- Hindi News
- Local
- Punjab
- Punjab Chandigarh News Update | Amitabh Bachchan Legal Notice Controversy
पंजाब-चंडीगढ़ दिनभर,10 बड़ी खबरें:वकील ने अमिताभ बच्चन को नोटिस भेजा, होटल की तीसरी मंजिल से कूदा युवक; इंगेजमेंट के बाद युवती बनी लुटेरी
- कॉपी लिंक

पंजाब-चंडीगढ़ में आज की सबसे बड़ी खबर अमिताभ बच्चन से जुड़ी रही। वकील ने उन्हें लीगल नोटिस भेजा है। वकील के मुताबिक अमिताभ बच्चन ने कौन बनेगा करोड़पति (KBC) में पंजाब को बदनाम करने वाला सवाल पूछा।
दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों का VIDEO देखने के लिए ऊपर क्लिक करें…
इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…
1. वकील ने अमिताभ बच्चन को लीगल नोटिस भेजा

संगरूर के वकील ने बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन को लीगल नोटिस भेजा है। वकील के मुताबिक अमिताभ ने कौन बनेगा करोड़पति (KBC) में पंजाब को बदनाम करने वाला सवाल पूछा।
उन्होंने कहा कि यह क्विज शो सामान्य ज्ञान का है लेकिन अमिताभ ने जो सवाल पूछा, उसका इससे कोई लेना-देना नहीं है। इस वजह से अमिताभ व सोनी टीवी से इस वीडियो को हटाने के लिए कहा है।
इसके अलावा उन्हें बिना शर्त माफी मांगनी चाहिए। अगर ये AI से बनाई गई है तो भी यह उनके जवाब से ही पता चलेगा। (पढ़ें पूरी खबर)
2. सांसद अमृतपाल डिब्रूगढ़ जेल वापस पहुंचे

पंजाब के खडूर साहिब से सांसद अमृतपाल सिंह रविवार सुबह असम की डिब्रूगढ़ जेल में पहुंच गए हैं। कल (21 नवंबर) को उन्हें कस्टडी पैरोल पर अमृतसर लाया गया था। यहां उन्होंने दादी चरण कौर की अंतिम यात्रा में हिस्सा लिया।
इसके बाद पुलिस उन्हें अमृतसर एयरपोर्ट से दिल्ली ले गई। जहां रात उन्हें सेफ हाउस में रखा गया। इसके बाद फ्लाइट के जरिए उन्हें असम की डिब्रूगढ़ जेल में छोड़ दिया गया।
परिवार की ओर से 22 नवंबर को अस्थियां एकत्रित करने और 23 नवंबर को भोग की रस्म रखी गई है। इन कार्यक्रमों में अमृतपाल सिंह वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल होंगे। (पढ़ें पूरी खबर)
3. लड़की की लव मैरिज पर बवाल, सुरक्षा मांगी

पंजाब के संगरूर में 21 साल की युवती की लव मैरिज को लेकर 5 दिनों से विवाद चल रहा है। गांव छाजली की युवती ने नजदीकी गांव खडियाल के युवक से घर से भागकर शादी कर ली थी।
इसके बाद संगरूर सेशन कोर्ट में याचिका लगाकर अपने माता-पिता समेत 5-6 लोगों से जान का खतरा बताते हुए सुरक्षा मांगी। कोर्ट ने दोनों को अंतरिम प्रोटेक्शन देते हुए पुलिस से रिपोर्ट मांगी है।
उधर, बेटी के घर से जाने के बाद उसके पिता ने छाजली थाने में किडनैपिंग की शिकायत दी। परिवार का आरोप है कि जिस युवक से बेटी ने शादी की है, वह नशा करता है और उसके खिलाफ नशे से जुड़े मामले दर्ज हैं।
पिता का कहना है कि वे बेटी को वापस लाना चाहते हैं और उससे मिलना चाहते हैं। पांच दिन तक बेटी की कोई जानकारी नहीं मिलने पर उन्होंने ग्रामीणों से सहयोग मांगा। (पढ़ें पूरी खबर)
4. बहन ने कहा-तू हमारा खून नहीं, भाई तीसरी मंजिल से कूदा

मोहाली के जीरकपुर में एक युवक ने बहन के साथ फोन पर झगड़े के बाद होटल की तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी। घटना शनिवार शाम 4:30 बजे की है। बहन ने कहा-तू मेरा भाई नहीं, तू हमारा खून नहीं..इससे आहत होकर भाई ने सुसाइड का प्रयास किया।
इस दौरान वह बिजली की हाईटेंशन तारों में फंस गया। करंट लगने से उसके शरीर के कई हिस्से झुलस गए। गंभीर हालत में युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। युवक यहां होटल में पिछले 5 साल से काम करता है।
घायल की पहचान बिहार के पटना निवासी जशुआ हांसदा (17) के रूप में हुई है। वह कुछ सालों से होटल में काम कर रहा था। शुरुआती जानकारी के अनुसार, उसका अपनी बहन के साथ फोन पर विवाद हुआ था। इसके बाद से वह तनाव में था। (पढ़ें पूरी खबर)
5. सोनिया गांधी का इटली वाला पुश्तैनी घर म्यूजियम बना

इटली में सोनिया गांधी के पुश्तैनी घर को म्यूजियम के रूप में संरक्षित कर दिया गया है। यह जानकारी घर के मालिक सुखदेव सिंह कांग ने अमृतसर में दी। सुखदेव सिंह कांग होशियारपुर के रहने वाले हैं। उन्होंने इसे 2020 में खरीदा था।
कांग ने गांधी परिवार को इस घर को देखने के लिए आने का न्योता दिया है। कांग ने बताया कि यह जगह केरलम से आने वाले भारतीय पर्यटकों को आकर्षित करती है।
पहले यहां ताला रहता था। अब केयरटेकर नियुक्त की गई है, जिससे पर्यटकों को घर में एंट्री मिल सके। घर में सोनिया के बचपन से लेकर भारत में राजनीतिक करियर तक की झलक मिलेगी। सोनिया गांधी का जन्म 9 दिसंबर 1946 को इसी गांव में हुआ था। (पढ़ें पूरी खबर)
6. सिंगर दिलजीत दोसांझ गाने बैन करने पर भड़के

गुजरात के अहमदाबाद में दुनिया के सबसे बड़े नरेंद्र मोदी स्टेडियम में ओरा टूर के दौरान शनिवार रात पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ का दर्द छलका। उन्होंने सरकारों और प्रशासन से पूछा कि उनके साथ ही डबल स्टैंडर्ड क्यों?
जब कोल्ड प्ले का बैंड इंडिया आकर गाता है और वो गाता है कि आई एम फीलिंग ड्रंक एंड हाई तब तो किसी को दिक्कत नहीं होती। मेरे पटियाला पैग गाने से दिक्कत होने पर स्टेज पर रोक लगा दी जाती है।
बता दें कि अहमदाबाद शो से पहले ही प्रशासन ने दिलजीत को पंज तारा होटल, केस और पटियाला पैग जैसे नशे और क्राइम को प्रोमोट करने वाले गीत गाने से रोक दिया था। इसके बाद दिलजीत ने आरोप लगाया कि भारतीय कलाकारों से साथ दोहरा रवैया अपनाया जा रहा है। (पढ़ें पूरी खबर)
7. पुलिस में बड़ा फेरबदल, 274 ASP-DSP के तबादले

पंजाब सरकार ने पुलिस में बड़ा फेरबदल किया है। पुलिस इस्टैब्लिशमेंट कमेटी की मंजूरी के बाद शनिवार देर रात 274 ASP और DSP रैंक के अधिकारियों के तबादले और नई तैनाती के आदेश जारी किए गए।
इस सूची में हाल ही में DSP पद पर प्रमोट हुए अधिकारियों के साथ ट्रेनिंग पूरी कर लौटे अफसरों को भी फील्ड में जिम्मेदारी दी गई है। अमृतसर, मोहाली, लुधियाना, जालंधर और पटियाला समेत कई जिलों में अधिकारियों की तैनाती बदली गई है।
पंजाब के DGP की की तरफ से सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से रिलीव होकर आज दोपहर तक नई तैनाती वाली जगह पर जॉइन करने और इसकी रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए गए। (पढ़ें पूरी खबर)
8. नितिन बोले- दिल्ली के बाद पंजाब की बारी, जल्दी निपटाएंगे

BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन चंडीगढ़ पहुंचे। उन्होंने कहा कि आम आदमी पाार्टी को हमने दिल्ली निपटा दिया है। अब चंडीगढ़ के रास्ते पंजाब का रास्ता खोल रहे हैं। पंजाब से भी आम आदमी पार्टी को साफ कर देंगे।
उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के नेता कहां रहते हैं, यह किसी को पता नहीं। नेता आते हैं, बयान देते हैं और मैदान छोड़कर भाग जाते हैं। संसद में बात करने की हिम्मत नहीं होती, लेकिन वीडियो जारी कर कहते हैं कि मैं डिबेट करूंगा। भाजपा का मंडल प्रधान ही उनके लिए काफी है। इसलिए नरेंद्र मोदी को सामने आने की जरूरत नहीं है।
उन्होंने कहा कि भाजपा जनता के साथ जुड़कर काम करती है और यह जानने की कोशिश करती है कि जनता क्या चाहती है। हम विदेशी एजेंडे और विदेशी टूलकिट के आधार पर काम नहीं करते। यही वजह है कि देश तरक्की के नए आयाम छू रहा है। (पढ़ें पूरी खबर)
9. पत्नी से कहा- घर आ रहा हूं, सुबह लाश मिली

जालंधर की कालिया कॉलोनी के पास गदाईपुर नहर से युवक का शव मिला। युवक फैक्ट्री में काम करता था। पुलिस ने नहर से युवक के शव के साथ उसकी स्कूटी भी बरामद की है।
परिजनों के मुताबिक, शनिवार रात करीब सवा 8 बजे युवक की पत्नी से फोन पर बात हुई थी, जिसमें उसने घर लौटने की बात कही थी। इसके बाद उसका फोन उठना बंद हो गया और रात भर घंटी बजती रही, लेकिन किसी ने कॉल रिसीव नहीं की।
तड़के करीब 4 बजे उसका मोबाइल स्विच ऑफ हो गया। पूरी रात परिजन अस्पतालों और आसपास के इलाकों में उसकी तलाश करते रहे। सुबह जब परिवार वाले फैक्ट्री और आसपास के रूट पर पूछताछ करते हुए गदाईपुर नहर के पास पहुंचे, तो वहां लोगों की भीड़ जमा थी। यहां नहर में युवक का शव व स्कूटी पड़े मिले। (पढ़ें पूरी खबर)
खबर जरा हटके…
10. इंगेजमेंट के बाद युवती ने बनाया लुटेरा गैंग

लुधियाना में युवती की इंगेजमेंट हुई और वो अपने मंगेतर के साथ लूट की घटनाओं को अंजाम देने लगी। इसका खुलासा तब हुआ जब लुधियाना देहात पुलिस ने वारदात करने वाले 2 युवकों और एक युवती को गिरफ्तार किया।
वहीं, युवती का मंगेतर करनवीर अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। गिरफ्तार युवती नेहा और उसके मंगेतर करनवीर का एक गिरोह है, जो लुधियाना और आसपास के कस्बों में लूटपाट की घटनाओं को अंजाम देता है।
गिरोह के पास एक सफदे रंग की ब्रेजा कार है और उस पर उन्होंने नंबर प्लेट नहीं लगाई है। लूट की वारदात के समय वो बिना नंबर प्लेट के जाते हैं और आगे पीछे उस पर फर्जी नंबर प्लेट लगाते हैं।
यह गिरोह आते-जाते लोगों, दुकानों को अपना निशाना बनाते हैं। धीरे-धीरे गिरोह ने एटीएम लूटने तक की कोशिशें की। पुलिस के मुताबिक यह गिरोह 2 बार एटीएम लूटने का प्रयास कर चुका है। (पढ़ें पूरी खबर)
(कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)
खबर अभी बाकी है!

- पसंद की खबरें
- खबर सबसे तेज
- लाइव अपडेट






















