यूपी के झांसी से हाल ही में दो युवतियों की अजब प्रेम कहानी का मामला सामने आया है। गवर्नमेंट हेल्थ सेंटर में एएनएम का काम करने वाली सना झांसी के प्रेम नगर में किराए पर 7 साल पहले रहने आई। कुछ दिन के बाद मकान मालिक की बेटी कोमल (बदला हुआ नाम) जो एएनएम की हम उम्र ही थी, दोस्त बन गई।
दोस्ती प्यार में बदली, लिव इन में रहने लगीं लड़कियां
दोस्ती प्यार में बदलने लगी। लेकिन कोमल के परिवार को इसकी भनक लग गई। अब सना को कमरा छोड़ना पड़ा। 10 अगस्त 2017 को सना कमरा छोड़ सरकारी क्वॉर्टर में चली गई। घरवालों को लगा कि अब दोनों दूर हो जाएंगी। लेकिन 4 दिन बाद ही कोमल ने भी अपना घर छोड़ दिया। इसके बाद वो सना के क्वॉर्टर में पहुंच गई। दोनों फिर से खुलेआम साथ में रहने लगीं।
12 लाख रुपए में सेक्स चेंज कराकर सना बनी सोहेल खान
सना ने जून 2020 में आखिरकार अपना जेंडर चेंज करा लिया। अपने ब्रेस्ट की सर्जरी कराई। 8 घंटे से ज्यादा सर्जरी चली। फिर सना से वो सोहेल खान बन गई। इस पूरी सर्जरी और काउंसलिंग पर 12 लाख से ज्यादा रुपए भी खर्च किए। इस तरह दोनों साथ में पति पत्नी की तरह रहने लगे।
सरकारी नौकरी मिली तो लड़की ने सोहेल को छोड़ा
सेक्स चेंज के बाद दोनों को एक साथ रहते हुए महज 2 ही साल बीते कि कोमल की भी सरकारी नौकरी लग गई और उसे किसी और लड़के से प्यार भी हो गया। इसी दौरान उसने सोहेल खान को छोड़ दिया।
अब सना उर्फ सोहेल अपने को ठगा महसूस कर कोर्ट से न्याय की गुहार लगा रही है।
हरियाणा के जींद की युवतियों ने भी किया था प्रेम, नौबत तलाक तक गई
दिल्ली से सटे हरियाणा के जींद में भी 9 साल पहले दो लड़कियों मीरा और कल्पना ने शादी की थी। इसके लिए एक ने सेक्स चेंज करवाया। फिर कुछ साल बाद दोनों में तकरार शुरू हो गई। नौबत तलाक तक आ गई।
दरअसल, दोनों लड़कियों की एक कैंप में मुलाकात हुई थी। उस वक्त सेक्स चेंज कराकर लड़का बनने वाली लड़की टीचर थी, जबकि पत्नी बनने वाली लड़की उसी टीचर की स्टूडेंट थी। दोनों दोस्त बन गए। फिर इन्होंने शादी करने का फैसला किया। सेक्स चेंज कराने के लिए टीचर ने 10 लाख रुपए खर्च भी किए। फिर हिंदू रीति-रिवाज से शादी कर ली। इसके बाद एक लड़की को भी गोद लिया।
लेकिन कुछ ही साल में दोनों में छोटी-छोटी बातों को लेकर तकरार बढ़ने लगी। घर का खर्च चलाने तक के लिए पैसे पर अनबन हुई और आखिर में बात तलाक तक पहुंच गई।
राजस्थान में लेडी पीटआई ने अपनी छात्रा से की शादी
राजस्थान के भरतपुर जिले के डीग कस्बे में एक लेडी PTI मीरा को अपनी ही स्टूडेंट कल्पना से प्यार हो गया। दोनों के बीच 5 साल तक अफेयर चला।
बात घरवालों तक पहुंची। दोनों के घरवाले भी राजी हो गए। अपना प्यार पाने के लिए PTI मीरा जेंडर चेंज कराकर आरव बन गई। यानी लड़की से लड़का बन गई। बीते 4 नवंबर, 2022 को आरव (30) और कल्पना (21) की शादी हो गई।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.