीब 100 ब्रोच, 46 नेकलेस, 37 ब्रासलेट्स, 34 ईयररिंग, 15 अंगूठी, 14 घड़ियां और 5 पेंडेंट शामिल थे।

50 साल तक पहने एक ही स्टाइल के फुटवेयर

क्वीन एलिजाबेथ के फुटवेयर भी अपने आप में खास थे। वह लोफर्स, सैंडल्स और बूट्स में ही दिखीं, लेकिन उन्होंने लोफर्स को ही हमेशा पहले चुना।

यह जानकर हैरानी होगी कि वह पिछले 50 सालों तक एक ही स्टाइल के फुट वियर्स में देखी गईं। लंदन की फुटवेयर कंपनी Anello & Davide को महारानी के फुटवेयर्स के लिए खासतौर पर अपॉइंट किया गया था। शू मेकर डेविड हयात ने महारानी के लिए लेदर के फुटवियर डिजाइन किए। महारानी की फुटवेयर की हील्स ढाई इंच की होती थी।

दिवंगत महारानी से जुड़ी ये खबरें भी जरूर पढ़ें...

25 की उम्र में संभाला था शासन, 17 PHOTOS में देखें प्रिंसेस से क्वीन तक का सफर

महारानी एलिजाबेथ II ने 6 फरवरी 1952 को पिता किंग जॉर्ज की मौत के बाद ब्रिटेन का शासन संभाला। तब उनकी उम्र सिर्फ 25 साल थी। तब से 70 साल तक उन्होंने शासन किया। उन्होंने 2 दिन पहले ‌‌ब्रिटेन की 15वीं PM लिज ट्रस को शपथ दिलाई थी। वे ब्रिटेन के इतिहास में सबसे लंबे समय तक शासन करने वाली पहली महिला सम्राट हैं। पढ़ें पूरी खबर...

नोटों और सिक्कों से हटाई जा सकती है एलिजाबेथ की फोटो; राष्ट्रगान में भी बदलाव की संभावना

ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के निधन के बाद अब कई शाही प्रतीक बदले जा सकते हैं। फ्लैग, नोट, सिक्के में अभी तक महारानी की अलग-अलग तस्वीर होती थी। अब इसे हटाकर नए किंग बने प्रिंस चार्ल्स की फोटो लगाए जाने की उम्मीद है। पढ़ें पूरी खबर...

15 देशों की सिंबॉलिक महारानी थीं एलिजाबेथ-II, रोज मिलता था सरकारी काम का ब्योरा

एलिजाबेथ सिर्फ ब्रिटेन ही नहीं, 14 अन्य आजाद देशों की भी महारानी थीं। ये सभी देश कभी न कभी ब्रिटिश हुकूमत के अधीन रहे थे। पढ़ें पूरी खबर...

3 बार भारत आईं एलिजाबेथ-II, रिपब्लिक डे पर शाही मेहमान बनीं

एलिजाबेथ-II तीन बार भारत आईं। 1961, 1983 और 1997 में वो भारत की शाही मेहमान बनी थीं। 1961 में भारत के गणतंत्र दिवस की परेड में भी शामिल हुई थीं। उनके साथ प्रिंस फिलिप भी थे। पढ़ें पूरी खबर...

प्रिंस चार्ल्स बने ब्रिटेन के नए किंग, 24 घंटे के भीतर सौंपा जाएगा ताज

एलिजाबेथ-II के निधन के बाद उनके बेटे प्रिंस चार्ल्स नए किंग बन गए हैं। अब उन्हें किंग चार्ल्स-III के नाम से जाना जाएगा। महारानी के निधन के 24 घंटों के भीतर लंदन स्थित सेंट जेम्स पैलेस में एक सेरेमोनियल बॉडी के बीच चार्ल्स को आधिकारिक तौर पर राजा घोषित किया जाएगा। पढ़ें पूरी खबर...

ग्राफिक्स- सत्यम परिडा और प्रेरणा झा

नॉलेज बढ़ाने और जरूरी जानकारी देने वाली ऐसी खबरें लगातार पाने के लिए डीबी ऐप पर 'मेरे पसंदीदा विषय' में 'वुमन' या प्रोफाइल में जाकर जेंडर में 'मिस' सेलेक्ट करें।

खबरें और भी हैं...