- Hindi News
- Local
- Chhattisgarh
- Korba
- Korba Balco Road Widening Protest | Jaisingh Agarwal Statement
बालको फोरलेन चौड़ीकरण का विरोध तेज:प्रभावित बस्तीवासियों ने दी आंदोलन की चेतावनी, उन्होंने सड़क पर उतरकर साथ देने का दिया भरोसा
- कॉपी लिंक

कोरबा के बालको क्षेत्र में प्रस्तावित फोरलेन सड़क चौड़ीकरण को लेकर विरोध तेज हो गया है। तीन दिन पहले प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किए जाने के बाद स्थानीय लोगों की नाराजगी बढ़ गई है।
वर्षों से बस्ती में रह रहे छोटे व्यापारी और रहवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि उन्हें जबरन हटाने की कार्रवाई की गई तो वे खुलकर विरोध करेंगे।

निरीक्षण के बाद अतिक्रमण हटाने की आशंका से बढ़ी चिंता
बताया जा रहा है कि बालको फोरलेन निर्माण को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। अधिकारियों के निरीक्षण के बाद बस्ती में जल्द अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई होने की चर्चा है। इससे प्रभावित परिवार और छोटे व्यापारी चिंतित हैं। उनका कहना है कि बिना वैकल्पिक व्यवस्था और मुआवजे के उन्हें हटाना न्यायसंगत नहीं होगा।
उद्योग मंत्री से मुलाकात के बाद पूर्व मंत्री के पास पहुंचे बस्तीवासी
प्रभावित लोगों का आरोप है कि उन्होंने कोरबा विधायक एवं प्रदेश के उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन से मुलाकात कर अपनी समस्या रखी थी, लेकिन अब तक कोई सकारात्मक पहल नहीं हुई। इसके बाद बड़ी संख्या में बस्तीवासी पूर्व राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल के निवास पहुंचे और उनसे सहयोग मांगा।

जरूरत पड़ी तो बस्तीवासियों के साथ सड़क पर बैठूंगा : जयसिंह अग्रवाल
पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने प्रभावित लोगों को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि वे 15 साल विधायक और पांच साल मंत्री रहे, लेकिन कभी किसी का एक ठेला तक नहीं उजाड़ा। भाजपा सरकार आने के बाद से बालको में छोटे व्यापारियों को हटाने की कोशिश की जा रही है, जिसका वे शुरू से विरोध करते आ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि वे सड़क निर्माण के विरोध में नहीं हैं, लेकिन निर्माण के दौरान मौजूदा व्यवस्था के तहत लोगों को राहत दी जानी चाहिए। जरूरत पड़ने पर वे बस्तीवासियों के समर्थन में सड़क पर बैठने के लिए भी तैयार हैं।

पार्षद ने भी प्रशासन से मानवीय दृष्टिकोण अपनाने की मांग की
स्थानीय पार्षद बद्री किरण ने भी प्रभावित लोगों की समस्या को जायज बताते हुए प्रशासन से मानवीय दृष्टिकोण अपनाने की मांग की। फिलहाल फोरलेन चौड़ीकरण को लेकर प्रशासन और प्रभावित बस्तीवासियों के बीच असहमति बनी हुई है। ऐसे में निर्माण कार्य से पहले प्रभावितों की समस्याओं का समाधान करना प्रशासन के लिए अहम चुनौती होगी






















