- Hindi News
- Local
- Haryana
- Panipat
- Panipat Clash: Youth Attacked With Bricks & Flower Pot In Ashok Vihar
पानीपत में छत से गमला फेंक युवक का सिर फोड़ा:झगड़े पर टोकने से भड़के हमलावर, हमले के बाद बरसाईं ईंटें; तीन घायल
- कॉपी लिंक

पानीपत की अशोक विहार कॉलोनी में दो गुटों के बीच हो रहे झगड़े को लेकर पड़ोसियों को टोकना एक परिवार को भारी पड़ गया। आरोप है कि 5 युवकों ने पहले युवक और उसके परिवार के साथ मारपीट की। इसके बाद आरोपी दो मंजिला मकान की छत पर चढ़ गए।
आरोप है कि छत से सौरभ ने गमला उठाकर नीचे खड़े सुमित के सिर पर दे मारा। इसके बाद आरोपियों ने छत से ईंटें बरसाईं। हमले में सुमित बेहोश हो गया, जबकि पड़ोसन पम्मी और उसका दोस्त सोनू भी ईंट लगने से घायल हो गए।
सुमित की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे रोहतक पीजीआई रेफर किया था, लेकिन परिजनों ने उसे निजी अस्पताल प्रेम अस्पताल में भर्ती कराया। थाना किला पुलिस ने 5 युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

घर के सामने झगड़ा रोकने पर मारपीट
अशोक विहार कॉलोनी निवासी रिशिपाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 15 नवंबर की रात करीब साढ़े 9 बजे उसका भतीजा सुमित अपने दोस्त सोनू के साथ घर आया हुआ था। इसी दौरान पड़ोसी नितिन, आकाश, सौरभ, गौरव और सनी समेत कुछ युवक आपस में झगड़ते हुए उनके मकान के सामने आ गए। शोर सुनकर अन्य पड़ोसी भी घरों से बाहर निकल आए।
रिशिपाल के अनुसार, उसने युवकों को अपने मकान के सामने झगड़ा करने से मना किया। इस पर आरोपी गाली-गलौज करने लगे और कहने लगे कि पहले तुम्हें ही देखते हैं। आरोप है कि इसके बाद उन्होंने रिशिपाल और उसके परिवार के साथ मारपीट शुरू कर दी।
छत पर चढ़कर युवक के सिर पर मारा गमला
शिकायत के अनुसार, इसी दौरान आरोपी सौरभ के चाचा मोहन के दो मंजिला मकान की छत पर चढ़ गए। वहां से सौरभ ने गमला उठाकर नीचे खड़े सुमित के सिर पर दे मारा। इसके बाद अन्य आरोपियों ने छत से ईंटें फेंकनी शुरू कर दीं।
ईंट लगने से पड़ोसन पम्मी के सिर और सुमित के दोस्त सोनू को भी चोट लगी। गमला लगने से सुमित मौके पर ही बेहोश हो गया। आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
परिजन सुमित को सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां से डॉक्टरों ने उसे रोहतक रेफर कर दिया। बाद में परिजनों ने उसे प्रेम अस्पताल में भर्ती कराया।
पुलिस के अनुसार, सुमित की मेडिकल रिपोर्ट में 3 चोटें दर्ज की गई हैं। घटनास्थल पर एफएसएल टीम ने पहुंचकर खून से सनी मिट्टी और अन्य साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने टूटे हुए गमले के टुकड़े भी कब्जे में लिए हैं।
रिशिपाल की शिकायत पर नितिन, आकाश, सौरभ, गौरव और सनी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 191(2), 190, 110 और 351(3) के तहत मुकदमा नंबर 313 दर्ज किया गया है।






















