कॉमेडी क्वीन भारती सिंह और हर्ष लिंबाचिया ने सोशल मीडिया पर पहली बार लोगों को अपने बेटे का चेहरा दिखाया। उनका बेटा लक्ष्य अब 3 महीने का हो चुका है।
भारती समेत कई बॉलीवुड सेलिब्रिटी मीडिया से अपने बच्चों का चेहरा छिपाते आए हैं। इसकी कई वजह भी हैं।
भारती अप्रैल में बनी थीं मां
कॉमेडी आर्टिस्ट भारती सिंह ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेंज की सेकेंड रनरअप रहीं। वह द कपिल शर्मा शो में बुआ के नाम से भी मशहूर हैं। जब से उन्हें बेटा हुआ, तब से उनके फैंस बच्चे की तस्वीर देखने को बेताब थे।
आखिरकार 3 महीने बाद उन्होंने अपने बेटे लक्ष्य का चेहरा सोशल मीडिया के जरिए दुनिया को दिखाया। उन्होंने अपने यूट्यूब चैनल पर बेटे के खिलौने से लेकर उसके कमरे की वीडियो तक डाली। वहीं, इंस्टाग्राम पर उसके फोटो पोस्ट किए।
कई सेलिब्रिटी छिपाते रहे हैं बच्चों का चेहरा
2021 में क्रिकेटर विराट कोहली और बॉलीवुड एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा को बेटी हुई। लेकिन उन्होंने आज तक अपनी बेटी का चेहरा छुपाकर रखा है।
प्रियंका चोपड़ा फरवरी 2022 में सेरोगेसी से मां बनी हैं। लेकिन वह भी अपनी बेटी को लेकर काफी प्रोटेक्टिव हैं। उन्होंने अपनी बेटी मालती मैरी चोपड़ा जोनस का चेहरा मीडिया समेत सभी लोगों से छिपाकर रखा।
वहीं, ऐश्वर्या राय बच्चन ने 16 नवंबर 2011 को आराध्या को जन्म दिया लेकिन उन्होंने भी कुछ ऐसा ही किया। ऐश्वर्या पर आराध्या को काफी हद तक सुरक्षित रखने के आरोप भी लगे।
कुछ को लाइमलाइट में रहना पसंद हैं
मनोचिकित्सक बिंदा सिंह ने वुमन भास्कर को बताया कि सेलिब्रिटी एक पब्लिक फिगर होते हैं। वह सब चीजें एक प्लानिंग के तहत करते हैं। अगर वह अपने बच्चे का चेहरा छिपाते हैं तो इसके कई कारण हो सकते हैं।
कुछ सेलेब्स मीडिया की सुर्खियों में बने रहना चाहते हैं। वह बच्चों का चेहरा इसलिए छिपाते हैं ताकि मीडिया उनके पीछे आती रहे और वह लाइमलाइट में बने रहें। अगर वह पहले ही बच्चे को दिखा देंगे तो लोगों में जिज्ञासा खत्म हो जाएगी। वह अपने बच्चे को आम नहीं रखना चाहते।
नहीं चाहते बच्चे पर पड़े स्टारडम का असर
कई सेलिब्रिटी ऐसे भी हैं जो अपने बच्चे पर स्टारडम से बचाना चाहते हैं। उनके लिए बच्चे का मानसिक विकास पहले है। वह नहीं चाहते कि उनका बच्चा 24 घंटे कैमरे के सामने रहे और उसकी फोटो क्लिक हो। पेरेंटिंग के लिहाज से यह ठीक भी है। वह अपने बच्चे की जिंदगी प्राइवेट रखना पसंद करते हैं।
वहीं, कुछ एक्टर ज्योतिष या अंधविश्वास से घिरे होते हैं। उनके बच्चे को किसी की नजर न लगे, इस वजह से वह बच्चे को मीडिया से छिपाते हैं।
बच्चा लोगों के सामने तमाशा न बने
बच्चे की सुरक्षा भी इसका एक कारण हो सकती है। मनोचिकित्सक बिंदा सिंह ने बताया कि सेलिब्रिटी और उनके फैंस के बीच स्यूडो रिलेशनशिप होता है। यह रिश्ता वास्तविक नहीं होता लेकिन लोग सेलेब्स को काल्पनिक तौर से अपना करीबी मानने लगते हैं और उनके बच्चों को अपना बच्चा मानते हैं इसलिए मीडिया में उनकी तस्वीरें आने के बाद वह उनसे कनेक्ट हो जाते हैं।
वहीं, अक्सर सेलिब्रिटी को धमकी मिलती रहती हैं। ऐसे में उनके मन में बच्चे की सुरक्षा को लेकर चिंता रहती है। वह नहीं चाहते कि उनके बच्चे के साथ कोई अनहोनी हो या उनका दुनिया के सामने तमाशा बने।
विराट-अनुष्का की बेटी को मिली रेप की धमकी
24 अक्टूबर 2021 का दिन था। दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट ग्राउंड में भारत-पाकिस्तान का मैच हुआ। इस मुकाबले में भारत हार गया। इसका जिम्मेदार मोहम्मद शमी को ठहराया गया। उस समय इंडियन टीम के कैप्टन रहे विराट कोहली शमी के सपोर्ट में आ गए।
तब सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने उनकी 10 महीने की बेटी वामिका के रेप की धमकी दी। यह बेहद शर्मनाक बात थी। हालांकि इस कपल ने कभी भी अपनी बेटी की तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा नहीं की है। न ही मीडिया में उनका चेहरा सामने आया।
जब पैपराजी का बढ़ता कल्चर सेलेब्स के लिए बना सिरदर्द
सेलेब्स की एयरपोर्ट लुक हो या शॉपिंग, जिम जाने जैसी एक्टिविटी, आपको उनकी हर गतिविधि की फोटो सोशल मीडिया पर दिखती है। यह सब क्लिक करते हैं पैपराजी। पैपराजी स्वतंत्र फोटोग्राफर होते हैं जो सेलिब्रिटी के निजी जीवन को कैमरे पर कैद करने के लिए उनका पीछा करते रहते हैं। ऐसे में कुछ एक्टर के लिए वे सिरदर्द बन जाते हैं। वह नहीं चाहते कि उनकी प्राइवेसी दुनिया के सामने आए। इस वजह से वह अपने बच्चों को भी इससे बचाते दिखते हैं।
तैमूर के पीछे पड़ गई थी मीडिया
जब से करीना कपूर खान ने तैमूर को जन्म दिया, वह तब से सुर्खियों में छाने लगे थे। हर कोई तैमूर की झलक देखने को बेताब था। पैपराजी भी उन्हें कैमरे में कैद करने के लिए उनके पीछे घूमते। एयरपोर्ट हो, कोई इवेंट हो या वह घर के बाहर हो, तुरंत उनकी फोटो खींच ली जाती। वह कुछ भी करें, खबर बन जाती। 3 महीने पहले तैमूर का एक वीडियो सामने आया। वह घर के बाहर खड़े होकर पैपराजी को कैमरा बंद करो दादा बोलते दिखे। इस वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि वह पैपराजी से कितने परेशान थे। वहीं, करीना उन्हें घर के अंदर जाने को कहती दिखीं।
पैपराजी के चलते अमेरिका ही छोड़ दिया
पायलट चार्ल्स ए. लिंडबर्ग अमेरिका में नेशनल सेलिब्रिटी बन गए थे। उन्होंने 1927 में यूएस से फ्रांस हवाई उड़ान भरकर रिकॉर्ड कायम किया था। इसके बाद से उनकी निजी जिंदगी में मीडिया की दिलचस्पी रहती थी। 1932 में उनके 20 महीने के बेटे का अपहरण कर मर्डर कर दिया गया था।
इस घटना से लिंडबर्ग बेहद परेशान थे। लेकिन इसके बाद भी पैपराजी उनके दूसरे बेटे जॉन की कार का लगातार पीछा करते रहे। इन चीजों से आहत लिंडबर्ग ने अपने परिवार के साथ अमेरिका ही छोड़ दिया।
वहीं, अमेरिकन एक्टर डेविड आर्क्वेट और कर्टेनी कॉक्स ने प्रेस को अपनी बेटी कोको की तस्वीर जारी की ताकि पैपराजी उसका पीछा न करें। कैलिफोर्निया की सरकार ने 1998 में पहला एंटी पैपराजी कानून बनाया। हालांकि भारत में इस तरह का कोई कानून नहीं है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.