- Hindi News
- Db original
- Bilkis Bano Case Update | Convicts Bail Controversy & Husband Statement
भास्कर एक्सक्लूसिवबिलकिस के दोषियों की सजा सस्पेंड, पति बोले-अब कहां जाएं:बिलकिस को खबर नहीं दी, वकील ने कहा- क्या मजाक चल रहा
- कॉपी लिंक

‘ये लोग हमें जीने नहीं देंगे क्या। 17 साल तक हम छिपते रहे। 20 से ज्यादा घर बदले। तब इन 11 दोषियों को उम्रकैद मिली थी। हम थोड़ा सा सेटल होना शुरू करते हैं, ये कुछ नया कर देते हैं। ’
बिलकिस बानो के पति याकूब को जब खबर मिली कि बिलकिस से गैंगरेप के दो दोषियों को जमानत मिल गई है, तो बस इतना ही बोल पाए।
सुप्रीम कोर्ट ने 28 अक्टूबर को 11 दोषियों में से बिपिनचंद्र जोशी और प्रदीप मोधिया की उम्रकैद की सजा सस्पेंड कर दी थी। 16 नवंबर को ये खबर सामने आई। बिलकिस की वकील शोभा गुप्ता भी कहती हैं- मैं हैरान हूं कि जमानत कैसे मिल गई, वो भी सजा निलंबित करके।
पति बोले- बिलकिस को खबर देने की हिम्मत नहीं हो रही
बिलकिस के रिश्तेदार रज्जाक, याकूब और बिलकिस की लड़ाई में शुरुआत से साथ हैं। याकूब और बिलकिस बाहरी दुनिया या मीडिया से वकील शोभा गुप्ता और रज्जाक के जरिए ही कॉन्टैक्ट करते हैं। सुरक्षा की वजह से फोन भी नहीं रखते।
हमने रज्जाक से पूछा कि ये खबर मिलने के बाद याकूब और बिलकिस ने क्या कहा। रज्जाक बताते हैं, ‘याकूब ने कहा कि क्या ये लोग हमें जीने नहीं देंगे। ये कहते हुए चुप हो गए।’
‘मैंने पूछा- क्या बिलकिस को बताया। याकूब ने जवाब दिया- नहीं। हिम्मत नहीं हो रही। उसका डर क्या फिर जिंदा कर दूं। उससे कहूं कि फिर हमारी आजादी छिन गई। फिर लड़ना होगा। डरकर रहना होगा। अगर उसे पता चला, तो सदमे में चली जाएगी। 15 अगस्त 2022 को ये लोग जेल से बाहर आए थे और खुलेआम जश्न मना था, तब भी बिलकिस सदमे में चली गई थी।’
‘हमारी आंखों के सामने ये लोग माला डाले खड़े थे। उनका स्वागत ऐसे हो रहा था, जैसे आजादी की लड़ाई जीतकर आए हों। हां, इस बार जश्न नहीं मना। सब सीक्रेट तरीके से हुआ। पिछली बार इनके जश्न की फोटो ने ही एक्सपोज कर दिया था। इस बार इन्होंने माला नहीं पहनी।’

बिलकिस का गांव रंधीकपुर गुजरात के दाहोद में है। उनसे गैंगरेप के 11 में से 10 दोषी 2-3 किलोमीटर के दायरे में रहते थे। प्रदीप मोधिया बिलकिस के घर से महज 200 मीटर दूर रहता था। राधेश्याम करीब 300 मीटर दूर। मितेश भट्ट, शैलेश भट्ट का घर भी लगभग इतनी ही दूरी पर है। सिर्फ बिपिन चंद्र वडोदरा में रहता था।
बिलकिस की वकील बोलीं- मजाक चल रहा है क्या
दोषियों को जमानत मिलने पर बिलकिस की वकील शोभा गुप्ता कहती हैं, 'क्या ये मजाक चल रहा है। मैंने पहली बार केस लड़ना शुरू किया था, तब मेरा करियर 7 साल का था, अब 32 साल का है। 25 साल से इस केस का भूत पीछा नहीं छोड़ रहा। सुप्रीम कोर्ट ने कहा था कि 17 साल बिलकिस घुमंतुओं, बेघरों की तरह भागती-छिपती रही। वही कोर्ट दोषियों को दया याचिका पर छोड़ देता है।’
फैसले पर 5 सवाल…
1. दो गुनहगार मेडिकल ग्राउंड पर छूट जाते हैं। क्या जेल के अंदर ट्रीटमेंट का प्रावधान नहीं है। क्या ये विक्टिम के साथ मजाक नहीं है। हैरानी इस बात की है कि जमानत सजा सस्पेंड करके दी गई। आसाराम बापू को बेल मिलती है, तो उसमें भी सजा निलंबित नहीं की जाती। क्या ये पब्लिक सर्वेंट थे, क्या इन्हें चुनाव लड़ना है, जो सजा सस्पेंड करना जरूरी था। रेयर ऑफ द रेयरेस्ट केस में ही सजा सस्पेंड के साथ जमानत मिलती है।
2. आर्डर में लिखा है कि आरोपी फिजिकली हैंडीकैप्ड है। क्या वो वारदात के वक्त भी फिजिकली हैंडीकैप्ड था। ये तो कहीं केस में नहीं लिखा।
3. बिलकिस इस केस में पार्टी है। अगस्त 2022 में इन लोगों को छोड़ा गया था, तब भी बिलकिस को कोई नोटिस नहीं दिया गया। इस बार भी बिलकिस को पार्टी नहीं बनाया गया। कानूनन ऐसा करना जरूरी है।
4. कोर्ट ने आरोपी के देर से अपील करने को इस लिहाज से ठीक ठहरा दिया कि वो कस्टडी में थे। पिछली रिहाई के बाद ये लोग महीनों बाहर रहे। जेल में रहते हुए भी 3-4 साल पैरोल और फरलो पर बाहर रहे। और आर्डर में तर्क दिया गया है कि ये लोग कस्टडी में थे, इसलिए ट्रीटमेंट के लिए अपील नहीं कर पाए।
5. बिपिन और प्रदीप ने बॉम्बे हाईकोर्ट के 2017 के सजा बरकरार रखने के फैसले को चुनौती दी थी। सजा के दौरान प्रदीप माेधिया 3 साल 4 महीना 19 दिन बाहर रहा। 1011 दिन पैरोल पर और 223 दिन फरलो पर। बिपिन चंद्र जोशी के भी 2 साल 11 महीने 14 दिन जेल से बाहर कटे। पैरोल पर 909 दिन और फरलो पर 170 दिन।

बाकी दोषियों पर इस फैसले का क्या असर होगा?
शोभा गुप्ता कहती हैं, ‘हमने ट्रेंड देखा है। कोई एक टेस्ट केस की तरह आता है। उसके बाद वो फ्लड गेट खोल देते हैं। पहले जब रिहाई हुई थी, तब अकेला राधेश्याम आया था। उसने आर्डर लिया। इसके बाद सबकी रिहाई हो गई थी। अब भी आर्डर में बड़ी गलती है। कोर्ट ने सजा ही सस्पेंड कर दी है। कोर्ट ने ये नहीं लिखा पिटीशनर्स के लिए सजा सस्पेंड हो रही है। अगर दो लोगों को जमानत मिल गई, तो बाकी लोग ट्राई क्यों नहीं करेंगे।’
क्या फैसले को चुनौती देंगे? शोभा गुप्ता ने कहा कि और कोई ऑप्शन नहीं है।

आरोपी के वकील बोले- दोषी 17 साल जेल काट चुके, बुजुर्ग हैं, मीडिया ट्रायल मत कीजिए
दोषियों की तरफ से सीनियर एडवोकेट सिद्धार्थ लूथरा केस लड़ रहे हैं। हमने पहले उनसे बात की।
रिपोर्टर: दो लोग अभी रिहा हुए हैं, बिपिन जोशी और प्रदीप मोधिया।
सिद्धार्थ लूथरा: 28 को फैसला आया था। आज छूटे हैं।
रिपोर्टर: किस आधार पर?
सिद्धार्थ लूथरा: 17 साल सजा काट चुके थे। बुजुर्ग हैं, उम्र है, बीमारियां हैं इसलिए। दोनों में से एक चल भी नहीं पा रहा था।
रिपोर्टर: कौन नहीं चल पा रहा था?
सिद्धार्थ लूथरा: अब मुझे याद नहीं। मैं दिन में दो-चार केस करता हूं। हर आदमी के फैक्ट्स अगर याद रखूं तो मुश्किल हो जाएगी।
सिद्धार्थ लूथरा ने आगे बात नहीं की। व्यस्त होने की बात कहकर एडवोकेट आयुष आनंद का नंबर दिया। हमने आगे उनसे बात की।
रिपोर्टर: बिलकिस वाले केस में दो आरोपी रिहा हुए हैं। ये किस ग्राउंड पर रिहा हुए हैं?
आयुष: ऑर्डर में सब लिखा हुआ है। आप मीडिया ट्रायल मत कीजिए। मैं AOR (एडवोकेट-ऑन-रिकॉर्ड) हूं, तो मुझे सारी चीजें पता भी नहीं हैं।
रिपोर्टर: अपील का स्टेटस क्या है?
आयुष: अभी केस सुप्रीम कोर्ट में पेंडिंग है।
रिपोर्टर: अभी उन्हें बेल मिली है?
आयुष: सिंपल मेडिकल और उनके लॉन्ग इंकार्सरेशन, यानी लंबे समय तक जेल में रहने के ग्राउंड पर बेल मिली है। उनकी अपील की हियरिंग अभी होनी है। इसमें ऐसा कुछ नहीं है, जिसे लेकर हाइप किया जाए।
रिपोर्टर: बिपिन को मेडिकल ग्राउंड पर क्या प्रॉब्लम थी?
आयुष: वो लिखा हुआ है ऑर्डर में। आपको 18 दिन बाद ये कैसे पता चला?
रिपोर्टर: मुझे बिलकिस की तरफ से पता चला कि ये लोग रिहा हो गए हैं।
आयुष: ठीक है, तो जो ऑर्डर में लिखा हुआ है वही है। और अपील अभी SLP में पेंडिंग है, मेडिकल ग्राउंड है।
रिपोर्टर: दूसरी सुनवाई कब है?
इसके बाद आयुष की तरफ से फोन कट गया।

2022 में भी सभी दोषियों को रिहाई हुई, सुप्रीम कोर्ट ने वापस जेल भेजा
2002 में गुजरात दंगों के वक्त हुए बिलकिस बानो गैंगरेप केस के 11 दोषियों को 15 अगस्त, 2022 को गुजरात सरकार ने जेल से रिहा कर दिया था। सभी जेल से घर लौटे और तीर्थयात्रा पर निकल गए।
बिलकिस इस फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट चली गईं। 8 जनवरी 2024 को सुप्रीम कोर्ट ने गुजरात सरकार के रिहाई आदेश को अवैध करार देते हुए रद्द कर दिया। सभी दोषियों को दो हफ्ते में सरेंडर करने का निर्देश दिया। 21 जनवरी 2024 को दोषियों को वापस गोधरा जेल जाना पड़ा।
उस दौरान दैनिक भास्कर ने बिलकिस के गांव रंधीकपुर से रिपोर्ट की थी। ये गांव गांधीनगर से 194 किमी दूर दाहोद में है। हम दो बार दोषियों के घर गए। अगस्त में कोई घर नहीं मिला, लेकिन सितंबर में तीन दोषियों से मुलाकात हो गई थी। हालांकि, प्रदीप और बिपिन तब भी नहीं मिले थे।
हम प्रदीप के घर पहुंचे, तो आसपास के लोगों ने कहा कि अभी यहीं थे। शायद कहीं चले गए हैं। घर में ताला नहीं लगा था। प्रदीप की पत्नी काफी पहले चल बसी थीं। बच्चे अहमदाबाद में रहते हैं। वहीं, बिपिन वडोदरा में रहता था। बहुत कोशिशों के बाद भी उसका पता नहीं मिला था।

पत्थलगड़ी के जंगल में बिलकिस समेत 6 महिलाओं से गैंगरेप, 13 मर्डर
27 फरवरी 2002 को अयोध्या से गुजरात आ रही साबरमती एक्सप्रेस के दो कोच में आग लगा दी गई थी। इसमें 59 तीर्थयात्री मारे गए। गुजरात में कई जगह सांप्रदायिक हिंसा भड़क गई। गोधरा से करीब 50 किलोमीटर दूर दाहोद का रंधीकपुर गांव भी इसकी चपेट में आ गया। बिलकिस अपने ससुराल देवघर बारिया से यहां परिवार के साथ ईद मनाने आई थीं।
शाम को बस्ती के भीतर भीड़ घुस आई। डर की वजह से बस्ती खाली होने लगी। बिलकिस और उनके पति याकूब परिवार के साथ निकल गए। याकूब तो गोधरा रिलीफ कैंप तक सही सलामत पहुंच गए, लेकिन बिलकिस और उसके साथ के 15 लोग अलग हो गए। वे देवघर बारिया पहुंचने के शॉर्टकट के लिए जंगल के रास्ते निकले थे।
बिलकिस के साथ निकले 15 लोगों में उनकी दो बहनें थीं। एक उनसे कुछ बड़ी और एक 13 साल की। 45 साल की उनकी मां हलीमा और पिता भी थे। 3 मार्च 2002 को भीड़ ने उन्हें पत्थलपाणी के जंगल में घेर लिया।
5 महीने की प्रेग्नेंट बिलकिस की ढाई साल की बच्ची का हाथ छुड़ाकर उसे खाईं में फेंक दिया गया। उसके साथ गैंगरेप हुआ और पेट में पल रहा बच्चा भी नहीं बच सका। बिलकिस की मां हलीमा और उनकी दो बहनों का भी गैंगरेप हुआ। बिलकिस और एक बच्चे सद्दाम के अलावा सभी की हत्या कर दी गई।
खबर अभी बाकी है!

- पसंद की खबरें
- खबर सबसे तेज
- लाइव अपडेट






















