नमस्कार,
अगर आप दिनभर की भागदौड़ में किसी खबर से चूक गई हैं तो हम आपके लिए लाए हैं इवनिंग न्यूज ब्रीफ। इसमें आपको मिलेंगी देश, विदेश, बिजनेस, खेल और मनोरंजन जगत की सभी अहम खबरें, जिसे मात्र 2 मिनट में पढ़कर आप अपने आपको रख सकेंगी अपडेट।
1. वैक्सीन सर्टिफिकेट से पकड़ी गई दूसरी शादी, इंदौर में बिजनेसमैन की जेब में मिला सबूत
इंदौर में कोरोना वैक्सीन सर्टिफिकेट से एक बिजनेसमैन की दूसरी शादी पकड़ी गई है। महिला ने जब पति का पैंट धोने के लिए निकाला तो उसे जेब से वैक्सीन सर्टिफिकेट मिला। इसका पता चलते ही दोनों के बीच विवाद भी हुआ। मामला मई 2021 का है। इस बीच परिवार और अन्य लोग रिश्ते को टूटने से बचाने की कोशिश में लगे रहे। पति ने दोनों पत्नियों को साथ रखने का प्रस्ताव भी दिया। जिसे पहली पत्नी ने मना कर दिया।
2. राजस्थान: बाहर अफेयर करते हैं तो पत्नी संबंध को कहती है-NO, फिर पति नहीं देते घर खर्च
पति घर खर्च के लिए रुपए नहीं देगा। किसी दूसरी औरत के पास जाएगा या कोई दूसरी औरत नहीं मिली तो पत्नी के साथ ही रेप करेगा। ये चौंकाने वाला खुलासा नेशनल फैमिली हेल्थ सर्वे-5 में हुआ है। सर्वे में कई चिंताजनक फैक्टर सामने आए मसलन- पत्नी के सामने मारपीट की सबसे बड़ी दो वजह होती हैं- ससुराल वालों की इज्जत न करना और पति से बहस करना। पत्नी की उम्र कम है तो पति का शक और जलन बढ़ जाती है। सर्वे में जो सबसे उम्मीद की बात थी वो ये कि 78.3 % पुरुषों का मानना है कि पत्नी अगर सेक्स के लिए मना करती है तो यह उसका हक है।
3. कार्तिक की ‘भूल-भुलैया’ ने 2 दिन में कमाए 32 करोड़, साल की चौथी सबसे बड़ी हिट बनी
एक्टर कार्तिक आर्यन और कियारा आडवाणी स्टारर 'भूल भुलैया-2' की हॉरर कॉमेडी फिल्म ने 2 दिन में ही 32 करोड़ रुपए से ज्यादा कमा लिए हैं। इसके साथ ही KGF-2, डॉक्टर स्ट्रेंज-2 और RRR के बाद 'भूल भुलैया-2' हिंदी बेल्ट में 2022 की चौथी हाईएस्ट परफॉर्मिंग फिल्म भी बन गई है। ट्रेड एनालिस्टों का मानना है कि 'भूल भुलैया-2' जल्द ही कार्तिक के करियर की सबसे बड़ी फिल्म भी बन सकती है।
4. नवजात की धड़कन रुकी, मुंह से सांस देकर नर्स ने बचा ली मासूम की जान
राजस्थान में एक नर्सिंग ऑफिसर की सूझबूझ से एक प्रीमेच्योर बेबी और महिला की जान बच गई। यह मामला बाड़मेर के मंडली गांव के आदर्श प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का है। डिलीवरी के बाद बच्चे की धड़कन बंद हो गई थी। नर्स ने तुरंत बच्चे को ऑक्सीजन दी, लेकिन तभी लाइट चली गई। इसके बाद नर्स बच्चे को करीब 10 मिनट तक मुंह से सांस (रिससिटेशन प्रोसेस) देती रहीं। इससे बच्चे का दिल धड़कने लगा और उसकी जान बच गई। सोशल मीडिया पर नर्स की तारीफ हो रही है। इसका एक वीडियो भी सामने आया है।
5. बिन ब्याही मां के बेटे हैं ऑस्ट्रेलिया के नए PM, नाजायज का ठप्पा न लगे, इसलिए छिपाई बात
ऑस्ट्रेलिया में लेबर पार्टी के नेता एंथनी अल्बनीज ने नए प्रधानमंत्री होंगे। उन्होंने आम चुनावों में स्कॉट मॉरिसन को मात दी है। अपनी मां के इकलौते बेटे एंथनी को बचपन में बताया गया कि उनके पिता कार एक्सीडेंट में नहीं रहे, लेकिन जब वो मंत्री बने तो वो अपने पिता से मिले। एंथनी ने जब भी पिता के बारे में पूछा तो मां ने बताया कि उनके पिता कार्लो अल्बनीज नहीं रहे। तंगहाली के दौरान एक दिन उनकी मां ने बताया कि उनके पिता जिंदा हैं। बिना शादी के एंथनी का जन्म हुआ था, बेटे पर नाजायज का ठप्पा न लगे, इसलिए मां ने हमेशा झूठ बोला।
6. हेवी ईयररिंग से दीपिका पादुकोण का बुरा हाल, लोगों ने उड़ाया मजाक
दीपिका पादुकोण कान्स फिल्म फेस्टिवल 2022 में ज्यूरी मेंबर बनकर पहुंची हैं। लेकिन वहां जरूरत से ज्यादा हेवी ईयररिंग पहनने पर उनको बुरी तरह ट्रोल किया जा रहा है। दीपिका पादुकोण ने सब्यासाची की साड़ी के साथ हेवी जूलरी पहनी थी। हेवी ईयररिंग के कारण एक्ट्रेस के कान बुरी तरह लटक चुके थे, जिसे लोगों ने खूब नोटिस किया। तस्वीरें सामने आते ही लोगों ने एक्ट्रेस को बुरी तरह ट्रोल करना शुरू कर दिया।
7. पत्नी किसी और पुरुष से बात करे तो 26% पति चिढ़ जाते हैं, 19% उस पर नजर रखना चाहते हैं
शादी के बाद पति अपनी पत्नियों पर कंट्रोल दिखाने की कोशिश में रहते हैं। देश में करीब 26 फीसदी ऐसे लोग हैं जिनकी पत्नी अगर किसी दूसरे से बात करे तो वे काफी चिढ़ते हैं। 19 फीसदी पति अपनी पत्नी को दोस्तों से मिलने की अनुमति नहीं देते हैं। 15 फीसदी पति ऐसे हैं जो अपनी वाइफ की फैमिली से बातचीत को भी सीमित रखना चाहते हैं। 19 फीसदी पति ऐसे हैं जो हर वक्त ये जानना चाहते हैं कि उनकी पत्नी इस वक्त कहां है। 20 फीसदी पति रुपए-पैसे को लेकर वाइफ पर भरोसा नहीं करते हैं। नेशनल फैमिली हेल्थ सर्वे-5 में ये सब बातें सामने आई हैं।
8. दिल्ली में महिला ने दो बेटियों संग आत्महत्या की, कमरे को गैस चैंबर बनाया
दिल्ली के वसंत विहार इलाके में शनिवार रात एक महिला ने अपने दो बेटियों के साथ आत्महत्या कर ली। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, 50 साल की महिला ने सुसाइड के लिए फ्लैट में अंगीठी जलाई और उसे एक गैस चैंबर बना लिया। पुलिस को कमरे से कई सुसाइड नोट्स भी मिले हैं। फ्लैट के सभी दरवाजे और खिड़कियां पॉलीथिन से पैक थे और सिलेंडर की नॉब खुली हुई थी। पास में एक जलती हुई अंगीठी भी मिली। माना जा रहा है कि कोयले के धुएं की वजह से कमरे में जहरीली कार्बन मोनोऑक्साइड गैस बनी और तीनों का दम घुट गया।
9. गर्मियों में टॉप फ्लोर घर को ठंडा रखने के लिए छत पर हीट रिफ्लेक्टिव टाइल्स लगवाएं
बेतहाशा गर्मी के चलते टॉप फ्लोर पर बने घर में रहना मुश्किल हो गया है। पंखा-कूलर राहत नहीं दे रहे। लगातार एसी चलाने से बिजली का बिल बहुत आता है। कमरे को कूल रखने के लिए कुछ उपाय क सकते हैं। छत पर हीट रिफ्लेक्टिव टाइल्स लगवाएं। ये सामान्य टाइल की तुलना में मोटी होती हैं और छत को गर्मी सोखने से रोकती हैं। छत और सीलिंग के बीच के स्पेस में फाल्स सीलिंग लगवाएं। ये गर्मी सोख लेती है। एंटी रेडिएशन पेंट कराएं। सामान्य की अपेक्षा 2°C से 3°C तक घर को ठंडा रखने में मदद करता है।
10. पाकिस्तान में महिला नेता को पुलिस ने पीटा, पूर्व मंत्री ने की थी सेना की आलोचना
पाकिस्तान की पूर्व मानवाधिकार मंत्री शिरीन मजारी को पुलिस ने हिरासत में लिया है। मजारी की बेटी का दावा है कि पुलिस अधिकारियों ने उनकी मां की पिटाई की और उन्हें अपने साथ ले गए। इमरान खान को पीएम पद से हटाए जाने के बाद से पूर्व मंत्री शिरीन मजारी लगातार सेना की आलोचना करती आईं हैं। पाकिस्तान की पूर्व मंत्री शिरीन मजारी को किस आरोप में गिरफ्तार किया गया है। इस बात की अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
आप इस न्यूज ब्रीफ को शेयर भी कर सकती हैं…
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.