- Hindi News
- Local
- Haryana
- Rewari
- Rewari Rally: Dushyant Chautala Accuses BJP Of Buying MPs | Statement
दुष्यंत चौटाला बोले- भाजपा सांसदों की खरीद-फरोख्त में जुटी:रेवाड़ी में कहा- मुख्यमंत्री के पास हरियाणा के लिए समय ही नहीं
- कॉपी लिंक

रेवाड़ी की जाट धर्मशाला में आयोजित प्रेसवार्ता में जननायक जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व सीएम दुष्यंत चौटाला ने भाजपा पर सांसदों की खरीद-फरोख्त का आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा करोड़ों रुपए खर्च करके सांसदों को खरीदने की कोशिश कर रही
चौटाला महेंद्रगढ़ में होने वाली पार्टी की रैली का निमंत्रण देने रेवाड़ी पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने प्रदेश में बढ़ते अपराध और मुख्यमंत्री की कार्यशैली को लेकर भी भाजपा सरकार पर निशाना साधा।
मुख्यमंत्री के पास हरियाणा के लिए समय नहीं
दुष्यंत चौटाला ने मुख्यमंत्री की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री हरियाणा को पर्याप्त समय नहीं दे रहे हैं। कभी विदेश दौरों पर तो कभी पंजाब के दौरों में व्यस्त रहते हैं।
उन्होंने सवाल उठाया कि जब मुख्यमंत्री प्रदेश से बाहर रहेंगे तो कानून व्यवस्था पर ध्यान कौन देगा। दुष्यंत ने आरोप लगाया कि सरकार की अनदेखी के चलते प्रदेश में अपराध बढ़ रहे हैं और अपराधियों के हौसले बुलंद हैं।

अपराध के मामलों में हरियाणा पर उठाए सवाल
दुष्यंत चौटाला ने दावा किया कि हरियाणा में अपराध कम होने के बजाय लगातार बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि अपराध के मामलों में प्रदेश देश में नंबर वन की स्थिति में पहुंचता जा रहा है। उनके अनुसार, स्थानीय स्तर पर होने वाले अपराधों से लेकर बड़े अंतरराष्ट्रीय अपराधों तक में हरियाणा का नाम सामने आना चिंता का विषय है।
महिला सुरक्षा को लेकर भी सरकार को घेरा
महिलाओं के खिलाफ अपराधों को लेकर दुष्यंत चौटाला ने सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकारों की जिम्मेदारी है। दुष्यंत ने दिल्ली और पंजाब में सामने आ रही अपराध की घटनाओं का भी जिक्र किया और कानून व्यवस्था मजबूत करने के लिए गंभीर प्रयास करने की जरूरत बताई।

अपराध मुक्त प्रदेश बनाने के लिए इच्छाशक्ति जरूरी
दुष्यंत ने शराबबंदी और अपराध नियंत्रण का मुद्दा उठाते हुए कहा कि प्रदेश को अपराध मुक्त बनाने के लिए मुख्यमंत्री की सोच और इच्छाशक्ति जरूरी है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार गंभीरता से काम करे तो अपराध पर नियंत्रण पाया जा सकता है।
महेंद्रगढ़ रैली में लाखों लोगों के पहुंचने का दावा
चौटाला ने रेवाड़ी के कार्यकर्ताओं को महेंद्रगढ़ में होने वाली पार्टी की रैली का निमंत्रण दिया। उन्होंने दावा किया कि रैली ऐतिहासिक होगी और इसमें लाखों लोग पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी पहले भी कई जिलों में रैलियों के दौरान भीड़ के रिकॉर्ड तोड़ चुकी है और महेंद्रगढ़ में भी नया रिकॉर्ड बनने की उम्मीद है।






















