नमस्कार,
अगर आप दिनभर की भागदौड़ में किसी खबर से चूक गई हैं तो हम आपके लिए लाए हैं इवनिंग न्यूज ब्रीफ। इसमें आपको मिलेंगी देश, विदेश, बिजनेस, खेल और मनोरंजन जगत की सभी अहम खबरें, जिसे मात्र 2 मिनट में पढ़कर आप अपने आपको रख सकेंगी अपडेट।
1. देवर की शादी में पल्लू उल्टा रखने की सजा, पंचायत ने गांव से निकाला, 17 साल से जंगल में रहने को मजबूर
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर के एक गांव में आदिवासी महिला मीना बाई और उसके परिवार को पंचायत 17 साल के लिए गांव से निकाल दिया है। मीना की गलती बस इतनी सी थी कि देवर की शादी में साड़ी का पल्ला उल्टा रख लिया था। इस वजह से वो बड़े-बूढ़ों के सामने सिर पर पल्लू नहीं रख पाई। यह बात पंचायत को अच्छी नहीं लगी तो उन्होंने उसका हुक्कापानी बंद कर बहिष्कार का फरमान जारी कर दिया। 17 साल से मीना और उसका परिवार गांव से 30 किमी दूर जंगल में रह रहे हैं।
2. बेबी डॉल फेम कनिका कपूर की 43 की उम्र में शादी, गौतम संग लंदन में लिए सात फेरे
‘बेबी डॉल’ फ़ेम सिंगर कनिका कपूर अपने मंगेतर गौतम के साथ शादी के बंधन में बंध गई हैं। कनिका और गौतम ने लंदन के फ़ाइव स्टार होटल में अपने करीबी दोस्त और रिश्तेदारों के सामने एक-दूसरे का हाथ थामा। कनिका की ये दूसरी शादी है। उनकी पहली शादी महज 18 साल की उम्र में हो गई थी। 2012 में तलाक के बाद से वो बतौर सिंगल मदर बच्चों की परवरिश कर रही थीं। पहली शादी से उनके तीन बच्चे युवराज, अयाना और समारा हैं।
3. मरियम नवाज से बोले इमरान- आप मेरा इतना नाम लेती हैं, कहीं आपके पति परेशान न हो जाएं
पाकिस्तान के पूर्व पीएम इमरान खान मरियम नवाज के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी कर विवादों में हैं। अपनी एक रैली में इमरान ने कहा- ‘वो कल कहीं भाषण दे रही थीं, सोशल मीडिया पर जो भाषण मुझे मिला उसमें मरियम ने इतने जुनून के साथ मेरा नाम लिया कि मैं उनसे कहना चाहूंगा मरियम सावधान रहें! जैसे आप मेरा नाम दोहराती हैं, कहीं आपके पति परेशान न हो जाएं।’ इस पर इमरान की पूर्व पत्नी रेहम खान ने कहा- ‘मुझे इस बात पर बहुत शर्मिंदगी है कि मैं कभी ऐसे घटिया आदमी से जुड़ी हुई थी।’
4. क्रिकेटर दीपक चाहर दिल्ली की जया का थामेंगे हाथ, 1 जून को आगर में लेंगे सात फेरे
टीम इंडिया के स्टार गेंदबाज दीपक चाहर जल्द ही शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। वह अपनी मंगेतर जया भारद्वाज के साथ एक जून को आगरा में 7 फेरे लेंगे। उनकी शादी की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। दीपक ने बीते साल दुबई में IPL मैच के दौरान गर्लफ्रेंड जया को रिंग पहनाकर प्रपोज किया था। इस पर जया ने हां बोल दिया था। दीपक की बहन मालती ने जया से उनकी मुलाकात करवाई थी।
5. कांस में गूंजा यूक्रेनी महिलाओं का दर्द, सेक्शुअल वायलेंस के ख़िलाफ़ रेड कार्पेट पर न्यूड हुई महिला एक्टिविस्ट
कांस फ़िल्म फ़ेस्टिवल 2022 के रेड कार्पेट पर एक महिला एक्टिविस्ट ने अपने कपड़े उतार दिए। महिला ने अपने शरीर पर यूक्रेन का झंडा पेंट किया हुआ था। साथ ही ब्लैक कलर से ‘स्टॉप रेपिंग अस' मैसेज लिखा हुआ था। दरअसल एक्टिविस्ट यूक्रेन में रूसी सैनिकों द्वारा महिलाओं के साथ किए जा रहे सेक्शुअल वायलेंस के ख़िलाफ़ दुनिया का ध्यान खींचना चाहती थी।
6. एक साल बाद नहीं दर्ज होगी रेप की FIR, नेपाल के कानून पर संसद में बवाल
नेपाल में रेप से जुड़े कानून में बदलाव लेकर बवाल चल रहा है। दरअसल वहां के क़ानून के हिसाब से अगर कोई महिला रेप होने के एक साल के अंदर केस दर्ज नहीं करवाती तो बाद में उसकी FIR नहीं ली जाएगी। 2014 में ब्यूटी पेजेंट जीतने वाली एक महिला एक वायरल वीडियो में बता रही कि ऑर्गेनाइजर ने उसके साथ कई बार रेप किया। लेकिन नेपाली क़ानून के हिसाब वो केस नहीं कर सकती। इस कानून के विरोध में PM आवास और संसद में भी हंगामा हुआ है।
7. लावणी डांसर पर अश्लील डांस का आरोप, पुणे के लाल महल में हुआ था प्रोगाम, 4 पर FIR
फेमस लावणी डांसर वैष्णवी पाटिल को पुणे के ऐतिहासिक लाल महल में इंस्टाग्राम रील बनाना महँगा पड़ गया। संभाजी ब्रिगेड और अन्य प्रगतिशील संगठनों ने वैष्णवी और उनके तीन साथियों पर अश्लीलता के आरोप में केस दर्ज कराया है। विवाद बढ़ने के बाद वैष्णवी ने माफ़ी माँगते हुए वीडियो डिलीट कर दिया है। वहीं मराठा संगठन ने गाय के दूध से लाल महल का शुद्धिकरण किया है।
8. चार दिन में देश भर में बारिश के आसार, इससे ठीक पहले बाढ़ लाई कहर, 57 मरे-7 लाख बेघर
मौसम विभाग ने 21 से 24 मई के बीच कई राज्यों में बारिश की संभावना जताई है। लेकिन मानसून से पहले आई आंधी और बारिश कुछ राज्यों के लिए तबाही लेकर आई है। बिहार, असम और कर्नाटक में बिजली गिरने और बाढ़ की चपेट में आने से करीब 57 लोगों की जान चली गई है। असम में बाढ़ की वजह से 7 लाख लोग बेघर हो गए हैं तो वहीं बिहार में अकेले बिजली गिरने से 33 लोगों की मौत हो गई।
9. विदेशी क्रिकेटर की पत्नी पर गावस्कर बोले- इसने डिलिवर कर दिया, इसका पति कब करेगा
सुनील गावस्कर को IPL कमेंट्री के दौरान राजस्थान के बल्लेबाज शिमरन हेटमायर और उनकी पत्नी पर चुटकी लेना भारी पड़ गया। चेन्नई के साथ मैच में हेटमायर पर गावस्कर ने कहा- 'इनकी पत्नी ने डिलिवर कर दिया है। क्या हेटमायर अब राजस्थान के लिए डिलिवर करेंगे?' हेटमायर हाल ही में पिता बने हैं। वह अपने पहले बच्चे के जन्म के लिए IPL के बीच में ही अपने देश लौट गए थे। इस बयान के बाद गावस्कर की आलोचना हो रही है।
10. प्रियंका चोपडा ने की सृष्टि बख्शी की तारीफ, महिलाओं के लिए कन्याकुमारी से कश्मीर तक निकाला था मार्च
प्रियंका चोपड़ा ने समाजसेवी सृष्टि बख्शी की तारीफ में एक ट्वीट किया है। प्रियंका लिखती है- 'मिलिए इन बहादुर महिला से, जो महिलाओं के खिलाफ हिंसा को खत्म करने के मिशन पर हैं। पूरे भारत को महिलाओं के लिए सुरक्षित जगह की उम्मीद में उन्होंने 2300 मील से अधिक की दूरी तय की है।' सृष्टि ने अपनी यात्रा पर 1 लाख से अधिक महिलाओं से मिलने के बाद एक डॉक्यूमेंट्री, ‘डब्ल्यूओएमबी: वुमन ऑफ माई बिलियन’ फिल्म भी बनाई। उनको कई अवॉर्ड्स भी मिल चुके हैं।
आप इस न्यूज ब्रीफ को शेयर भी कर सकती हैं…
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.