टाइगर श्रॉफ और दिशा पाटनी का ब्रेकअप हो गया है। दोनों 6 साल से रिलेशनशिप में थे। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पिछले एक साल से उनके रिश्ते में उतार चढ़ाव थे। लेकिन अब कपल साथ नहीं है। उनके बीच कोई मनमुटाव, गिला-शिकवा नहीं है और दोनों अब भी अच्छे दोस्त हैं।
बॉलीवुड के ब्रेकअप आम है। कटरीना कैफ और दीपिका पादुकोण जैसी एक्ट्रेस ब्रेकअप के बाद काफी लंबे समय तक डिप्रेशन में रहीं। रिश्ते टूट रहे हैं, लेकिन अब अलगाव पर रोना-धोना और एक-दूसरे पर तोहमतें लगाने जैसी चीजें नहीं हैं। रिलेशनशिप खत्म होने के बाद कपल्स आसानी से मूव ऑन करते हैं या दोस्त बने रहते हैं।
समाज का बड़ा वर्ग जो इन फिल्मी सितारों की देखा-देखी कर उनकी लाइफस्टाइल अपनाता है उसके मन पर रिश्ते के बदलते आयामों का क्या असर पड़ेगा।
जानें आर्टमिस हॉस्पिटल की साइकोलॉजिस्ट रचना सिंह से रिश्ता टूटने के बाद 'वी आर स्टिल फ्रेंड्स' या 'मूव ऑन' का फंडा कहां तक सही है और क्या इसका असर भविष्य में आपके लव रिलेशनशिप को प्रभावित कर सकता है।
रियलटी चेक की कसौटी पर फेल होते रिश्ते
हर रिलेशनशिप के कई फेज होते हैं। रिश्ते की शुरुआत के समय को हनीमून फेज कहते हैं। इसमें रोमांस, घूमना-फिरना जैसी चीजें होती हैं। इस दौरान लोग पार्टनर को इंप्रेस करने के लिए अपना बेस्ट देते हैं। रिलेशनशिप का मैच्योर फेज आने पर रियलटी चेक शुरू होता। इसमें लंबे समय से चल रहे रिश्ते में मोनोटोनी और बोरियत आ जाती है।
बढ़ते ऑप्शन और कम टॉलरेंस लेवल है वजह
आज के समय में तेजी से रिश्ते और शादियां टूट रही हैं, क्योंकि असली फेज शुरू होने से पहले ही लोग रिलेशनशिप को इंजॉय कर चुके होते हैं। सोशल मीडिया की वजह से ऑप्शन बढ़ गए हैं। रिश्ता निभाने के लिए पहले जहां लोग कई समझौते करते थे और बर्दाश्त करते थेअब टॉलरेंस लेवल कम हुआ है।
समाज में आया है बदलाव
पिछली एक या दो पीढ़ी के समाज से तुलना की जाए तो अब सोसायटी में टूटे हुए रिश्ते, लिव इन रिलेशनशिप और तलाक जैसी चीजों को स्वीकृति मिली है। यह जेनरेशन बुरे रिश्ते को ढोती नहीं और न ही मन में निगेटिविटी लेकर जीती है, लोग खुले मन से चीजों को समझते हैं और बदलाव को एक्सेप्ट करते हैं।
आर्थिक आत्मनिर्भरता ने महिलाओं को दी मजबूती
प्यार भरे रिश्ते और शादियां पहले ज्यादा टिकती थीं, क्योंकि महिलाएं बर्दाश्त करती थीं। समाज का प्रेशर, बच्चों के पालन-पोषण की जिम्मेदारी और खर्च के लिए वो पुरुषों पर निर्भर थीं। अपने पैरों पर खड़ी महिला पुरुषों से बराबरी चाहती हैं। पितृसत्ता के लिए यह नागवार है।
सोच में बदलाव आया है
बुरे रिश्ते के जाल में फंसे लोग समाज के डर के अलावा भी कई चीजों की वजह से नहीं निकल पाते थे। अब कपल्स रिश्ते की शुरुआत से ही एकदम क्लियर होते हैं। वो जानते हैं कि रिश्ते और पार्टनर से उनकी चाहत क्या है।
टूटे रिश्ते से लें सीख
बॉलीवुड स्टार हों या आम इंसान लंबे रिलेशनशिप का टूटना हर किसी के लिए दर्द भरा अनुभव है। इससे बाहर निकलना आसान नहीं है। जरूरी है खुद को संभालना और रिश्ते की अच्छी चीजों से सबक लेना।
मुश्किल है, पर असंभव नहीं
बदलते हुए ट्रेंड में लोग रिश्ता टूटने के बाद एक्स के साथ रिश्ता रखते हैं। रिश्ता टूटने के बाद हेल्दी दोस्ती कायम रखना मुश्किल काम है। शुरू में मन में फीलिंग्स होती हैं, लेकिन धीरे-धीरे हालात न्यूट्रल होने पर सब ठीक हो जाता है।
समाज को प्रभावित करते हैं ये ब्रेकअप
बिना किसी वजह के कोई नहीं चाहता कि रिलेशनशिप टूटे। मिडिल क्लास के जीवन पर हाई प्रोफाइल स्टार्स के ब्रेकअप का थोड़ा-बहुत असर पड़ता है, लेकिन कोई व्यक्ति उनसे पूरी तरह से प्रेरित हो यह मुमकिन नहीं है। हां, ट्रस्ट इश्यू हो सकते हैं।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.