- Hindi News
- Local
- Rajasthan
- Jodhpur
- Rajasthan High Court Ruling: Division Bench To Hear Family Court Appeals
अधिसूचित एडीजे कोर्ट के फैसलों पर हाईकोर्ट में अपील होगी:राजस्थान हाईकोर्ट की वृहद पीठ ने कहा- अपील खंडपीठ सुनेगी
- कॉपी लिंक

पारिवारिक विवादों में अपर जिला न्यायाधीश (एडीजे) न्यायालयों के आदेशों के खिलाफ अपील की प्रक्रिया और उनके क्षेत्राधिकार को लेकर चल रही असमंजस की स्थिति को राजस्थान हाईकोर्ट की तीन सदस्यीय वृहद पीठ ने समाप्त कर दिया है।
मुख्य न्यायाधीश संजय के. अग्रवाल, जस्टिस विनीत कुमार माथुर और जस्टिस योगेंद्र कुमार पुरोहित की पीठ ने 'सुमन बनाम पाला राम' मामले में यह स्पष्ट किया है कि जिन एडीजे न्यायालयों को राज्य सरकार ने पारिवारिक न्यायालय अधिनियम की धारा 3 के तहत पारिवारिक न्यायालय की शक्तियां सौंपी हैं, वे संबंधित मामलों में मानित पारिवारिक न्यायालय (डीम्ड फैमेली कोर्ट) माने जाएंगे और उनके आदेशों के विरुद्ध अधिनियम की धारा 19 के तहत हाईकोर्ट की खंडपीठ (डिवीजन बेंच) में अपील की जा सकेगी।
चार साल में जारी सरकारी अधिसूचनाओं का किया परीक्षण
वृहद पीठ हिंदू विवाह अधिनियम की धारा 9 और 13 के अंतर्गत एडीजे कोर्ट द्वारा पारित आदेशों के विरुद्ध दायर अपीलों की सुनवाई के दौरान उठे सवालों पर गठित की गई थी।
सुनवाई के दौरान खंडपीठ ने 'उमाकांत बनाम श्रीमती पुष्पा' मामले में जयपुर पीठ के पूर्व दृष्टिकोण से असहमति जताते हुए यह प्रश्न रेफर किया था कि पारिवारिक न्यायालय अधिनियम, 1984 की धारा 8 के तहत सामान्य दीवानी अदालतों का क्षेत्राधिकार वर्जित होने के बावजूद, अधिसूचित एडीजे कोर्ट को पारिवारिक न्यायालय के रूप में मानकर धारा 19 के तहत अपील सुनने का क्या प्रावधान रहेगा।
वृहद पीठ ने साल 2012, 2015, 2016 और 2018 में जारी सरकारी अधिसूचनाओं का परीक्षण करते हुए कहा कि 5 फरवरी 2015 की अधिसूचना से पारिवारिक मामलों के क्षेत्राधिकार का पुनर्वितरण किया गया था, जबकि 1 जून 2016 की अधिसूचना से केवल जिला न्यायालयों को दिया गया क्षेत्राधिकार वापस लिया गया, न कि विशेष रूप से सशक्त किए गए अपर जिला न्यायालयों या अन्य नामित अदालतों का क्षेत्राधिकार।
पीठ ने कहा-न्यायालय के क्षेत्राधिकारी की प्रकृति नाम के बजाय वैधानिक शक्तियों से तय
पीठ ने कहा कि किसी न्यायालय के क्षेत्राधिकार की प्रकृति उसके नाम के बजाय उसे प्रदान की गई वैधानिक शक्तियों के स्रोत से तय होती है। साथ ही, यह दर्जा केवल उन्हीं अधिसूचित न्यायालयों और निर्दिष्ट क्षेत्रों व विषयों तक सीमित रहेगा, प्रदेश के हर एडीजे कोर्ट पर स्वतः लागू नहीं होगा। पीठासीन अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि पारिवारिक न्यायालय की शक्तियों का प्रयोग करते हुए पारित हर आदेश के शीर्ष पर पारिवारिक न्यायालय और कोष्ठक में अपना मूल पदनाम लिखें तथा हस्ताक्षर व मुहर भी उसी रूप में लगाएं। हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल को यह आदेश राज्य की सभी अधीनस्थ अदालतों में परिचालित करने को कहा गया है।






















