पाकिस्तान की शहबाज शरीफ की कैबिनेट में कद्दावर नेता मरियम औरंगजेब को जगह दी गई है। शहबाज शरीफ की कैबिनेट में औरंगजेब सहित कुल 34 मंत्रियों ने शपथ ली। मरियम औरंगजेब इमनें सबसे अहम महिला चेहरा हैं।
पाकिस्तानी मुस्लिम लीग-नवाज की प्रवक्ता मरियम औरंगजेब इमरान खान की मुखर विरोधी रही हैं। इमरान के सत्ता नहीं छोड़ने पर उन्होंने अपनी सरकार आने के बाद जेल भिजवाने की धमकी दी थी। पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की बेटी और मौजूदा प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की भतीजी मरियम नवाज उनकी अच्छी दोस्त मानी जाती हैं।
लंदन से हुई है पढ़ाई, NGO में काम करती थीं
मरियम औरंगजेब का परिवार मूल रूप से रावलपिंडी का रहने वाला है। उनकी शुरुआती पढ़ाई वहीं से हुई। इसके बाद उन्होंने लंदन के प्रतिष्ठित किंग्स कॉलेज से मास्टर्स डिग्री हासिल की। पाकिस्तान लौटने के बाद औरंगजेब एक NGO में काम करने लगीं। स्टूडेंट लाइफ से ही औरंगजेब राजनीतिक मसलों पर मुखर रही हैं। मौजूदा वक्त में उनकी गिनती पाकिस्तानी पार्लियामेंट के सबसे अच्छे वक्ताओं में होती है।
मां से विरासत में मिली राजनीति, अब उनसे बड़ा है कद
मरियम औरंगजेब को राजनीति अपनी मां से विरासत में मिली। उनकी मां ताहिरा औरंगजेब भी पाकिस्तानी मुस्लिम लीग-नवाज की बड़ी नेता मानी जाती हैं। वो 2008 से लगातार नेशनल असेंबली मेंबर हैं। हालांकि मरियम की मां भले ही उनसे पहले राजनीति में आई हों वर्तान में मरियम का राजनीतिक कद उनकी मां से कहीं बड़ा है।
मरियम नवाज शरीफ की सरकार में इन्फॉर्मेशन मिनिस्टर थीं। पनामा पेपर लीक होने पर नवाज की सरकार गिरने के बाद अब्बासी सरकार में भी मरियम मंत्री बनीं। इस दौरान उनकी मां ताहिरा केवल मेंबर ऑफ पार्लियामेंट थीं।
इमरान खान पर मुकदमा चलाना चाहती हैं
मरियम औरंगजेब इमरान खान की मुखर विरोधी रही हैं। विपक्ष में रहते हुए वो सदन में महंगाई और करप्शन को लेकर इमरान सरकार को घेरती रही हैं। इमरान की बीवी बुशरा बेगम की खास सहेली फराह खान को लेकर भी उन्होंने सवाल उठाए थे। उनका कहना था कि इमरान के रसूख का इस्तेमाल करके फराह परोक्ष रूप से पंजाब की मुख्यमंत्री बन गई हैं और पैसे लेकर ट्रांसफर पोस्टिंग कर रही हैं।
मरियम नवाज के साथ है अच्छी अंडरस्टैंडिंग
मरियम नवाज और मरियम औरंगजेब में नाम के अलावा और भी बहुत समानताएं हैं। दोनों का ताल्लुक एक राजनीतिक खानदान से है, दोनों इमरान खान की कट्टर विरोधी हैं और एक ही पार्टी में हैं। यही कारण है कि मरियम नवाज और मरियम औरंगजेब के बीच अच्छी अंडरस्टैंडिंग है। कुछ लोग मानते हैं कि मरियम नवाज से दोस्ती के चलते ही पार्टी में औरंगजंब का कद तेजी से बढ़ा है।
कई बार मरियम औरंगजेब को मरियम नवाज के पुराने कपड़ों में देखा गया है। जिसके बाद सोशल मीडिया पर उनका काफी मजाक उड़ाया गया था। लोगों ने उन्हें मरियम नवाज का पिछलग्गू बताया था।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.