- Hindi News
- Local
- Uttar pradesh
- Saharanpur
- Saharanpur Credit Card Fraud: Homeguard Victim Accuses Bank Manager
होमगार्ड के क्रेडिट कार्ड से 1.67 लाख का साइबर फ्रॉड:सहारनपुर में बैंक मैनेजर पर भी मिलीभगत का आरोप, बिना पिन बनाए ही क्रेडिट कार्ड से दो बार में निकली रकम
- कॉपी लिंक

सहारनपुर में साइबर ठगों ने एक होमगार्ड जवान के क्रेडिट कार्ड से 1.67 लाख रुपये निकाल लिए। पीड़ित का आरोप है कि उसने बैंक कर्मचारियों के दबाव में क्रेडिट कार्ड बनवाया था, लेकिन उसका पिन तक नहीं बनाया था। इसके बावजूद 16 और 17 अप्रैल 2026 को उसके क्रेडि
बड़गांव थाना क्षेत्र के गांव मोरा निवासी ओमबीर (56) होमगार्ड विभाग में कांस्टेबल के पद पर कार्यरत हैं। उनका सहारनपुर के कोर्ट रोड स्थित एक्सिस बैंक शाखा में सैलरी अकाउंट है। ओमबीर के अनुसार, बैंक मैनेजर पारस और अन्य कर्मचारियों ने उन्हें बार-बार क्रेडिट कार्ड बनवाने के लिए कहा था। उन्होंने कई बार क्रेडिट कार्ड बनवाने से मना किया, लेकिन बैंक कर्मचारियों ने दबाव बनाते हुए कहा कि उन्हें क्रेडिट कार्ड बनवाना ही पड़ेगा। कर्मचारियों ने यह भी बताया था कि कार्ड से इस्तेमाल की गई रकम 45 दिन तक बिना ब्याज के जमा की जा सकती है।
पीड़ित के अनुसार, बैंक मैनेजर के कहने पर उन्होंने मार्च 2026 में 1.70 लाख रुपये की लिमिट वाला क्रेडिट कार्ड बनवा लिया। उनका आरोप है कि उन्होंने कार्ड का पासवर्ड या पिन तक नहीं बनाया था। इसी बीच 16 अप्रैल को उनके क्रेडिट कार्ड से 97,850 रुपये और 17 अप्रैल को 70,040 रुपये की रकम ऑनलाइन ट्रांसफर कर दी गई। दोनों बार में कुल 1,67,890 रुपये फोन-पे के माध्यम से किसी अज्ञात खाते में भेजे गए। पीड़ित को इन दोनों लेनदेन का कोई मैसेज नहीं मिला।
28 मई को बैंक के मैसेज से चला रकम निकलने का पता
ओमबीर के मुताबिक, उन्हें 28 मई 2026 को बैंक की ओर से मैसेज मिला कि क्रेडिट कार्ड के बकाया 1,67,890 रुपये जमा करने हैं। इसके बाद वह बैंक पहुंचे और मैनेजर से जानकारी मांगी। बैंक मैनेजर ने उन्हें बताया कि क्रेडिट कार्ड से निकाली गई रकम 45 दिन के भीतर जमा करनी होगी। इस पर ओमबीर ने साफ कहा कि उन्होंने न तो क्रेडिट कार्ड से कोई रकम निकाली और न ही फोन-पे के माध्यम से कोई लेनदेन किया है। उनके साथ साइबर फ्रॉड हुआ है। उन्होंने बैंक से यह भी पूछा कि रकम किस खाते में ट्रांसफर की गई है, लेकिन उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया।
साइबर थाने ने मांगा बैंक स्टेटमेंट, बैंक ने नहीं दिया
पीड़ित का आरोप है कि बैंक ने उन्हें लेनदेन से संबंधित स्टेटमेंट भी उपलब्ध नहीं कराया। इसके बाद वह साइबर क्राइम थाने पहुंचे। वहां पुलिस ने जांच के लिए बैंक स्टेटमेंट मांगा, लेकिन बैंक की ओर से उन्हें यह दस्तावेज नहीं दिया जा रहा था। ओमबीर ने आरोप लगाया कि बैंक कर्मचारियों की मिलीभगत से उनके साथ धोखाधड़ी की गई है। उन्होंने मामले में एसएसपी सहारनपुर को भी प्रार्थना पत्र दिया, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर कोर्ट का दरवाजा खटखटाया।
कोर्ट के आदेश पर दर्ज हुआ मुकदमा
ओमबीर ने अधिवक्ता के माध्यम से एसीजेएम द्वितीय की अदालत में बीएनएसएस की धारा 175(3) के तहत प्रार्थना पत्र दिया था। इसमें बैंक मैनेजर पारस, अन्य बैंक कर्मचारियों और अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की मांग की गई थी। साथ ही साइबर फ्रॉड के जरिए निकाली गई 1,67,890 रुपये की रकम वापस दिलाने की मांग भी की गई। अब कोर्ट के आदेश पर साइबर क्राइम थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
खबर अभी बाकी है!

- पसंद की खबरें
- खबर सबसे तेज
- लाइव अपडेट






















