महिलाओं के ऑर्गेज्म पर बात नहीं की जाती इसलिए कई महिलाओं को इसकी जानकारी नहीं होती। कई महिलाओं को ये लगता है कि बच्चे बड़े हो गए तो उन्हें अब सेक्स के बारे में नहीं सोचना चाहिए, जबकि पति उनसे सेक्स की डिमांड करते हैं। इस बात को लेकर पति-पत्नी के बीच कई बार तकरार भी हो जाती है। सेक्स से जुड़ी ऐसी ही समस्याओं के समाधान बता रहे हैं सेक्सोलॉजिस्ट डॉ. राजन भोसले।
मैं जानना चाहती हूं कि क्या महिलाएं मल्टीपल ऑर्गेज्म का सुख पा सकती हैं?
बिल्कुल, महिलाओं को एक बार में ही मल्टीपल ऑर्गेज्म का अनुभव हो सकता है। पुरुषों के साथ ऐसा नहीं होता, उन्हें जब ऑर्गेज्म का अनुभव होता और वो पीक पर होते हैं, तो (इजाकुलेशन) स्खलन उसका संकेत होता है। महिलाओं में इजाकुलेशन जैसी कोई बात नहीं होती इसलिए वो एक बार में मल्टीपल ऑर्गेज्म का सुख पा सकती हैं। इसे हम छींक से जोड़कर समझ सकते हैं, जैसे किसी को एक बार में एक ही छींक आती है, लेकिन किसी को एक ही बार में दो-तीन छींकें एक साथ आ जाती हैं। जरूरी नहीं कि हर महिला को मल्टीपल ऑर्गेज्म का अनुभव हो और जिन्हें ये एहसास नहीं होता, इसका ये मतलब भी नहीं कि उन्हें सेक्स में संतुष्टि नहीं मिलती। सेक्स में संतुष्टि मिलना पुरुष और महिला दोनों के लिए जरूरी है, लेकिन सेक्स में संतुष्टि का सबका अनुभव अलग हो सकता है। जिस तरह हम सबका रंग, कद, नैन-नक्श अलग-अलग होते हैं, वैसे ही सेक्स को लेकर हमारी अप्रोच और जरूरतें भी अलग हो सकती हैं।
मेरी उम्र 50 और पति की 55 वर्ष है। मेरे पति चाहते हैं कि आगे भी हमारी सेक्स लाइफ हेल्दी रहे। इस उम्र में सेक्सुअली एक्टिव रहने के लिए क्या हमें अलग से कुछ करने की जरूरत है?
हेल्दी सेक्स लाइफ के लिए आपको अलग से कुछ करने की जरूरत नहीं है। ये पूरी तरह से पति-पत्नी की आपसी रजामंदी पर निर्भर करता है कि उन्हें कैसी सेक्स लाइफ चाहिए। 60-70 की उम्र के लोग भी हेल्दी सेक्स लाइफ एंजॉय करते हैं। कई महिलाओं को ये गलतफहमी होती है कि मेनोपॉज के बाद उनकी सेक्स लाइफ खत्म हो जाएगी, लेकिन ऐसा नहीं है। आप दोनों जब तक चाहें सेक्सुअली एक्टिव रह सकते हैं।
डॉ. राजन भोसले, एमडी
प्रोफेसर एंड एचओडी, सेक्सुअल मेडिसिन डिपार्टमेंट, केईएम हॉस्पिटल एंड जी. एस. मेडिकल कॉलेज
सेक्स सीरियसली के लिए अपने सवाल इस आईडी पर भेजें: db.women@dbcorp.in
सब्जेक्ट लाइन में सेक्स सीरियसली लिखना न भूलें
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.