- Hindi News
- Local
- Uttar pradesh
- Lucknow
- UP Congress Controversy | MP Rakesh Rathore Statement On Rajendra Pal Gautam
यूपी प्रभारी राजेंद्र पर कांग्रेस सांसद राकेश राठौर का हमला:बोले- 500 एससी कार्यकर्ता भी नहीं जुटा पाए, रील बनाने में लगे रहते हैं
- कॉपी लिंक

उत्तर प्रदेश कांग्रेस में अंदरूनी नाराजगी एक बार फिर सामने आई है। सीतापुर से कांग्रेस सांसद राकेश राठौर ने यूपी प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम के कामकाज पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि गौतम का रवैया असंतोषजनक है। यूपी के बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और नेता उनसे नाराज हैं। उन्होंने राहुल गांधी तक अपनी बात पहुंचाई है। राठौर ने आरोप लगाया कि गौतम न तो पार्टी को मजबूत कर पाए और न ही कार्यकर्ताओं की बात शीर्ष नेतृत्व तक पहुंचा सके।
दैनिक भास्कर से बातचीत में राठौर ने कहा कि अजय राय के प्रदेश अध्यक्ष रहते भाजपा के खिलाफ अच्छा माहौल बना था। पार्टी को इसका फायदा भी मिल रहा था, लेकिन अब सब कुछ धाराशायी हो गया है। दो महीने में जिलाध्यक्षों के नाम तक फाइनल नहीं हो पाए हैं। अगर प्रभारी को अनुभव नहीं है तो उन्हें दूसरे नेताओं से सलाह लेनी चाहिए। शीर्ष नेतृत्व ने उन्हें जिम्मेदारी दी है, इसमें कोई बुराई नहीं है, लेकिन उन्हें अपने काम का आकलन करना चाहिए।
500 एससी कार्यकर्ता भी नहीं जुटा पाए
राठौर ने कहा कि राजेंद्र पाल गौतम को दो प्रमुख जिम्मेदारियां दी गई थीं। पहली, अपने समाज को पार्टी से जोड़ना और यूपी में कांग्रेस को मजबूत करना। इसके लिए प्रदेश के चारों कोनों और लखनऊ में एससी समाज के पांच बड़े सम्मेलन कराते। लेकिन वे 500 एससी कार्यकर्ताओं को भी एक जगह नहीं जुटा पाए।
दूसरी जिम्मेदारी शीर्ष नेतृत्व तक प्रदेश के नेताओं और कार्यकर्ताओं की सही बात पहुंचाने की थी। इसमें भी वे नाकाम रहे। राठौर ने कहा कि प्रभारी पूरे दिन रील बनाने में लगे रहते हैं और फिर अजीब बयान देते हैं। उन्होंने 200 प्लस सीटों के बयान पर भी सवाल उठाया। कहा कि शीर्ष नेतृत्व के साथ हुई बैठक में किसी ने 200 प्लस सीटों की बात नहीं कही थी। वे नेतृत्व से भी आगे निकल गए हैं।
बयानबाजी से सीट शेयरिंग में आ रहा गतिरोध
राठौर ने कहा कि राजेंद्र पाल गौतम की बयानबाजी के कारण ही सीट शेयरिंग में गतिरोध पैदा हो रहा है। उन्हें इसका अनुभव नहीं है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल से उनकी बात हुई है। वेणुगोपाल ने उनकी बात सुनी और कहा कि वे खुद इस मामले को देखेंगे। यूपी प्रभारी से भी बात की है। प्रियंका गांधी से भी सुबह बातचीत हुई है। 30 नवंबर को बैठक होगी, जिसमें वे अपनी बात रखेंगे। उन्हें उम्मीद है कि बैठक में सभी मुद्दे साफ हो जाएंगे।
अजय राय को भी चुनावी अभियान में जिम्मेदारी देने की मांग
प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना के कामकाज को लेकर राठौर ने कहा कि चुनाव में अब करीब 100 दिन बचे हैं। ऐसे में सभी नेताओं को साथ बैठाकर जिम्मेदारी देनी चाहिए। अजय राय को भी चुनावी अभियान में सक्रिय रूप से जोड़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि अजय राय खुद जिलों में जाते थे या दूसरे नेताओं को भेजते थे। उनका प्रदेश में इस्तेमाल किया जाना चाहिए।
राठौर ने कहा कि अजय राय अपने बेटे को पिंड्रा से चुनाव लड़ाएंगे। अभी वे सिर्फ पिंड्रा तक सीमित हो गए हैं। उन्हें एक विधानसभा तक सीमित करने के बजाय पूरे प्रदेश में जिम्मेदारी देनी चाहिए। ऐसा नहीं करने से पार्टी को नुकसान होगा।
बेटे को सीतापुर सदर से चुनाव लड़ाने पर बोले- दूसरा काम ही नहीं करता
राठौर ने अपने बेटे को सीतापुर सदर से चुनाव लड़ाने के सवाल पर कहा कि दूसरा काम ही नहीं करता। उन्होंने कहा, "हम बाहर रहते हैं तो थाना-कोतवाली वहीं देखता है। मैं सीतापुर सदर से ही विधायक रहा हूं।" मेरा पूरा काम वहीं देखता है। राजनीति नहीं करेगा तो क्या करेगा। इसमें बुराई भी क्या है। एक नेता का बेटा नेतागिरी नहीं करेगा तो क्या करेगा?






















