पड़ोसी देश श्रीलंका में इस वक्त हालात ठीक नहीं हैं। श्रीलंका में लोग आर्थिक और राजनीतिक संकट का सामना कर रहे हैं। 'मानिके मांगे हिथे' गाने से वायरल होने वाली श्रीलंकाई सिंगर योहानी दिलोका डी सिल्वा फिलहाल भारत में हैं। उन्होंने अपने देश की स्थित पर चिंता जाहिर की है। उन्होंने कहा कि सबकी तरह मुझे भी अपने देश से बहुत प्यार है। मैं मुंबई में हूं लेकिन मेरे पेरेंट्स, बहन, दोस्त और म्यूजिशियन फ्रेंड्स जिनके साथ मैंने काम किया है, वो सब श्रीलंका में हैं।
फिलहाल मेरे देश को मदद की जरूरत है
योहानी कहती हैं- मेरा देश बुरे समय से गुजर रहा है। फिलहाल हमें मदद की जरूरत है। वहां पर लोग जिस तरीके से जी रहे हैं, ये देखकर मुझे बहुत पीड़ा हो रही है। ये बहुत जरूरी है कि मैं अपनी लोकप्रियता और आवाज़ का इस्तेमाल लोगों की मदद करने के लिए करूं। श्रीलंका की बेहतरी के लिए मुझसे जो बन पड़ेगा वो मैं करूंगी।
वीडियो के जरिए फैंस से देश के लिए मांगी मदद
पिछले महीने योहानी और कुछ म्यूजिशियन ने एक प्रोजेक्ट किया था। उसमें उन लोगों ने 10 लाख रुपए जुटाए। योहानी ने अपने फैंस से मदद के लिए भावुक अपील वाली वीडियो पोस्ट की थी। पोस्ट में उन्होंने लिखा था- 'अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपने देश की एम्बेस्डर होने के नाते और स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मैं लोगों की घर वापसी के लिए गाना चाहती हूं।'
एक गाने ने योहानी के लिए खोला बॉलीवुड का दरवाजा
28 साल की योहानी दिलोका डी सिल्वा का जन्म 30 जुलाई 1993 को कोलंबिया में हुआ। योहानी के पिता प्रसन्ना डी सिल्वा पूर्व सेना अधिकारी मेजर जनरल रह चुके हैं। वहीं मां पत्नी दीनिथि डी सिल्वा श्रीलंकाई एयरलाइंस में केबिन क्रू सदस्य थीं। योहानी की पहचान एक श्रीलंकाई सिंगर, गीतकार, रैपर, म्यूजिक प्रोड्यूसर और यूट्यूबर की है। उन्होंने अपने म्यूजिक करियर की शुरुआत यूट्यूब से ही की थी। श्रीलंका में तो वो अपने 'देवियांगे बरे' से फेमस हो चुकी थी लेकिन वर्ल्डवाइड पहचान 'मानिके मांगे हिथे' से मिली। इस गाने के बाद उनको बॉलीवुड से भी ऑफर मिले।
बॉलीवुड में करियर बनाने के लिए सीख रहीं हिंदी
योहानी श्रीलंका की पहली महिला सिंगर हैं, जिनके यूट्यूब पर 34 लाख सब्सक्राइबर्स हैं। 'मानिके मांगे हिथे' से वो इतनी फेमस हुईं कि उन्होंने बॉलीवुड से कई ऑफर मिलने लगे। बॉलीवुड में अपना करियर जमाने के लिए वो हिंदी सीख रही हैं। पिछले साल आई फिल्म 'शिद्दत' के टाइटल ट्रैक का फीमेल वर्जन योहानी ने गाया है। योहानी ने 'बिग बॉस-15' में सलमान खान के साथ स्टेज शेयर किया था। सिंहली भाषा में गाया उनका गाना 'मानिके मांगे हिथे' भारत में इतना पसंद किया गया कि इसे तेलुगू, तमिल, कन्नड़, मलायलम, मराठी, पंजाबी, भोजपुरी, असमी, गुजराती और हिंदी में भी डब किया गया है। वहीं इंटरनेशनली बात करें तो इस गाने को नेपाली, पुर्तगाली, स्पैनिश, इंग्लिश और जर्मन भाषा में डब किया गया है।
संगीत के अलावा बिजनेस में भी योहानी की पकड़
योहानी टिकटॉक की भी बड़ी स्टार हैं। उनका श्रीलंका में म्यूजिक इंस्ट्रूमेंट का एक्सपोर्ट-इम्पोर्ट का बिजनेस भी है। भारत में ए आर रहमान उनके फेवरेट म्यूजिशियन हैं। वह स्विमर, वूशू फाइटर और वॉटर पोलो प्लेयर भी रही हैं। वह बौद्ध धर्म को मानती हैं।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.