‘इंडियन मेडिटेशन कूड़ा है’, 'इंडिया भीड़ और शोर-शराबे वाली गंदी जगह है', 'इंडियंस यहां-वहां चूहे की तरह फैले रहते हैं', ‘भारत में बच्चे भूख से मर जाते हैं’, ‘विदेश में रहने वाले इंडियन वापस भारत आने पर बीफ को मिस करते हैं' और 'माधुरी दीक्षित कोढ़ से ग्रस्त सेक्स वर्कर हैं’
ये कुछ बातें हैं जो नेटफ्लिक्स के चर्चित शो ‘द बिग बैंग थ्योरी’ में कही गई हैं। दरअसल, मूल रूप से यह एक अमेरिकी टीवी शो है। जिसको 12 सीजन में नेटफ्लिक्स पर रिलीज किया गया। जहां यह दुनिया भर में काफी पॉपुलर भी हुआ।
लेकिन पिछले दिनों इस शो की एक क्लिप वायरल हुई, जिसमें एक कलाकार एक्ट्रेस माधुरी दीक्षित और ऐश्वर्या राय की तुलना करते हुए माधुरी दीक्षित को कोढ़ से पीड़ित सेक्स वर्कर बताता है।
क्लिप वायरल होने के बाद भारत में इस शो का खूब विरोध हो रहा है। माधुरी के एक फैन ने नेटफ्लिक्स को लीगल नोटिस भेजा तो जया बच्चन ने डायलॉग बोलने वाले एक्टर को ही पागल कह दिया।
लेकिन शो में इस डायलॉग से इतर भी कई ऐसी बातें कही गई हैं जो भारत, हिंदू धर्म और महिलाओं के लिए काफी आपत्तिजनक हैं। जिसके चलते कई लोग भारत में इस शो को बैन करने की मांग कर रहे हैं।
इंडियन को बनाया मूर्ख कैरेक्टर, जो बिना शराब पिए लड़कियों से बात नहीं करता
‘बिग बैंग थ्योरी’ में राजेश कुथरोपल्ली नाम का एक इंडियन कैरेक्टर है। इस किरदार को कुणाल नैय्यर ने निभाया है। उसे शो के सबसे बेवकूफ और दब्बू कैरेक्टर के रूप में दिखाया गया है। वह बिना शराब पिए किसी लड़की से बात नहीं कर पाता। वीजा की अवधि खत्म होने के बाद भी अमेरिका में रहना चाहता है, क्योंकि उसे लगता है कि भारत लौटने पर वह भूख से मर जाएगा।
शो में भारत को गंदे, भीड़भाड़ और शोरगुल वाले देश के रूप में दिखाया गया है। जहां राजेश वापस नहीं लौटना चाहता।
स्टोरी में आगे बढ़ने से पहले इस पोल के माध्यम से अपनी राय साझा करते चलें...
यहूदी कैरेक्टर ने इंडियन मेडिटेशन को कूड़ा बताया, हिंदू किरदार को खिलाया बीफ
इसी शो के एक हिस्से में वोलोवित्स नाम के एक यदूही कैरेक्टर ने इंडियन मेडिटेशन सिस्टम को ‘एक तरह का कूड़ा’ कहा। इसके अलावा शो के एक हिस्से में राज नाम का हिंदू किरदार कहता है कि ‘इंडिया जाकर मैं बीफ को बहुत मिस करूंगा।’ शो में उसे बीफ बर्गर खाते हुए भी दिखाया गया है।
शो के कई हिस्सों में काली, गणेश और शिवजी जैसे हिंदू देवी-देवताओं को लेकर भी आपत्तिजनक टिप्पणी की गई है।
बॉडी शेमिंग से लेकर इंडियन लहजे और खाने का भी उड़ाया मजाक
‘बिग बैंग’ के लगभग हर एपिसोड में लैनर्ड नाम के एक किरदार का मजाक उड़ाया जाता है; क्योंकि उसकी हाइट कम है। इसी तरह वोलोवित्स को भी अक्सर बॉडी शेमिंग का शिकार होना पड़ता है।
मूल रूप से अंग्रेजी में बनाए गए इस शो में हिंदी और दूसरी भाषाओं का भी खूब मजाक बनाया गया है। शो में एक जगह भारतीयों में अंग्रेजी बोलने के लहजे और भारतीय खाने का भी मजाक उड़ाया गया।
महिलाओं के ‘शिकार’ की तरकीब सिखाता है शो
‘बिग बैंग थ्योरी’ शो के कई हिस्सों में महिलाओं को लेकर भी विवादित टिप्पणियां की गई हैं। जिसके चलते यह शो पहले भी फेमिनिस्ट्स के गुस्से का शिकार हो चुका है। इस शो में एक बार वोलोवित्स के किरदार को लड़कियों के शिकार की तरकीब सिखाते देखा जा सकता है।
'स्लमडॉग मिलियनेयर' और 'लाइफ ऑफ पाई' जैसी फिल्मों पर भी आरोप
‘बिग बैंग थ्योरी’ से उपजा विवाद पहला मामला नहीं है; जब पश्चिमी दुनिया की किसी फिल्म या शो पर भारतीयों के अपमान के आरोप लगे हैं। ऐसे पहले भी हो चुका है। कई फिल्म समीक्षक ऐसा मानते हैं कि हॉलीवुड के फिल्म निर्माता आज भी औपनिवेशिक माइंड सेट में जी रहे हैं। वो भारत को बाबाओं, सांप-संपेरों और भूखों का देश मानकर चलते हैं। 'द 100 फुट जर्नी', 'स्लमडॉग मिलियनेयर', 'लाइफ ऑफ पाई' और 'द मिस्ट्रेस ऑफ स्पाइसेस' जैसी फिल्मों पर भी इस तरह के आरोप लग चुके हैं।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.