- Hindi News
- Local
- Uttar pradesh
- Bahraich
- Bahraich Development Meeting | MLA Subhash Tripathi Reviews Schemes
बहराइच में विकास योजनाओं की समीक्षा:अधिकारियों को पात्रों तक लाभ पहुंचाने और जनप्रतिनिधियों से समन्वय के निर्देश
- कॉपी लिंक

बहराइच के विकास भवन सभागार में शनिवार को विधायक पयागपुर सुभाष त्रिपाठी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय विकास कार्य अनुश्रवण समिति (दृष्टि) की दूसरी बैठक हुई।
इसमें जिले में संचालित सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों की समीक्षा की गई। अधिकारियों को पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने और जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाकर काम करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में एमएलसी पदमसेन चौधरी, डॉ. प्रज्ञा त्रिपाठी, विधायक महसी सुरेश्वर सिंह, विधायक बलहा सरोज सोनकर, ब्लॉक प्रमुख और जिला पंचायत सदस्य मौजूद रहे।
सुभाष त्रिपाठी ने कहा कि सरकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचनी चाहिए। इसके लिए सभी ब्लॉक मुख्यालयों पर योजनाओं और उनकी पात्रता से संबंधित जानकारी वाले होर्डिंग लगाए जाएं।
लाभार्थियों को यह भी बताया जाए कि योजना का लाभ मिलने में परेशानी होने पर वे किस अधिकारी से संपर्क कर सकते हैं।

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान बताया गया कि 70 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों के आयुष्मान कार्ड बनाने का लक्ष्य 90 हजार है। अब तक 43 हजार कार्ड बनाए जा चुके हैं।
विधायक ने दिसंबर 2026 तक सभी पात्र बुजुर्गों के कार्ड बनाने और लाभार्थियों की सूची जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना के तहत अपात्र घोषित किए गए लाभार्थियों की शिकायतों की पारदर्शी तरीके से जांच कर निस्तारण करने को कहा गया। साथ ही आवास लाभार्थियों की सूची प्रकाशित करने और अपात्र घोषित लोगों को पत्र के माध्यम से इसकी जानकारी देने के निर्देश दिए गए।

पीएम किसान सम्मान निधि के लाभार्थियों की सूची होर्डिंग पर लगाने और जिन किसानों की सम्मान निधि रुकी हुई है, उनकी सूची विधायकों को उपलब्ध कराने को कहा गया। इसके अलावा किसानों को खाद और बीज समय से उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में पंचायत भवनों, अन्नपूर्णा भवनों, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, श्रम विभाग, बिजली विभाग, कन्या सुमंगला योजना और धान खरीद केंद्रों की भी समीक्षा की गई। विधायक ने अधिकारियों से जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाकर विकास योजनाओं को जमीन पर उतारने को कहा।
अंत में मुख्य विकास अधिकारी सुनील कुमार धनवंता ने जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने अधिकारियों को बैठक में दिए गए निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा। इस अवसर पर मुख्य राजस्व अधिकारी सौरभ दुबे सहित जिला स्तरीय अधिकारी और खंड विकास अधिकारी मौजूद रहे।






















