• Hindi News
  • Women
  • Imran Khan | Imran Khan’s Wife Bushra Bibi Audio Goes Viral

बुशरा बीवी के चलते इमरान खान की उड़ी खिल्ली:पाकिस्तान में टोने-टोटके से पूर्व PM का बनाया मजाक, तो कभी टेप लीक कर बढ़ाई परेशानी

इस्लामाबाद9 महीने पहले
  • कॉपी लिंक

पाकिस्तान के पूर्व पीएम इमरान खान की बेगम बुशरा बीबी उनके लिए मुसीबत बनती जा रही हैं। बुशरा बीबी का एक ऑडियो वायरल हुआ है, जिसमें वो इमरान की पार्टी पीटीआई के सोशल मीडिया इन्चार्ज से अपने विरोधियों को ‘देशद्रोही’ बताने के लिए कह रही हैं। जिसके बाद पूरे पाकिस्तान में इमरान और उनकी पार्टी की किरकिरी हो रही है।

इससे पहले भी कई ऐसे मौके आए जब बुशरा ने इमरान खान के लिए मुश्किलें खड़ी कीं।

टोने-टोटके कर बनाया था पीएम का मजाक

बुशरा बीबी टोना-टोटका करने के लिए भी जानी जाती हैं। जब इमरान खान पाकिस्तानी पार्लियामेंट में अविश्वास प्रस्ताव का सामना कर रहे थे, तब ऐसी खबर आई थी कि सरकार बचाने के लिए बुशरा टोटके कर रही हैं। पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बुशरा बीबी ने काला जादू करते हुए अपने घर में कई टन जिंदा मुर्गे जला दिए। बुशरा के इस कारनामें की चर्चा दुनिया भर में हुई। दूसरी ओर उनका टोटका काम भी नहीं कर पाया। इमरान खान की सरकार गिर गई।

दोस्त को पाकिस्तान से बाहर भगाने का आरोप

पाकिस्तान में जब इमरान खान की सत्ता थी। तब बुशरा की खास सहेली फराह खान की खूब चलती थी। विपक्षी नेताओं का आरोप था कि फराह ने इमरान और बुशरा की मदद से करोड़ों की संपत्ति बनाई है। इमरान खान की स्थिति खराब होता देख फराह ने पाकिस्तान छोड़ दिया था। बताया जाता है कि बुशरा की मदद से ही उन्होंने ने ऐसा किया था।

एक बार इमरान खान से नाराज होकर बुशरा बीबी अपनी इसी सहेली के घर चली गई थीं। इस घटना ने भी इमरान की खूब फजीहत कराई। हालांकि बाद में इमरान के मनाने पर वो घर लौट आई थीं।

‘जिन्न को खुश रखने के लिए की थी शादी’

बुशरा की इमरान खान से पहले एक सरकारी अधिकारी से शादी हुई थी। दूसरी ओर इमरान की यह तीसरी शादी थी। पीएम बनने के कुछ ही दिन बाद 2018 में इमरान खान ने बुशरा बीबी से शादी की थी।

लोगों का कहना था कि इमरान खान ने बुशरा बीबी की आध्यात्मिक शक्तियों के चलते उनसे शादी की है। इमरान खान को भरोसा था कि बुशरा जिन्नात को खुश करके उनकी सरकार को किसी भी मुश्किल से निकाल सकती है। कई मीडिया रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया था कि इमरान खान 2015 से ही बुशरा बीबी के संपर्क में थे।

खबरें और भी हैं...