उत्तर प्रदेश के एक जरदोजी आर्टिस्ट को फेसबुक पर एक पाकिस्तानी लड़की से प्यार हो गया। अपने प्यार को पाने के लिए उसने सरहद पार कर ली। युवक का नाम मोहम्मद जमाल है और वह फर्रुखाबाद का रहने वाला है।
फेसबुक बना दोनों के प्यार का पुल
असल में ये प्यार फेसबुक के जरिए परवान चढ़ा। बाद में जमाल को पता चला कि लड़की पाकिस्तान से है। यह पता चलने पर भी उसके प्यार में कमी नहीं आई। 23 साल का जमाल लड़की से शादी करने पाकिस्तान चला गया। लड़की के घरवालों को मनाकर दोनों ने 17 जून को पाकिस्तान में शादी भी कर ली।
बेटे-बहू का स्वागत करने को बेताब परिवार
जमाल की वापसी का यूपी के फर्रुखाबाद में इंतजार किया जा रहा है। जमाल के पिता अलीमुद्दीन का कहना है कि हम बेटे और बहू के स्वागत करने के लिए बेताब हैं। उनके यहां आने पर ग्रैंड रिसेप्शन दिया जाएगा। यूपी के प्रशासन ने भी इस परिवार को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है ताकि विदेशी बहू को यहां कोई परेशानी न हो।
पाकिस्तानी बहू बन सकती है भारतीय नागरिक
अधिकारियों का कहना है कि लड़की फिलहाल टेंपरेरी वीजा लेकर भारत आ सकती है। यह एक साल तक वैलिड होता है। बाद में इसे तीन साल तक बढ़ाया जा सकता है। इसके बाद कपल 'स्पेशल मैरिज एक्ट' के तहत लड़की की नागरिकता के लिए ऐप्लाई कर सकता है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.