• Hindi News
  • Women
  • When She Screamed, The Hotel Worker Stabbed Her, Somewhere She Teased With Color, Somewhere In The Middle Of The Market

विदेशी महिला के टेंट में आधी रात घुसकर शोषण:चिल्लाने पर हाेटलकर्मी ने छुरा मारा, देश में कहीं जबरन रंग लगाने-कहीं बीच बाजार छेड़ने के मामले

पणजी/मुंबई/नई दिल्ली2 महीने पहले
  • कॉपी लिंक

हाल ही में गोवा में एक डच टूरिस्ट के साथ यौन शोषण का मामला सामने आया है। रिजॉर्ट में काम करने वाले एक शख्स ने आधी रात के वक्त एक डच महिला के टेंट में घुसकर उसके साथ बदसलूकी की। जब वह चिल्लाई तो शख्स ने महिला छुरा मार दिया।

पीड़िता की चीख सुनकर पास में मौजूद एक मैनेजर मदद के लिए पहुंचा तो आरोपी ने उसे भी चाकू मार दिया जो कि बुरी तरह घायल हो गया। हालांकि, पुलिस ने आरोपी को अरेस्ट कर लिया है जो कि उत्तराखंड का रहने वाला बताया गया है।

गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने इस घटना के बाद राज्य के सभी होटलों को निर्देश दिया कि वे अपने सभी कर्मचारियों का पंजीकरण गोवा श्रम कार्ड में कराएं जिससे उनका रिकॉर्ड और स्थायी पते की जानकारी रखने में मदद मिल सके।

भारत में आए दिन बलात्कार और यौन उत्पीड़न की खबरें अब आम सी हो गई हैं। यौन उत्पीड़न का शिकार न केवल भारतीय महिलाएं हो रही हैं, बल्कि विदेश से भारत आने वाली महिलाओं को भी इसका सामना करना पड़ रहा है।

आगे बढ़ने से पहले इस पोल के जरिए अपनी राय साझा करते चलिए

जापानी हो या कोरियाई या फिर यूरोपियन सबके साथ ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं। नतीजा ये हुआ कि कई देशों के दूतावास अपने नागरिकों को भारत में सख्त एहतियात बरतने की सलाह देने लगे हैं।

हाल ही में विदेशी महिलाओं के साथ हुईं इन घटनाओं पर भी गौर कर लीजिए-

होली के दिन दिल्ली में जापानी महिला से छेड़छाड़

राजधानी दिल्ली पहाड़गंड इलाके में इसी साल होली वाले दिन एक शर्मनाक घटना सामने आई। यहां जापान से आई एक विदेशी महिला के साथ 3 लड़कों ने छेड़छाड़ के अलावा मारपीट भी की।

जापान की युवती ने भारत से जाने के बाद ट्वीट कर इस घटना को भयावह बताया था।
जापान की युवती ने भारत से जाने के बाद ट्वीट कर इस घटना को भयावह बताया था।

लड़कों ने महिला की इच्छा के बिना उसे जबरदस्ती रंग लगाया और सिर पर अंडे भी फोडे़। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। वीडियो से हरकत में आई दिल्ली पुलिस ने 3 आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया जिसमें से एक नाबालिग बताया गया। पीड़ित महिला ने अगले ही दिन भारत छोड़ दिया था।

कोरियाई यूट्यूबर से मुंबई में छेड़छाड़

इससे पहले दिसंबर 2022 में मुंबई की एक सड़क पर एक युवक द्वारा एक महिला यूट्यूबर से कथित रूप से छेड़छाड़ करने का वीडियो वायरल हुआ। दक्षिण कोरियाई महिला उपनगरीय खार इलाके में ‘लाइवस्ट्रीमिंग’ कर रही थी।

कोरियाई यू-ट्यूबर के साथ कुछ लड़कों ने छेड़खानी की थी तो बाद में दो युवक उसकी मदद को आगे आए थे।
कोरियाई यू-ट्यूबर के साथ कुछ लड़कों ने छेड़खानी की थी तो बाद में दो युवक उसकी मदद को आगे आए थे।

वीडियो में दिख रहा है कि एक युवक महिला के काफी करीब आया और उसने महिला के विरोध करने पर भी उसका हाथ पकड़कर उसे खींचने की कोशिश की। जैसे ही महिला घटनास्थल से दूर जाने लगी, तो वही आदमी अपने एक दोस्त के साथ फिर से मोटरसाइकिल पर दिखाई दिया और उसने महिला को उसके गंतव्य तक छोड़ने की पेशकश की, जबकि महिला ने टूटी-फूटी अंग्रेजी में उसकी पेशकश ठुकरा दी।

28 साल की आयरिश महिला का रेप कर की हत्या

गोवा में आयरलैंड की एक महिला की हत्या के मामले में पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में पुष्टि की गई है कि बलात्कार के बाद गला घोंटकर उसकी हत्या की गई थी। 28 साल की डैनिएल फरवरी 2017 में भारत आई थीं।

ब्रिटिश पासपोर्ट पर आयरलैंड से आई हुई डैनिएल मैकलॉक्लिन की लाश गोवा में कैनाकोना के पर्यटन स्थल के पास खुले मैदान में मिली थी।
ब्रिटिश पासपोर्ट पर आयरलैंड से आई हुई डैनिएल मैकलॉक्लिन की लाश गोवा में कैनाकोना के पर्यटन स्थल के पास खुले मैदान में मिली थी।

स्विस महिला के साथ मध्य प्रदेश में गैंगरेप

मार्च 2013 एक स्विस महिला भारत में कैंप करने आई थी तब उसके साथ मध्य प्रदेश के दतिया के झाड़िया गांव में सामूहिक बलात्कार हुआ। वह स्विस महिला अपने पति के साथ मध्य प्रदेश के ओरछा से आगरा तक साइकिल से भ्रमण पर निकली थी।

चीनी युवती के साथ दिल्ली में बलात्कार

जनवरी 2013 में चीन की एक 23-वर्षीय कामकाजी युवती ने आरोप लगाया कि पार्टी आयोजित करने वाले एक कर्मचारी ने उनके साथ बलात्कार किया। उन्होंने अगले दिन पुलिस थाने में बलात्कार की शिकायत लिखवाई। इस घटना के बाद चीन के इंटरनेट सर्किल में भारत के बारे में बहुत बुरा-भला लिखा गया था।

गोवा में रूसी बच्ची के साथ रेप

साल 2010 में गोवा में एक रूसी बच्ची के साथ हुए बलात्कार के बाद वहां के सैलानियों में काफी रोष देखा गया था। नौ वर्षीय रूसी बच्ची की मां को एक पुरुष ने बातों में उलझाया जिस दौरान उनकी बच्ची के साथ आरंबोल बीच पर ये दुष्कर्म किया जा रहा था। मामले के बाद रूसी दूतावास ने अपने नागरिकों के लिए सुरक्षा निर्देश जारी किए जिसमें कहा गया कि भारत में घूमते हुए उन्हें खास चौकन्ना रहना चाहिए।

देश में महिलाओं के खिलाफ अपराधों की संख्या 4 लाख से ऊपर

नेशनल क्राइम रिपोर्ट ब्यूरो यानी एनसीआरबी के अनुसार, महिलाओं के खिलाफ क्राइम के तहत रेप, रेप के बाद हत्‍या, दहेज, एसिड अटैक, खुदकुशी के लिए उकसाना, अपहरण, जबरन शादी, ह्युमन ट्रैफिकिंग (मानव तस्करी) और ऑनलाइन उत्‍पीड़न जैसे मामले दर्ज होते हैं।

वर्ष 2021 में देश में महिलाओं के खिलाफ अपराध के कुल 4,28,278 मामले दर्ज किए गए, अपराध की दर (प्रति एक लाख का आबादी पर) 64.5 रही।

देश की राजधानी दिल्‍ली में 2021 में रेप के 1250 केस दर्ज किए गए। रेप के अपराध की दर (प्रति लाख जनसंख्या) राजस्थान (16.4) में सबसे अधिक थी, इसके बाद चंडीगढ़ (13.3), दिल्ली (12.9), हरियाणा (12.3) और अरुणाचल प्रदेश (11.1) का स्थान रहा।

जबकि पूरे देश में औसत दर की बात करें तो यह 4.8 रही। आधिकारिक आंकड़े बताते हैं कि ऐसे अपराधों में अपराधों में चार्जशीटिंग दर 77.1 रही।

महिलाओं के खिलाफ अपराधों में टॉप-5 राज्य

राज्यमामले
यूपी56,083
राजस्थान40,738
महाराष्ट्र39,526
​​प. बंगाल35,884
ओडिशा31,352

स्रोत: एनसीआरबी रिपोर्ट 2022