हंगरी में आम चुनाव के लिए करीब 20 दिन रह गए हैं। इससे पहले हंगरी की संसद ने गुरुवार को देश की पहली महिला राष्ट्रपति कातालिन नोवाक को चुन लिया। उनका कार्यकाल 5 साल का होगा। उन्होंने अर्थशास्त्री पीटर रोना के खिलाफ जीत हासिल की। 44 साल की नोवाक राष्ट्रपति का कार्यभार संभालने से पहले फैमिली अफेयर्स मिनिस्ट्री संभाल रही थीं।
यूक्रेन पर रूस के हमले की धुर विरोधी नोवाक ने सरकार के पूर्व सदस्य, मौजूदा राष्ट्रपति जानोस एडर से पदभार ग्रहण किया। जानोस राष्ट्रपति के रूप में दो कार्यकाल पूरा कर चुके हैं। इसलिए वो दोबारा राष्ट्रपति का चुनाव नहीं लड़ सकते थे। बताते चले कि हंगरी में राष्ट्रपति किसी राजनीतिक दल का सदस्य नहीं होता है। वह राज्य की एकता का प्रतिनिधित्व करता है। उसके कर्तव्य और दायित्व औपचारिक होते हैं।
जानकारों का कहना है कि प्रधानमंत्री विक्टर ओर्बन ने महिला मतदाताओं को अपने पक्ष में लाने के लिए तीन बच्चों की मां को राष्ट्रपति बनाने का दांव खेला है। अगले महीने अप्रैल की शुरुआत में देश में आम चुनाव होने वाले हैं।
समलैंगिकों के खिलाफ कानून बनाने में निभाई भूमिका
नोवाक की देश में समलैंगिकों के खिलाफ कानून बनाने में भी खास भूमिका रही है। माना जाता है कि विक्टर ओर्बान की फिदेश पार्टी देश में ईसाई-रूढ़िवादी एजेंडो को बढ़ावा देती है। इन्हीं की सरकार में नोवाक लंबे समय तक फैमिली मिनिस्टर रही हैं।
ऑक्सफोर्ड प्रोफेसर से हुआ सीधा मुकाबला
नोवाक का सीधा मुकाबला ओक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में पढ़ाने वाले प्रोफेसर और इकोनॉमिक्स पीटर रोना से था। साल 1956 में हंगरी छोड़कर चले गए पीटर रोना ने हंगरी की सरकारों की योजनाओं को लेकर काफी आलोचना की थी। पीटर ने कई बार कहा कि हंगरी की 74 फीसदी जनसंख्या गरीबी रेखा से नीचे रह रही है। पीटर ने यह आरोप यूरोपीय मानकों के आधार पर लगाया था।
देश की सबसे युवा राष्ट्रपति
इस चुनाव में तीन बच्चों की मां नोवाक के मुख्य प्रतिद्वंदी अर्थशास्त्री पीटर रोना थे। नोवाक ने 188 सदस्यों वाली नेशनल असेंबली में कुल 137 वोट हासिल किए जबकि पीटर को 51 वोट मिले। 44 साल की नोवाक फीडेक राजनीतिक दल से ताल्लुक रखती हैं और वह देश की सबसे युवा राष्ट्रपति भी हैं। नोवाक मीडिया पर नकेल कसने के लिए जानी जाती हैं। LGBT और यूरोपीय यूनियन के खिलाफ उनकी टिप्पणी अक्सर आती हैं।
विदेश मंत्रालय से शुरू किया था करियर
नोवाक ने साल 2001 से विदेश मंत्रालय में काम करना शुरू किया था। वे यूरोपीय संघ और यूरोपीय मामलों का दायित्व संभालती थीं। साल 2010 में वे मिनिस्ट्रीयल एडवाइजर बनीं और फिर उन्हें कैबिनेट ऑफ मिनिस्ट्री ऑफ ह्यूमन रिसोर्स का प्रमुख नियुक्त किया गया। साल 2014 में वे फैमिली एंड यूथ अफेयर्स की स्टेट सेक्रेटरी बनीं। नोवाक साल 2018 से नेशनल असेंबली की सदस्य हैं। साल 2020 और 2021 में फैमिली अफेयर्स की मिनिस्टर रही हैं।
चार भाषाएं जानती हैं नोवाक
कातालिन नोवाक हंगेरियन भाषा के अलावा फ्रेंच, इंग्लिश और जर्मन भाषा पर अपनी बेहतरीन पकड़ रखती हैं। अपने देश से इकोनॉमी और लॉ की पढ़ाई करने के बाद नोवाक ने पेरिस नेंटेरे यूनिवर्सिटी से अतिरक्त पढ़ाई की।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.