ऑस्ट्रिया की पूर्व विदेश मंत्री कैरिन केनिसल ने रूसी तेल कंपनी रोसनेफ्ट में बोर्ड से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने कभी रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ डांस किया था। 57 वर्षीया कैरिन उस वक्त चर्चा में आई थीं जब उन्होंने पुतिन को अपनी शादी में बुलाया था और वहां उनके साथ डांस किया और फोटो भी खिंचवाई थी।
रोसनेफ्ट रूस की सबसे बड़ी तेल कंपनी है। रूस के सबसे बड़े तेल उत्पादक रोसनेफ्ट का नेतृत्व पुतिन के करीबी सहयोगी इगोर सेचिन कर रहे हैं।
कंपनी ने कैरिन को लेकर जताया आभार
मॉस्को टाइम्स के मुताबिक कंपनी ने सोमवार को कैरिन के इस्तीफे की घोषणा करते हुए कहा कि हम उनके आभारी हैं। पिछले 10 महीनों में उन्होंने महामारी के कठिन समय में कंपनी को बेहतर तरीके से चलाया। कैरिन केनिसल ने 2017 और 2019 के बीच ऑस्ट्रिया के विदेश मंत्री के रूप में काम किया। वियना और मास्को के बीच संबंधों में सुधार में भी उनका काफी योगदान है।
कैरिन ने 2019 में ऑस्ट्रिया के विदेश मंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद जून 2021 में स्वतंत्र निदेशक के रूप में रोसनेफ्ट के बोर्ड में शामिल हुई थीं। कैरिन के इस्तीफे पर इसलिए चर्चा हो रही है क्योंकि यूक्रेन पर अटैक के चलते यूरोपीय देशों के रिश्ते रूस से अच्छे नहीं चल रहे हैं।
एक दिन पहले एक प्रस्ताव हुआ था पारित
कैरिन पश्चिमी देशों के मसलों और अन्य मुद्दों के साथ रूस के संबंधों पर टिप्पणी करती रही हैं। शुक्रवार को, पूर्व जर्मन चांसलर गेरहार्ड श्रोएडर और नॉर्ड स्ट्रीम 2 पाइपलाइन के कार्यकारी निदेशक मैथियास वार्निंग ने भी रोसनेफ्ट के बोर्ड पद से इस्तीफा दे दिया। इससे एक दिन पहले, यूरोपीय संसद ने रूस के साथ अपने संबंधों को लेकर श्रोएडर पर व्यक्तिगत प्रतिबंध लगाने का आह्वान करते हुए एक प्रस्ताव पारित किया था।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.