राजनाथ सिंह बोले- NDA कैडेट्स देश की सुरक्षा ढाल:365 कैडेट्स पास आउट, पहली बार 2 महिला टॉपर; NDA में महिलाओं को 2022 में एंट्री मिली

पुणे15 मिनट पहले
  • कॉपी लिंक
राजनाथ सिंह ने शनिवार को पुणे के खड़कवासला स्थित NDA में 151वें कोर्स के कैडेट्स को संबोधित किया। - Dainik Bhaskar
राजनाथ सिंह ने शनिवार को पुणे के खड़कवासला स्थित NDA में 151वें कोर्स के कैडेट्स को संबोधित किया।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि नेशनल डिफेंस एकेडमी (NDA) से पास होने वाले कैडेट्स देश की सुरक्षा ढाल हैं। उनकी ताकत, अनुशासन और समर्पण देश की सीमाओं के साथ स्कूलों, अस्पतालों और दूसरे संस्थानों की भी रक्षा करेगा।

सिंह शनिवार को होने वाली पासिंग आउट परेड से एक दिन पहले आयोजित डिनर कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कैडेट्स के माता-पिता से भी मुलाकात की।

NDA के 151वें कोर्स में 365 कैडेट्स हुए पास आउट हुए। पहली बार दो महिला कैडेट्स गार्गी पालीवाल और दिव्या गोदारा ने अपनी-अपनी स्ट्रीम में टॉप किया है। NDA में 2022 में पहली बार महिला कैडेट्स को प्रवेश मिला था।

NDA के डिनर प्रोग्राम की 2 फोटो

राजनाथ सिंह ने NDA के डिनर कार्यक्रम में कैडेट्स से मुलाकात भी की।
राजनाथ सिंह ने NDA के डिनर कार्यक्रम में कैडेट्स से मुलाकात भी की।
रक्षा मंत्री NDA कैडेट्स के पैरेंट्स से भी मिले।
रक्षा मंत्री NDA कैडेट्स के पैरेंट्स से भी मिले।

राजनाथ सिंह की स्पीच की 5 बड़ी बातें

1. माता-पिता के त्याग से यहां तक पहुंचे कैडेट्स- कैडेट्स को इस मुकाम तक पहुंचाने में माता-पिता का बड़ा योगदान है। परिवार ने वर्षों तक अनुशासन, मार्गदर्शन और त्याग के जरिए बच्चों को सेना में जाने के लिए तैयार किया। नेतृत्व की पहली सीख परिवार से मिलती है, जहां बच्चे जिम्मेदारी निभाना और मुश्किलों का सामना करना सीखते हैं।

2. NDA ने सामान्य छात्रों को सैन्य अधिकारी बनाया- कैडेट्स ने ट्रेनिंग के दौरान खुद को पूरी तरह बदला है। वे सामान्य छात्रों से भविष्य के सैन्य अधिकारी बने हैं। NDA में शारीरिक ताकत के साथ चरित्र, नेतृत्व क्षमता और दूसरों के प्रति संवेदनशीलता भी विकसित की जाती है। ये युवा अधिकारी आगे हजारों सैनिकों का नेतृत्व करेंगे।

3. सेना की नौकरी नहीं, बड़ी जिम्मेदारी है- सेना में सेवा करना सिर्फ नौकरी नहीं, बल्कि एक बड़े परिवार का हिस्सा बनना है। सैनिकों को ड्यूटी के लिए परिवार से दूर रहना पड़ता है। कई बार वे त्योहार और परिवार के खास मौके भी नहीं मना पाते। देश की ड्यूटी व्यक्तिगत सुविधाओं से ऊपर होती है।

4. सैनिकों के परिवार भी त्याग और सम्मान के हकदार- सीमा पर तैनात सैनिक सिर्फ देश की रक्षा नहीं करते, बल्कि स्कूलों, अस्पतालों और फैक्ट्रियों की सुरक्षा भी सुनिश्चित करते हैं। सैनिकों के परिवार भी उनके साथ बराबर का त्याग करते हैं और सम्मान के हकदार हैं।

5. विकसित भारत बनाने में युवाओं की अहम भूमिका- 2047 तक भारत को विकसित और शक्तिशाली देश बनाने में युवा सैन्य अधिकारियों की अहम भूमिका होगी। राजनाथ सिंह ने माता-पिता से अपील की कि वे आगे भी अपने बच्चों के लिए प्रेरणा बने रहें।

NDA से 12 विदेशी कैडेट्स भी पास आउट

NDA के 151वें कोर्स में कुल 365 कैडेट्स ने ट्रेनिंग पूरी की। इनमें 12 कैडेट्स मित्र देशों के हैं। कोर्स में पहली बार दो महिला कैडेट्स ने अपनी-अपनी स्ट्रीम में पहला स्थान हासिल किया है।

राजस्थान के चित्तौड़गढ़ की गार्गी पालीवाल ने कंप्यूटर साइंस और दिव्या गोदारा ने आर्ट्स स्ट्रीम में टॉप किया।

NDA में 2022 में पहली बार महिला कैडेट्स को प्रवेश मिला था। इसके चार साल बाद दोनों ने यह उपलब्धि हासिल की है।

  • गार्गी पालीवाल: उन्हें चीफ ऑफ द नेवल स्टाफ ट्रॉफी और कमांडेंट सिल्वर मेडल दिया जाएगा।
  • दिव्या गोदारा: उन्हें चीफ ऑफ द एयर स्टाफ ट्रॉफी और कमांडेंट सिल्वर मेडल मिलेगा।
  • आयुष कुमार: उन्हें चीफ ऑफ द आर्मी स्टाफ ट्रॉफी और कमांडेंट सिल्वर मेडल मिलेगा। साइंस स्ट्रीम में पहला स्थान हासिल किया।
  • प्रशांत कुमार: उन्हें CISC, मुख्यालय IDS ट्रॉफी और कमांडेंट सिल्वर मेडल दिया जाएगा। BTech स्ट्रीम में पहले से छठे टर्म तक मेरिट में पहला स्थान हासिल किया।

गार्गी ने बताया कि शुरुआत में पढ़ाई और फिजिकल ट्रेनिंग मुश्किल लगी, लेकिन धीरे-धीरे उन्होंने खुद को संभाल लिया। उन्होंने सफलता का श्रेय माता-पिता, सीनियर्स और इंस्ट्रक्टर्स को दिया। उनके बड़े भाई सेना में अधिकारी हैं और बहन आर्म्ड फोर्सेज मेडिकल कॉलेज (AFMC) से MBBS कर रही हैं।

.

    Local NEWS

    Today Weather Update

    Our Group Site Links